Coronavirus in India: 'जांच, निगरानी, उपचार का कोई विकल्प नहीं', PM मोदी का वैक्सीन उत्पादन बढ़ाने पर जोर
देश में कोरोना वायरस संक्रमण के मामलों में तेजी से बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। कई तरह के वेरिएंट्स भी सामने आ रहे हैं, जो पहले के मुकाबले अधिक संक्रामक बताए जा रहे हैं। महाराष्ट्र में संक्रमण के सबसे अधिक मामले हैं तो दिल्ली में भी रोजाना नए रिकॉर्ड बन रहे हैं।
Coronavirus : देशभर में कोरोना वायरस संक्रमण की रफ्तार बेकाबू होती जा रही है। संक्रमण के रोजाना सामने आने वाले आंकड़े रोज एक नया रिकॉर्ड बना रहे हैं। बिगड़ते हालात की वजह से देश के समक्ष एक बड़ा संकट पैदा होता नजर आ रहा है। दिल्ली-मुंबई के साथ-साथ देश के कई हिस्सों में लोग बेहाल हैं। अस्पतालों में बेड की कमी, ऑक्सीजन सपोर्ट सिस्टम की कमी जैसी कई समस्याएं आ रही हैं। इन सबके बीच दिल्ली में वीकेंड कर्फ्यू लगा हुआ है, जो सोमवार सुबह 5 बजे तक लागू रहेगा। यहां पढ़ें कोरोना वायरस से जुड़े ताजा अपडेट्स :
पीएम मोदी ने वैक्सीन उत्पादन बढ़ाने पर दिया जोर
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोविड-19 की स्थिति पर जनस्वास्थ्य की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि जांच, निगरानी और उपचार का कोई विकल्प नहीं है। पीएम मोदी ने कोविड-19 रोगियों के लिए अस्तपाल में बिस्तरों की उपलब्धता के लिए सभी आवश्यक प्रयास किए जाने पर जोर दिया। प्रधानमंत्री ने टीका उत्पादन के लिए देश में मौजूद पूरी क्षमता के इस्तेमाल के निर्देश दिए तो यह भी कहा कि लोगों कि चिंताओं के प्रति स्थानीय प्रशासन को पहले से सक्रिय, संवेदनशील होने की जरूरत है। प्रधानमंत्री ने वेंटिलेटर की आपूर्ति, उपलब्धता की स्थिति की समीक्षा की, सही निगरानी व्यवस्था की अपील की। प्रधानमंत्री ने अधिकारियों को कोविड-19 के टीके का उत्पादन बढ़ाने के लिए साार्वजनिक एवं निजी क्षेत्रों में देश में मौजूद सभी क्षमताओं का इस्तेमाल करने का निर्देश दिया।
छत्तीसगढ़ के अस्पताल में आग
छत्तीसगढ़ में राजधानी रायपुर के एक अस्पताल में आग लग गई है। यहां कोविड मरीजों का इलाज चल रहा था। अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया, 'अभी तक 5 लोगों की मृत्यु हुई है। शार्ट सर्किट से आग लगने की बात सामने आ रही है, बाकी मरीजों को दूसरे अस्पताल में भेज दिया गया है। मामले की जांच जारी है।'
छत्तीसगढ़: रायपुर में राजधानी अस्पताल में जहां कोविड मरीजों का इलाज चल रहा था उसमें आग लग गई।
— ANI_HindiNews (@AHindinews) April 17, 2021
अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया, "अभी तक 5 लोगों की मृत्यु हुई है। शार्ट सर्किट से आग लगने की बात सामने आ रही है, बाकी मरीजों को दूसरे अस्पताल में भेज दिया गया है। मामले की जांच जारी है।" pic.twitter.com/P9xMpWRfr6
किरेन रीजीजू कोरोना वायरस से संक्रमित
केंद्रीय खेल मंत्री किरेन रीजीजू कोरोना वायरस से संक्रमित हो गए हैं। शनिवार को ट्वीट कर उन्होंने इसकी जानकारी दी और कहा कि वह डॉक्टर्स की सलाह ले रहे हैं। उन्होंने हाल में अपने संपर्क में आए लोगों से खुद को क्वारंटीन करने और जांच कराने की अपील की। रीजीजू शुक्रवार को टिहरी में 'वाटर स्पोर्ट्स एंड एडवेंचर इंस्टीट्यूट' के उद्घाटन के लिए उत्तराखंड में थे। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत भी इस उद्घाटन समारोह में उनके साथ थे, जो हाल में इस संक्रमण से उबरे हैं। इससे पहले गुरुवार को उन्होंने उत्तरकाशी जिले में निलोंग घाटी क्षेत्र का दौरा किया था, जिसमें भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के महानिदेशक सुरजीत सिंह देसवाल भी उनके साथ थे।
कोविड के हालात पर पीएम मोदी की बैठक
देश में कोविड-19 की स्थिति और टीकाकरण पर समीक्षा के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज एक उच्चस्तरीय बैठक की, जिसमें कई शीर्ष अधिकारी शामिल हुए।
Coronavirus in Madhya Pradesh: मध्य प्रदेश में 11 हजार से ज्यादा नए केस
वहीं मध्य प्रदेश में कोरोना वायरस के 11,269 नए मामले सामने आए हैं। (21.4% सकारात्मकता दर), कुल सक्रिय मामले 63,889 हुए। अभी तक 3,27,452 रोगी ठीक हो चुके हैं। 4491 की जान गई है।
Coronavirus in Gujarat: गुजरात में 9 हजार से ज्यादा नए केस
गुजरात में पिछले 24 घंटों में कोविड 19 के 9541 नए मामले सामने आए हैं। 3,783 लोग डिस्चार्ज हुए और 97 लोगों की मृत्यु दर्ज की गई। कुल मामले 3,94,221 हुए। अभी तक कुल 3,33,564 डिस्चार्ज हुए। राज्य में 55,398 सक्रिय मामले हैं। अभी तक यहां कोरोना से 5267 मौतें हुई हैं।
Coronavirus in Maharashtra: महाराष्ट्र में कोरोना के 67 हजार से ज्यादा नए केस, 419 मौतें
मुंबई में कोरोना वायरस के 8834 नए मामले सामने आए हैं। 24 घंटे में 52 मौतें हुई हैं। कुल मामले बढ़कर 5,70,832 हुए। अभी तक 4,69,961 ठीक हो चुके हैं। मुंबई में कुल सक्रिय मामले 87,369 हैं। मौत का आंकड़ा 12,294 हो गया है। वहीं महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटों में 67,123 नए मामले सामने आए हैं। इस दौरान 419 मौतें हुई हैं। सक्रिय मामले 6,47,933 हुए। 30,61,174 रोगी ठीक हो चुके हैं। राज्य में कोरोना से अब तक 59,970 की मौत हुई।
Maharashtra reports 67,123 fresh COVID cases, 56,783 discharges, and 419 deaths in the last 24 hours
— ANI (@ANI) April 17, 2021
Active cases: 6,47,933
Total discharges: 30,61,174
Death toll: 59,970 pic.twitter.com/UCRDvgmWe4
हरिद्वार: कुंभ में आज 175 साधु कोरोना पॉजिटिव
हरिद्वार के मुख्य चिकित्सा अधिकारी, डॉ. एसके झा ने बताया, 'आज कुंभ मेले में भाग लेने वाले 175 साधु कोविड 19 पॉजिटिव आए हैं; अब तक 229 साधु कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं।'
कोरोना को लेकर PM मोदी की बैठक
भारत में कोविड-19 के मामलों में भारी उछाल के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज रात 8 बजे देश में कोरोना वायरस और टीकाकरण की स्थिति पर समीक्षा बैठक करेंगे। केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों के शीर्ष अधिकारी बैठक में शामिल होंगे।
स्थिति बिगड़ने पर सख्त कदम उठाए जाएंगे: केजरीवाल
केजरीवाल ने कहा कि हम कुछ दिनों तक स्थिति पर कड़ी नजर रखेंगे। यदि स्थिति बिगड़ती है, तो हमें आपके जीवन को बचाने के लिए जो भी कदम उठाने की आवश्यकता होगी वो उठाएंगे। दिल्ली में सीमित संख्या में आईसीयू बेड्स हैं। ऑक्सीजन और आईसीयू बेड्स बहुत तेजी से घट रहे हैं। हम बेड क्षमता बढ़ाने के लिए कई कदम उठा रहे हैं। जो भी लोग दवा की जमाखोरी या कालाबाजारी करते पाए जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
दिल्ली में ऑक्सीजन और रेमेडिसविर की कमी
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा, 'दिल्ली में पिछले 24 घंटों में लगभग 24,000 कोविड-19 के नए मामले सामने आए हैं, जल्द ही डेटा आएगा...दिल्ली में ऑक्सीजन और रेमेडिसविर की कमी है। मुझे उम्मीद है कि हम दो या तीन दिनों में 6000 बेड जोड़ लेंगे। इस लहर का पीक कब आएगा यह कोई नहीं जानता। सेंट्रल गवर्नमेंट ने नवंबर में 4100 बेड दिए थे लेकिन इस बार केवल 1800 बेड दिए गए हैं। मैंने डॉ. हर्षवर्धन से कोविड रोगियों के लिए 50% बेड आरक्षित करने का अनुरोध किया।'
गुजरात में कुंभ से लौटने वालों का होगा कोरोना टेस्ट
गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने कहा, 'गुजरात के वे सभी भक्त जो कुंभ मेले में गए थे, उनके लौटने पर उन्हें उनके गांव में सीधे प्रवेश नहीं दिया जाएगा। सभी का आरटीपीसीआर टेस्ट किया जाएगा। संक्रमित पाए गए लोगों को 14 दिनों के लिए आइसोलेशन में रखा जाएगा। सभी जिला कलेक्टरों को आदेश जारी किया गया है।'
नोएडा में कोरोना के 492 नए मामले सामने आए
उत्तर प्रदेश के गौतम बुद्ध नगर जनपद में शनिवार को कोरोना वायरस से संक्रमण के 492 नए मामले सामने आए जबकि एक मरीज की मौत हो गई। मरने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 101 हो गई है वहीं संक्रमित मरीजों की संख्या 29 हजार से ऊपर हो गई है। जिले के विभिन्न अस्पतालों में 2800 से ज्यादा मरीजों का उपचार चल रहा है। अब तक जनपद में 26 हजार से ज्यादा मरीज उपचार के बाद ठीक हो चुके हैं।
रेल परिसर में मास्क नहीं पहनने पर जुर्माना
रेलवे ने आदेश जारी किया है कि रेल परिसर में मास्क नहीं पहनना अब रेलवे कानून के तहत दंडनीय है, उल्लंघनकर्ता पर 500 रुपए तक जुर्माना लग सकता है।
सबसे ज्यादा मौतें महाराष्ट्र में
पिछले 24 घंटों में देशभर में कोरोना से 1341 मौतें हुई हैं। 85.83% नई मौतों के आंकड़े 10 राज्यों से हैं। महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा 398 मौतें हुई हैं, दिल्ली में 141, छत्तीसगढ़ में 138, उत्तर प्रदेश में 103, गुजरात में 94, कर्नाटक में 78, मध्य प्रदेश में 60, झारखंड में 56, पंजाब में 50 और तमिलनाडु में 33 मौतें हुई हैं।
सिर्फ 5 राज्यों में 65% एक्टिव केस
देश में अभी कुल 16,79,740 सक्रिय मामले हैं। 65% सक्रिय मामले सिर्फ 5 राज्यों से हैं। महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा 38.09% एक्टिव केस हैं। बाकी 4 राज्य उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़, कर्नाटक और केरल हैं।
कोरोना के 79% नए केस सिर्फ 10 राज्यों से
पिछले 24 घंटों में कोरोना के 2,34,692 नए मामले सामने आए हैं। 10 राज्यों से ही 79.32% नए मामले सामने आए हैं। ये 10 राज्य हैं- महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, छत्तीसगढ़, कर्नाटक, मध्य प्रदेश, केरल, गुजरात, तमिलनाडु और राजस्थान। महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा 63,729 नए मामले सामने आए हैं, इसके बाद उत्तर प्रदेश से 27,360 नए मामले सामने आए हैं।
वैक्सीन की कोई कमी नहीं है: डॉ. हर्षवर्धन
वीडियो कॉफ्रेंसिंग के जरिए 11 राज्यों के स्वास्थ्य मंत्रियों के साथ कोविड 19 पर बैठक में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने कहा, 'देश में आज सुबह तक राज्यों को वैक्सीन की 14 करोड़ 15 लाख डोज सप्लाई की गई हैं, वेस्टेज को मिलाकर सब राज्यों ने लगभग 12,57,18,000 वैक्सीन की डोज का इस्तेमाल किया है। इस समय राज्यों के पास एक करोड़ 58 लाख डोज हैं और सप्लाई के अंदर वैक्सीन की 1,16,84,000 डोज हैं। वैक्सीन की कोई कमी नहीं है।'
यूपी के डीजीपी और ACS भी कोरोना पॉजिटिव
उत्तर प्रदेश में कोरोना के मामले बढ़ते जा रहे हैं। इस बीच यूपी के DGP एच.सी अवस्थी, ACS सूचना नवनीत सहगल और लखनऊ के DM अभिषेक प्रकाश भी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। आपको बता दें कि उत्तर प्रदेश में शुक्रवार को कोविड-19 के 27,426 नये मामले सामने आये जबकि संक्रमण से 103 और मरीजों की मौत हो गई।
दिहाड़ी मज़दूरों की परेशानी बढ़ी
महाराष्ट्र से पलायन जारी
महाराष्ट्र में कोरोना वायरस की बेलगाम रफ्तार की वजह से सीएम उद्धव ठाकरे ने राज्य में सख्त प्रतिबंध लगाए हैं। इस बीच महाराष्ट्र से अपने गांव वापस जाने के लिए मुंबई के लोकमान्य तिलक टर्मिनस पर बड़ी संख्या में प्रवासी मज़दूर पहुंच गए हैं। एक प्रवासी मज़दूर ने बताया, 'काम बंद हो गया है। अब हम पश्चिम बंगाल में अपने गांव जा रहे हैं, हम एक ही गांव के 18-19 लोग हैं।'
पहली बार एक दिन में सर्वाधिक मौतें
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ने संतो से कुम्भ को प्रतीकात्मक रखने की प्रार्थना
पीएम मोदी ने ट्वीट कर बताया, 'आचार्य महामंडलेश्वर पूज्य स्वामी अवधेशानंद गिरि जी से आज फोन पर बात की। सभी संतों के स्वास्थ्य का हाल जाना। सभी संतगण प्रशासन को हर प्रकार का सहयोग कर रहे हैं। मैंने इसके लिए संत जगत का आभार व्यक्त किया। मैंने प्रार्थना की है कि दो शाही स्नान हो चुके हैं और अब कुंभ को कोरोना के संकट के चलते प्रतीकात्मक ही रखा जाए। इससे इस संकट से लड़ाई को एक ताकत मिलेगी।'
यूपी में पंचायच चुनाव में लगे कर्मचारी कोरोना पॉजिटिव
उत्तर प्रदेश में पंचायत चुनाव के लिए तैयारियां जोरों पर हैं। इस बीच कुशीनगर में पंचायत चुनाव में ड्यूटी पर लगाये गए 27 चुनाव कर्मियों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद हड़कंप मचा हुआ है। यहां कल से पंचायत चुनाव का नामांकन शुरू होना है।
नोएडा में मास्क नहीं पहनने पर जमकर हुए चालान
गौतमबुद्ध नगर (नोएडा) पुलिस ने कोविड-19 नियमों का उल्लंघन करने तथा बिना मास्क के सार्वजनिक स्थानों पर घूमने के आरोप में शुक्रवार को 4,428 व्यक्तियों का चालान किया। पुलिस ने इनसे 4,61,500 रुपये का जुर्माना वसूला है।
पुलिस आयुक्त आलोक सिंह के प्रवक्ता ने बताया कि शुक्रवार को सार्वजनिक स्थान पर मास्क के बिना घूम रहे 4,428 लोगो के खिलाफ कार्रवाई की गई और उनसे 4,61,500 रूपए का जुर्माना वसूला गया।
पुणे में थमने का नाम नहीं ले रहे हैं मामले
महाराष्ट्र: पुणे जिले में पिछले 24 घंटों में 10,963 नए #COVID19 मामले, 109 मृत्यु और 10,282 रिकवरी दर्ज़ की गई। सक्रिय मामले: 99,431 कुल मामले: 6,96,933 कुल रिकवरी: 5,86,459 मृत्यु: 11,212
दिल्ली पुलिस की हेल्पलाइन
वीकेंड कर्फ्यू के दौरान दिल्ली की सड़कों पर वाहनों की कम आवाजाही दिखी। दिल्ली में वीकेंड लॉकडाउन आज रात 10 बजे से सोमवार सुबह 6 बजे तक लागू किया है। दिल्ली पुलिस के प्रवक्ता चिन्मय बिस्वाल ने बताया कि ज़रूरी कार्य करने वाले लोगों के लिए दिल्ली पुलिस ने कोविड हेल्प लाइन शूरू किया है। यह हेल्प लाइन पायलट नंबर-01123469900 पुलिस मुख्यालय में प्रारंभ किया गया है।
दिल्ली में वीकेंड कर्फ्यू
देश की राजधानी दिल्ली में कोरोना वायरस संक्रमण के मामलों में बढ़ोतरी को देखते हुए वीकेंड कर्फ्यू की घोषणा की गई है, जो शुक्रवार देर रात से ही यहां लागू हो गई है। यहां प्रतिबंध सोमवार सुबह 5 बजे तक लागू रहेंगे। दिल्ली में शुक्रवार को 19,486 नए कोविड केस बीते 24 घंटों के दौरान दर्ज किए गए, जो यहां एक दिन में संक्रमण का सबसे बड़ा आंकड़ा है।
रायपुर AIIMS में आज से ओपीडी सर्विस सस्पेंड
छत्तीसगढ़ में कोविड-19 के मामलों में बढ़ोतरी के बीच रायपुर स्थित AIIMS ने रूटिन OPD और OT सेवाओं को आज (17 अप्रैल) से सस्पेंड करने का फैसला किया है। ये सेवाएं कब शुरू होंगी, इसके बारे में बाद में आदेश जारी किया जाएगा। ट्रॉमा और इमरजेंसी सर्विसेज, लेबर एंड इमरजेंसी ओटी सर्विसेज जारी रहेगी। मरीजों को टेली मेडिसिन सर्विस भी उपलब्ध रहेगी।
देश में अब तक 12 करोड़ टीकाकरण
कोरोना वायरस संक्रमण के बढ़ते मामलों के बीच देश में टीकाकरण अभियान जोरशोर से जारी है। अब तक वैक्सीन की करीब 12 करोड़ डोज दी जा चुक है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, देश में इस वक्त 11 करोड़ 97 लाख 87 हजार 239 टीकाकरण हो चुका है। इनमें 91,04,680 ऐसे स्वास्थ्यकर्मी शामिल हैं, जिन्हें टीके की पहली खुराक दी गई है और 56,69,734 ऐसे स्वास्थ्यकर्मी हैं जिन्हें दूसरी खुराक दी गई है। इसके अलावा 1,06,58,497 अग्रिम पंक्ति के ऐसे कर्मचारी हैं, जिन्हें पहली खुराक दी जा चुकी है जबकि 52,94,889 अग्रिम पंक्ति के ऐसे कर्मचारी हैं, जिन्हें दूसरी खुराक दी गई है। इसके अलावा, 45 से 60 वर्ष की आयु के 3,96,39,132 और 10,44,958 लाभार्थियों को क्रमशः पहली और दूसरी खुराक दी गई है जबकि 60 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के 4,48,99,446 और 34,75,903 लोगों ने क्रमशः पहली और दूसरी खुराक ली है।

