ECI By-Election Results 2022: उपचुनाव रिजल्ट, बंगाल-बिहार में BJP को झटका
बंगाल में लोकसभा की आसनसोल सीट और विधानसभा की बालीगंज सीट पर हुए उपचुनाव के नतीजे आज आ गए। बंगाल में आसनसोल लोकसभा सीट और बालीगंज विधानसभा सीट पर टीएमसी विजयी हुई जबकि बिहार की बोचहां सीट पर राजद के खाते में गई। इन सीटों पर उप चुनाव 12 अप्रैल को हुए। बंगाल में भाजपा को इस चुनाव में झटका लगा है।
हिंसा की मामूली घटनाओं को छोड़कर पश्चिम बंगाल में आसनसोल लोकसभा सीट और बालीगंज विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए मंगलवार को मतदान आमतौर पर शांतिपूर्ण रहा। एक अधिकारी ने बताया कि आसनसोल लोकसभा सीट पर शाम पांच बजे तक 64.03 प्रतिशत वोट पड़े जबकि बालीगंज सीट पर 41.10 फीसदी मतदान हुआ। महाराष्ट्र के कोल्हापुर नॉर्थ सीट कांग्रेस विधायक चंद्रकांत जाधव के निधन से खाली हुई थी। गत दिसंबर में जाधव की कोविड की वजह से मौत हुई। इस सीट पर उपचुनाव में कुल 15 उम्मीदवार चुनाव मैदान में थे।
आसनसोल सीट पर विजयी हुए शत्रुघ्न सिन्हा
आसनसोल लोकसभा सीट पर टीएमसी उम्मीदवार शत्रुघ्न सिन्हा ने जीत हासिल की है। सिन्हा ने बीजेपी की अग्निमित्रा पाल को 1.75 लाख से ज्यादा वोटों के अंतर से हराया है। हार के बाद पाल ने कहा कि चुनाव में कुछ कमियां रह गईं और वह जमीनी स्तर लोगों के लिए काम करेंगी।
There were some shortcomings from our end because of which we had to face defeat. Public's verdict will be accepted. Few cases of rigging were seen at some places but central forces worked really well. We'll work at grassroots levels in the forthcoming days:BJP MLA Agnimitra Paul pic.twitter.com/2LUd469sHX
— ANI (@ANI) April 16, 2022
पासवान ने मतदाताओं को धन्यवाद कहा
बोचहां सीट पर जीत दर्ज करने के बाद राजद उम्मीदवार अमर कुमार पासवान चुनाव ने अपने निर्वाचन क्षेत्र के मतदाताओं को धन्यवाद दिया है।
बोचहां सीट: आरजेडी की बंपर जीत
25वें चक्र की मतगणना के बाद आरजेडी उम्मीदवार अमर पासवान को 82547 मत, बीजेपी उम्मीदवार बेबी कुमारी को 45889 मत और मुकेश सहनी की विकासशील इंसान पार्टी की गीता कुमारी को 29276 मत मिले हैं।
बालीगंज उप चुनाव : बाबुल सुप्रियो जीते
आसनसोल की टीएमसी की बड़ी जीत शत्रुघ्न सिन्हा का अभी तक 1.91 लाख का मार्जिन है। इससे पहले 2019 में बीजेपी उम्मीदवार के रूप में बाबुल सुप्रियो ने 1.97 लाख का अंतर हासिल किया था। मतगणना जारी है। ऐसा लगता है कि पिछला मार्जिन पार हो जाएगा।
उपचुनाव, विस की सभी सीटों पर BJP पीछे
19वें दौर के बाद RJD उम्मीदवार को 25 हजार की बढ़त
19 वें चक्र की मतगणना के बाद आरजेडी उम्मीदवार अमर पासवान को 62729 मत, बीजेपी उम्मीदवार बेबी कुमारी को 35595 मत और मुकेश सहनी की विकासशील इंसान पार्टी की गीता कुमारी को 20363 मत मिले हैं। इस तरह से 19 वें चक्र के बाद आरजेडी उम्मीदवार ने बीजेपी उम्मीदवार पर करीब 27 हजार से अधिक मतों से बढ़त बना ली है।
बंगाल की दोनों सीटें हार सकती है भाजपा
बालीगंज विधानसभा सीट और आसनसोल लोकसभा सीट पर टीएमसी की जीत तय मानी जा रही है। बालीगंज में 16वें राउंड में बाबुल सुप्रियो 14084 से आगे चल रहे हैं वहीं आसनसोल में टीएमसी के शत्रुघ्न सिन्हा अपनी बढ़त 1.10 लाख से ज्यादा की कर चुके हैं।
कोल्हापुर नॉर्थ सीट पर वोटों की गिनती जारी
कोल्हापुर नॉर्थ सीट पर 13वें दौर का मतों की गिनती में कांग्रेस उम्मीदवार जाधव को 4386 वोट और भाजपा प्रत्याशी कदम को 2432 वोट मिले हैं। वहीं, खैरागढ़ सीट पर नौवें दौर की मतगणना का काम पूरा हो गया है। इस दौर में भाजपा उम्मीदवार जंघेल को 4304 वोट और कांग्रेस उम्मीदवार यशोदा को 4310 वोट मिले हैं।
कोल्हापुर नॉर्थ सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी आगे चल रहीं
कोल्हापुर नॉर्थ सीट पर 12वें दौर की काउंटिंग पूरी हो गई है। इस चरण में कांग्रेस उम्मीदवार जाधव जयश्री को 4856 वोट और भाजपा प्रत्याशी सत्यजीत कदम को 2719 वोट मिले हैं। इस सीट पर गत 12 अप्रैल को उपचुनाव हुआ। कांग्रेस प्रत्याशी पहले चरण की काउंटिंग से ही बढ़त बनाई हुई हैं।
उपचुनावों के रुझान BJP के लिए अच्छे संकेत नहीं
उपचुनाव के रुझान कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों के अच्छे संकेत दे रहे हैं। इन सीटों पर चुनाव आयोग के अब तक के अपडेट्स के मुताबिक महाराष्ट्र की कोल्हापुर नॉर्थ सीट पर नौवें दौर की काउंटिंग पूरी हो गई है। इस सीट पर कांग्रेस उम्मीदवार आगे है। वहीं, छत्तीसगढ़ की खैरागढ़ सीट पर भी कांग्रेस बढ़त बनाए हुए है। खैरागढ़ सीट पर 7वें दौर की मतगणना पूरी हो गई है। इस सीट पर भाजपा उम्मीदवार कोमल जंघेल पीछे चल रहे हैं।
उपचुनाव : बिहार, बंगाल, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़ में BJP पीछे
बंगाल की संसदीय औऱ विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव की मतगणना जारी है। आसनसोल संसदीय सीट और बालीगंज विधानसभा सीट, दोनों ही जगह बीजेपी उम्मीदवार पीछे चल रहे हैं। वहीं बिहार के बोचहां सीट पर राजद उम्मीदवार आगे चल रहा है। 14 वें चक्र की मतगणना के बाद आरजेडी उम्मीदवार अमर पासवान को 46292 मत, बीजेपी उम्मीदवार बेबी कुमारी को 25238 मत और मुकेश सहनी की विकासशील इंसान पार्टी की गीता कुमारी को 15 754 मत मिले हैं।
उपचुनाव में पिछड़ती दिख रही BJP
कोल्हापुर नॉर्थ सीट पर पांचवें दौर की मतगणना पूरी हो गई है। पांचवें दौर में कांग्रेस उम्मीदवार को 22691 वोट और भाजपा प्रत्याशी को 15944 वोट मिले हैं। नेशनल सोशलिस्ट पार्टी-यूनाइटेड के उम्मीदवार को 80 वोट मिले हैं। छत्तीसगढ़ की खैरागढ़ सीट पर भी कांग्रेस उम्मीदवार आगे चल रहा है। बिहार की बोचहां सीट पर राजद प्रत्याशी और आसनसोल लोकसभा एवं बालीगंज विधानसभा सीट पर टीएमसी उम्मीदवार आगे हैं।
बोचहां सीट पर राजद आगे
बिहार की बोचहां सीट पर 10वें चक्र की काउंटिंग पूरी हो गई है। इस सीट पर राजद उम्मीदवार अमर पासवान बढ़त बनाए हुए हैं। भाजपा की बेबी कुमारी दूसरे और वीआईपी की गीती कुमारी तीसरे स्थान पर हैं। 10वें चक्र के बाद आरजेडी उम्मीदवार ने बीजेपी उम्मीदवार पर करीब 13,311 मतों से बढ़त बना ली है।
खैरागढ़, कोल्हापुर नॉर्थ सीट पर कांग्रेस आगे
उप चुनाव के नतीजों पर चुनाव आयोग की तरफ से ताजा अपडेट्स जारी हो रहे हैं। खैरागढ़ सीट पर तीन राउंड की मतों की गिनती पूरी हो गई है। इस सीट पर कांग्रेस उम्मीदवार आगे है वहीं, महाराष्ट्र की कोल्हापुर नॉर्थ सीट पर दूसरे राउंड की काउंटिंग पूरी हो गई है। यहां भी कांग्रेस प्रत्याशी भाजपा से आगे है।
आसनसोल, बालीगंज दोनों जगहों पर टीएमसी आगे
चुनाव आयोग के मुताबिक आसनसोल लोकसभा सीट और बालीगंज विधानसभा सीट दोनों जगहों पर टीएमसी उम्मीदवार आगे चल रहे हैं। आसनसोल सीट से अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा टीएमसी उम्मीदवार हैं जबकि बालीगंज सीट से बाबुल सुप्रियो चुनाव मैदान में हैं। इन दोनों सीटों पर पहले राउंड की काउंटिंग पूरी हो गई है।
कोल्हापुर नार्थ सीट पर कांग्रेस को बढ़त
चुनाव आयोग के मुताबिक कोल्हापुर नॉर्थ सीट पर शुरुआती रुझान मिल गए हैं। इस सीट पर पहले राउंट की काउंटिंग पूरी हो गई है। अब तक के रुझान के मुताबिक कांग्रेस के उम्मीदवार जाधव जयश्री चंद्रकांत को 4856 वोट जबकि भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार को अब तक 2719 वोट मिले हैं।
कोल्हापुर नॉर्थ सीट पर कांग्रेस को बढ़त
चुनाव आयोग की ओर से जारी ताजा रुझान में कोल्हापुर नॉर्थ सीट पर कांग्रेस ने बढ़त बनाई है। इस सीट पर वोटों की गिनती जारी है।
बालीगंज सीट पर टीएमसी की बढ़त
चुनाव आयोग के मुताबिक ताजा रुझान में बालीगंज सीट पर टीएमसी ने बढ़त बनाई है। इस सीट पर टीएमसी की तरफ से बाबुल सुप्रियो हैं। सुप्रियो भाजपा छोड़कर टीएमसी में शामिल हुए हैं। इस सीट पर 12 अप्रैल को मतदान हुआ।
बोचहां सीट पर राजद उम्मीदवार आगे
बालीगंज सीट पर वोटों की गिनती जारी
बंगाल की बालीगंज सीट पर वोटों की गिनती जारी है। यहां से टीएमसी उम्मीदवार बाबुल सुप्रियो का कहना है कि इस सीट पर 41 प्रतिशत मतदान हुआ है जो कि फर्जी वोटिंग के आरोपों को झूठा बताता है। फर्जी वोटिंग हुई होती तो मतदान का प्रतिशत इससे कहीं ज्यादा होता।
सभी सीटों पर आने शुरू होंगे रुझान
आसनसोल लोकसभा सीट एवं बालीगंज, कोल्हापुर नार्थ, खैरागढ़ एवं बोचहां विधानसभा सीट पर वोटों की गिनती जारी है। थोड़ी देर में इन सभी सीटों पर रुझान आने शुरू हो जाएंगे।
पहले मतपत्रों की गिनती
आसनसोल लोकसभा सीट एवं बालीगंज, कोल्हापुर नार्थ, खैरागढ़ एवं बोचहां सीट पर पहले मतपतों की गिनती की जा रही है। इसके बाद इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीन से वोटों की गिनती का काम शुरू होगा। साथ ही इन सभी सीटों के लिए रुझान आने शुरू होंगे जिससे पता चलेगा कि कौन सा उम्मीदवार आगे और कौन पीछे चल रहा है।
वोटों की गिनती शुरू
आसनसोल लोकसभा सीट और कोल्हापुर नॉर्थ, खैरागढ़, बालीगंज एवं बोचहा विधानसभा सीट पर वोटों की गिनती सुबह आठ बजे शुरू हो गई। इन सीटों के पहले रुझान आएंगे। इन सीटों पर वोटिंग गत 12 अप्रैल को हुई थी।
मतदान के लिए 291 मतदान केंद्र बनाए गए
अधिकारियों ने बताया कि विधानसभा उपचुनाव में मतदान के लिए मतदाताओं में उत्साह देखा गया तथा बड़ी संख्या में महिलाओं ने भी मतदान में हिस्सा लिया। उनके अनुसार क्षेत्र में तेज गर्मी के बावजूद मतदाता सुबह से ही कतार में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार करते रहे। खैरागढ़ विधानसभा क्षेत्र में दो लाख 11 हजार 516 मतदाता हैं। जिसमें पुरुष मतदाताओं की संख्या एक लाख छह हजार 266 तथा महिला मतदाता एक लाख पांच हजार 250 हैं। क्षेत्र में सुचारू रूप से मतदान के लिए 291 मतदान केंद्र बनाए गए थे।
सबसे पहले डाक मतपत्रों की होगी गिनती
राजनांदगांव के जिलाधीश और जिला निर्वाचन अधिकारी तारन प्रकाश सिन्हा ने शुक्रवार को यहां बताया कि खैरागढ़ विधानसभा सीट के लिए मंगलवार को मतों की गिनती की जाएगी। सिन्हा ने बताया कि 16 अप्रैल को मतगणना का कार्य सुबह आठ बजे से राज्य बीज विकास निगम के गोदाम में शुरू होगा। सबसे पहले डाक मतपत्रों की गणना की जाएगी। उसके बाद ईवीएम से गणना का कार्य शुरू किया जाएगा।
सुबह आठ बजे से होगी वोटिंग
चुनाव आयोग की एक लोकसभा और चार विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के तहत वोटों की गिनती सुबह आठ बजे से शुरू करेगा। नतीजों से पहले सीटों पर रुझान आएंगे। https://results.eci.gov.in/ पर सीटों के रुझान एवं नतीजे देखे जा सकते हैं।
12 अप्रैल को हुआ था मतदान
पश्चिम बंगाल की आसनसोल लोकसभा सीट और बालीगंज विधानसभा सीट, छत्तीसगढ़ की खैरागढ़ विधानसभा सीट, बिहार की बोचहा विधानसभा सीट और महाराष्ट्र की कोल्हापुर नॉर्थ विधानसभा सीट पर हर किसी की नजर टिकी है। खास बात यह है कि पश्चिम बंगाल में टीएमसी के लिए दोनों सीटें अहम हैं तो बीजेपी के लिए इसलिए अहम है क्योंकि बीजेपी के टिकट पर ही बाबुल सुप्रियो चुनाव जीते थे। लेकिन अब वो बीजेपी के हिस्सा नहीं हैं। इसी तरह बोचहां सीट पर मुकेश सहनी की प्रतिष्ठा दांव पर लगी हुई है।
सुबह आठ बजे से मतगणना
बिहार के बोचहां, पश्चिम बंगाल के आसनसोल लोकसभा सीट के साथ बालीगंज,कोल्हापुर, खैरागढ़ पर हर किसी की नजर टिकी है बाजा किसके हाथ लगती है। इन सभी सीटों पर मतगणना सुबह आठ बजे से शुरू होगी। करीब 1 से 1.30 घंटे के बाद धीरे धीरे तस्वीर सामने आने लगेगी। आसनसोल सीट पर टीएमसी की तरफ से शत्रुघ्न सिन्हा चुनावी मैदान में हैं। बता दें कि इस सीट से बाबुल सुप्रियो बीजेपी से सांसद थे। लेकिन बीजेपी छोड़ने के बाद उन्होंने सांसद पद से भी इस्तीफा दे दिया था।
बालीगंज से मैदान में हैं बाबुल सुप्रियो
बालीगंज में तृणमूल ने सुप्रियो, भाजपा ने केया घोष और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने सायरा शाह हलीम को मैदान में उतारा है। कांग्रेस ने भी दोनों सीट पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं। प्रसिद्ध गायक सुप्रियो ने कई बूथ का दौरा किया और गीत गाए। टीएमसी ने आरोप लगाया कि सुप्रियो को केंद्रीय बलों ने इलाके के एक बूथ में प्रवेश करने से रोक दिया।
बोचहां सीट पर 59.20 मतदाताओं ने वोट डाला
बिहार में मुजफ्फरपुर जिले की बोचहां विधानसभा सीट पर मंगलवार को उपचुनाव में शाम छह बजे तक 59.20 फीसद मतदान हुआ। बिहार के मुख्य निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय से प्राप्त जानकारी के मुताबिक बोचहां (अनुसूचित जाति आरक्षित) विधानसभा क्षेत्र में मंगलवार को शांतिपूर्ण ढंग से मतदान सम्पन्न हुआ और शाम छह बजे तक करीब 59.20 मतदाताओं ने वोट डाला।
खैरागढ़ विधानसभा सीट पर हुआ 78 फीसदी मतदान
छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित राजनांदगांव जिले में खैरागढ़ विधानसभा सीट पर मंगलवार को उपचुनाव में लगभग 78 फीसदी मतदान हुआ। राजनांदगांव जिले में निर्वाचन कार्य से जुड़े अधिकारियों ने मंगलवार को यहां बताया कि खैरागढ़ विधानसभा क्षेत्र में कड़ी सुरक्षा के बीच सुबह सात बजे मतदान प्रारंभ हुआ तथा शाम पांच बजे मतदान के समापन तक 77.88 फीसदी मतदाताओं ने वोट डाला। उनके अनुसार उनमें पुरुष मतदाता 78.92 फीसदी और महिला मतदाता 77.74 फीसदी हैं।
आसन सोल में 64.03 प्रतिशत वोट पड़े
हिंसा की मामूली घटनाओं को छोड़कर पश्चिम बंगाल में आसनसोल लोकसभा सीट और बालीगंज विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए मंगलवार को मतदान आमतौर पर शांतिपूर्ण रहा और शाम पांच बजे तक 52 फीसदी से ज़्यादा मतदान हुआ। एक अधिकारी ने बताया कि आसनसोल लोकसभा सीट पर शाम पांच बजे तक 64.03 प्रतिशत वोट पड़े जबकि बालीगंज सीट पर 41.10 फीसदी मतदान हुआ।

