LIVE

Coronavirus News Update: दिल्ली में बुधवार को 1,693 नए कोरोना मामले दर्ज किए गए, 17 मौतें भी हुईं

भारत में कोरोना वायरस से संक्रमण की संख्या लगातार बढ़ रही है। देश में कोविड मरीजों की संख्या 32 लाख को पार कर गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की मंगलवार की रिपोर्ट के मुताबिक देश में कोरोना मरीजों की संख्या बढ़कर 32,34,475 हो गई है और इस महामारी से अब तक 59,449 लोगों की जान चली गई है। इस बीच, ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय की ओर से बनाया गया कोरोना का टीका क्लिनिकल मानव परीक्षण के दूसरे चरण के लिए प

टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलटाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलUpdated Aug 26, 2020, 23:44 IST
Follow on Google News
Coronavirus News Update: दिल्ली में बुधवार को 1,693 नए कोरोना मामले दर्ज किए गए, 17 मौतें भी हुईं
Photo Credit: PTI

Coronavirus News Update: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गत 15 अगस्त को लाल किले की प्राचीर से देशवासियों को बताया कि देश में कोरोना के तीन टीकों पर काम चल रहा है और इन टीकों के वितरण की रूपरेखा पहले ही तैयार कर ली गई है। वहीं देश में 25 अगस्त तक कोरोना के  3,76,51,512 सैंपल्स की जांच हो चुकी है। गत मंगलवार को  8,23,992 सैंपल की जांच हुई। राजधानी दिल्ली में कोरोना के मामलों में एक बार फिर तेजी देखी जा रही है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली में कोविड-19 की स्थिति की समीक्षा के लिए बैठक बुलाई है। इस बैठक में दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहेंगे।
 

AUG 26, 2020 23:44 IST

राजस्थान में कोरोना के अब कुल मामले 74,670 हो गए

दिल्ली सरकार ने बताया कि बुधवार को दिल्ली में 1,693 नए कोरोना मामले दर्ज किए गए, 1,154 डिस्चार्ज/रिकवरी/माइग्रेट और 17 मौतें भी हुईं। दिल्ली में कुल मामले अब 1,65,764 हो गए हैं जिसमें 1,48,897 रिकवर केस, 12,520 सक्रिय मामले और 4,347 मौतें भी अब तक हुई हैं। वहीं राजस्थान में बुधवार की रात 8.30 बजे तक 1,345 नए कोरोना पॉजिटिव केस और 12 मौतें हुईं। 14,099 सक्रिय मामलों और 992 मौतों सहित राज्य में अब कुल मामले 74,670 हो गए हैं।

AUG 26, 2020 22:10 IST

महाराष्ट्र में कोरोना संक्रमितों की कुल संख्या 7,18,711 हो गई

महाराष्ट्र में बुधवार को कोविड-19 के सर्वाधिक 14,888 नये मरीज सामने आने के बाद संक्रमितों की कुल संख्या 7,18,711 हो गई है। कोविड-19 से 295 और लोगों की मौत हो गई है जिन्हें मिलाकर महाराष्ट्र में अब तक 23,089 लोग अपनी जान इस महामारी से गंवा चुके हैं।गत 24 घंटे में 7,637 मरीज ठीक हुए हैं। इसके साथ ही राज्य में कोरोना वायरस के संक्रमण से मुक्त होने वालों की संख्या 5,22,427 हो गई है। इस समय राज्य में 1,72,873 मरीज उपचाराधीन हैं।बुधवार को राजधानी मुंबई में 1,854 और लोगों के संक्रमित होने की पुष्टि हुई जबकि 28 कोविड-19 मरीजों की मौत हो गई। मुंबई में अब तक 1,39,537 लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हुए हैं जिनमें से 7,505 लोगों की मौत हो चुकी है। 

AUG 26, 2020 20:46 IST

यूपी में कोरोना के एक्टिव केसों की तादाद 51 हजार 317 हुई


उत्तर प्रदेश के अपर मुख्य सचिव अमित मोहन प्रसाद ने बताया कि पिछले 24 घंटों में कोरोना के 5898 नए माममे सामने आए हैं,यह एक दिन में नए रोगियों की सर्वाधिक संख्या है। राज्य में कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या अब 51 हजार 317 हो गई है। वहीं अभी तक इलाज के बाद पूरी तरह ठीक होकर 1 लाख 48 हजार 562 लोग घर लौट चुके हैं। प्रसाद ने यह भी बताया कि अब तक प्रदेश में 1 करोड़ 93 लाख 20 हजार 725 घरों का सर्विलांस किया गया है। इनमें 9 करोड़ 71 लाख 70 हजार 306 लोग रहते हैं। सर्विलांस का काम अभी भी जारी है। स्वास्थ्य विभाग की टीमें लगातार इस काम को कर रही हैं।
 

AUG 26, 2020 18:42 IST

केरल में आज 2,476 नए COVID19 मामले सामने आए

तमिलनाडु राज्य स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि राज्य में आज 5,958 नए COVID19 केस आए सामने वहीं 5,606 रिकवरी और 118 मौतें भी हुई हैं, 52,362  लिए सक्रिय मामलों की रिपोर्ट 3,38,060 की रिकवरी और 6,839 लोगों की मौत राज्य में हो चुकी है। वहीं केरल में आज 2,476 नए COVID19 मामले सामने आए। एक्टिव और रिकवर मामलों की कुल संख्या क्रमशः 22,344 और 41,694 है।

AUG 26, 2020 16:33 IST

कांग्रेस विधायक परगट सिंह, अकाली विधायक गुरप्रताप वडाला और आप विधायक मंजीत सिंह कोरोना संक्रमित

पंजाब विधानसभा के 28 अगस्त को आयोजित होने वाले सत्र से पहले राज्य के तीन और विधायकों के कोराना वायरस संक्रमित होने की पुष्टि हुई है।कांग्रेस विधायक परगट सिंह, अकाली दल विधायक गुरप्रताप सिह वडाला और आप विधायक मंजीत सिंह बिलासपुर संक्रमित पाये गये हैं।जालंधर कैंट से विधायक परगट सिंह ने कहा कि उनमें कोरोना वायरस के संक्रमण की पुष्टि हुई है और वह घर पर पृथक-वास में हैं।भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान सिंह ने कहा, ‘‘मुझमें कोई लक्षण नहीं हैं।’’इस बीच एक स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि वडाला और बिलासपुर को भी संक्रमण हुआ है।इससे पहले मंगलवार को पंजाब सरकार के मंत्री सुंदर शाम अरोड़ा, राजपुरा से कांग्रेस विधायक हरदयाल कंबोज तथा सनौर से अकाली दल विधायक हरिंदरपाल सिंह चंदूमाजरा को भी कोविड-19 महामारी होने का पता चला था।
 

AUG 26, 2020 15:37 IST

कर्नाटक में रोजाना 50,000 से अधिक कोरोना जांच 

कर्नाटक के चिकित्सा शिक्षा मंत्री के. सुधाकर ने बुधवार को कहा कि राज्य में कोविड-19 की जांच धीरे-धीरे बढ़ाई जा रही है और अभी प्रति दिन यहां 50 हजार से अधिक जांच की जा रही हैं। सुधाकर ने ट्वीट कया, ‘कर्नाटक ने लगातार अपनी जांच क्षमता बढ़ाई है, प्रयोगशालाएं दो से बढ़कर आज 108 हो गई हैं। पिछले पांच दिनों में 3,23,753 नमूनों की जांच की गई, प्रतिदिन 50,000 से अधिक जांच की गई हैं। कल हमने 25 लाख नमूनों की जांच का आंकड़ा पार कर दिया, अभी तक कुल 25,13,555 नमूनों की जांच की गई है।’कुल 25,13,555 नमूनों की जांच में से, 59,787 नमूनों की जांच मंगलवार को की गई, जिनमें से 24,587 ‘रैपिड एंटीजन जांच’ थीं।

AUG 26, 2020 13:16 IST

असम के पूर्व सीएम गोगोई कोरोना से संक्रमित

असम के पूर्व मुख्यमंत्री तरुण गोगोई की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। उन्होंने अपने संपर्क में आए लोगों से तुरंत कोविड-19 की जांच कराने की अपील की है।
AUG 26, 2020 12:52 IST

गौतमबुद्ध नगर में 87 नए मामले सामने 

गौतमबुद्ध नगर में कोविड-19 के 87 नए मामले सामने आए हैं और एक व्यक्ति की संक्रमण से मौत होने से मृतक संख्या 44 हो गई है। जिला निगरानी अधिकारी डॉक्टर नीरज त्यागी ने बुधवार को बताया कि सुबह एक व्यक्ति की कोविड-19 से मौत हो गयी, जिससे संक्रमण से मरने वालों की संख्या 44 हो गई है। उन्होंने बताया कि कोविड-19 के 87 नए मामले सामने आए हैं। इनको मिलाकर जिले में अब तक 7,376 लोग कोविड-19 से संक्रमित पाए जा चुके हैं। जिनमें 6,406 लोग उपचार के दौरान ठीक हो गए हैं, जबकि 926 लोगों का यहां के विभिन्न अस्पतालों में उपचार चल रहा है।

AUG 26, 2020 11:56 IST

त्रिवेंद्र सिंह रावत की रिपोर्ट निगेटिव आई

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत की मंगलवार को कोरोना रिपोर्ट निगेटिव आयी लेकिन वह एहतियातन तीन तीन दिन के लिए स्व पृथक-वास में चले गये हैं।  सोशल मीडिया पर यह जानकारी साझा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा मैंने परिवार सहित कोरोना टेस्ट करवाया और उसकी रिपोर्ट निगेटिव आयी है । मुख्यमंत्री ने कहा, 'सावधानी हेतु अगले तीन दिन आइसोलेशन में रहूंगा और अपने आवास में ही जनसामान्य एवं राज्य के विकास संबंधी शासन के कार्य फोन पर और वर्चुअली देखूंगा।' मुख्यमंत्री ने अपने एक सलाहकार के कोरोनावायरस संक्रमित पाए जाने के बाद कोरोना टेस्ट कराया था।

AUG 26, 2020 11:06 IST

कोविड संकट के बीच 100 नए स्टोर खोलेगी बाटा इंडिया

प्रमुख फुटवेयर कंपनी बाटा इंडिया ने कोविड-19 महामारी के बीच वित्त वर्ष 2020-21 में करीब 100 नए स्टोर खोलने की योजना बनाई है। बाटा इंडिया के चेयरमैन अश्विनी विंडलास ने बताया, ‘‘हम इस साल करीब 100 नए स्टोर खोलेंगे और इनमें से 80 प्रतिशत स्टोर टियर-2 और टियर-3 शहरों में फ्रैंचाइज मॉडल के जरिए खोले जाएंगे।’’ उन्होंने बताया कि कंपनी के इस समय देश भर में करीब 1,500 स्टोर हैं और उसकी योजना 2023 तक 500 नए स्टोर खोलकर अर्ध-शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में अपनी उपस्थिति मजबूत करने की है।

AUG 26, 2020 11:05 IST

राजस्थान में 610 नए केस सामने आए

राजस्थान में स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक राज्य में कोविड-19 के 610 नए केस सामने आए हैं और छह लोगों की मौत हुई है। राज्य में कोरोना वायरस से संक्रमण की संख्या बढ़कर 73,935 हो गई है। इनमें 14,607 एक्टिव केस हैं जबकि 58,342 लोगों को उपचार के बाद ठीक कर दिया गया है। राज्य में अब तक इस महामारी से 986 लोगों की मौत हुई है।
AUG 26, 2020 10:08 IST

बीते 24 घंटे में 67,151 नए केस सामने आए

बीते चौबीस घंटे में देश में कोरोना के 67,151 नए केस सामने आए हैं जबकि 1059 लोगों की मौत हुई है। इसके साथ ही देश में कोविड-19 से संक्रमण की संख्या 32,34,475 हो गई है। इनमें 7,07,267 एक्टिव केस हैं जबकि 24,67,759 मरीजों को या तो ठीक या डिस्चार्ज कर दिया गया है। इस महामारी से अब तक 59,449 लोगों की मौत हो चुकी है।
AUG 26, 2020 10:07 IST

अब तक ,76,51,512 सैंपल्स की जांच 

भारतीय चिकत्सा अनुसंधान परिषद ने बताया है कि देश में पांच अगस्त तक  कोरोना के 3,76,51,512 सैंपल्स की जांच हुई है। इसमें से  8,23,992 सैंपल की जांच मंगलवार को हुई। 

AUG 26, 2020 10:07 IST

केजरीवाल करेंगे अहम बैठक

राजधानी दिल्ली में कोविड-19 के बढ़ते मामलों को देखते हुए मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बैठक बुलाई है। इस बैठक में स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन और अन्य अधिकारी शामिल होंगे। बीते कुछ दिनों में राजधानी में कोरोना के मामलों में एक बार फिर तेजी देखी जा रही है। समझा जाता है कि इस बैठक में कोविड-19 की स्थिति की समीक्षा की जाएगी।