Coronavirus News Update: महाराष्ट्र में कोरोना के 16867 नए केस, कुल 24103 मौतें, दिल्ली में 1945 नए मामले
देश में कोरोना वायरस के मामलों में लगातार बढ़ोत्तरी हो रही हैं और हर दिन रिकॉर्ड मामले सामने आ रहे हैं। अभी तक 34 लाख से अधिक मामले सामने आ चुके हैं लेकिन बढ़ते मामलों के बीच अच्छी खबर ये है कि रिकवरी रेट में लगातार सुधार हो रहा है। वहीं टेस्टिंग रेट में भी इजाफा हुआ है और बीते चौबीस घंटे के दौरान 9 लाख से अधिक टेस्ट किए गए हैं।
नई दिल्ली: भारत में कोरोना वायरस के मामले तेज रफ्तार से बढ़ रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ से रिकवरी रेट में भी सुधार हो रहा है। भारत में बीते 24 घंटे में रिकॉर्ड 76,472 नए केस सामने आए हैं और 1021 लोगों की मौत हो चुकी है । स्वास्थ्य औऱ परिवार कल्याण मंत्रालय के मुताबिक देश में अभी तक 33 लाख से अधिक मामले सामने आ चुके हैं और 4 करोड़ कोरोना टेस्ट हो चुके हैं जो अपने आप में एक रिकॉर्ड है। सरकार की तरफ से तमाम कदम इस वायरस को फैलने से रोकने के लिए उठाए जा रहे हैं। यहां जानिए कोरोना वायरस से जुड़ा हर अपडेट
कर्नाटक में 86,446 सक्रिय केस
कर्नाटक में पिछले 24 घंटों में 8,324 नए कोरोना पॉजिटिव केस सामने आए हैं और 115 मौतें हुई हैं। कुल पॉजिटिव केस 3,27,076 हुए जिनमें 5,483 मौतें, 2,35,128 डिस्चार्ज और 86,446 एक्टिव केस शामिल हैं।
तमिलनाडु में 4,15,590 कुल केस
तमिलनाडु में कोविड 19 के 6,352 नए मामले सामने आए हैं और 87 मौतें दर्ज की गई हैं। कुल मामलों की संख्या बढ़कर 4,15,590 हो गई, जिसमें 52,726 सक्रिय मामले, 7,137 मौतें और 3,55,727 डिस्चार्ज शामिल हैं।
7 सितंबर से चलेगी नोएडा मेट्रो
अनलॉक 4 के दिशानिर्देशों के अनुसार, नोएडा मेट्रो चरणबद्ध तरीके से 7 सितंबर से जनता के लिए एक्वा लाइन पर अपनी सेवाएं फिर से शुरू करेगा। मेट्रो पर विस्तृत एसओपी जारी होने के बाद इसके कामकाज और आम जनता द्वारा उपयोग के बारे में अधिक जानकारी साझा की जाएगी: नोएडा मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन
महाराष्ट्र में कोरोना के 16,867 नए मामले
महाराष्ट्र में कोरोना के आज 16,867 नए मामले सामने आए हैं, 11,541 डिस्चार्ज हुए और 328 मौतें हुई हैं। कुल मामलों की संख्या 7,64,281 है, जिसमें 1,85,131 सक्रिय मामले हैं। 5,54,711 ठीक हो चुके हैं और 24,103 मौतें हुई है।
दिल्ली में कोविड के 1945 नए मामले
दिल्ली में कोरोना के 1945 नए मामले और 15 मौतें दर्ज की गई हैं। कुल मामलों की संख्या 1,71,366 हो गई है, जिसमें 1,52,922 रिकवरी, 14,040 सक्रिय मामले और 4,404 मौतें शामिल हैं।
भारत में रिकवरी रेट 76.47 प्रतिशत
भारत में कोविड-19 से उबरने वाले लोगों की संख्या बढ़ कर 26 लाख के आंकड़े को पार कर जाने और इसकी दर 76.47 प्रतिशत होने पर केंद्र ने कहा है कि तत्परता से जांच, संक्रमितों का व्यापक रूप से पता लगाने और कारगर उपचार करने के कारण यह संभव हुआ है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने शनिवार को कहा कि वैश्विक औसत की तुलना में भारत में कोविड-19 से होने वाली मृत्यु की दर कम है। इसमें लगातार कमी आ रही है और फिलहाल यह 1.81 प्रतिशत है। मंत्रालय ने कहा कि भारत में कोविड-19 मामलों के प्रबंधन की अहम विशेषता यह है कि इससे उबरने वाले मरीजों की संख्या बढ़ रही है।
केरल: 110 साल की महिला ने कोरोना को हराया
शनिवार को मंजेरी में सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद 110 साल की एक महिला ने केरल में सबसे उम्रदराज कोविद बनने के लिए कोरोनोवायरस का सफलतापूर्वक मुकाबला किया। महिला, वैराथु पाथु में केवल मामूली लक्षण थे। वायरस पर उसकी जीत राज्य के लिए एक बड़ी उपलब्धि बन गई।
जम्मू-कश्मीर में 546 नए मामले
आज जम्मू और कश्मीर में 546 नए कोविड 19 मामले दर्ज किए गए; जम्मू संभाग में 214 और कश्मीर संभाग में 332 मामले दर्ज किए गए। 7,672 सक्रिय मामलों, 28,020 रिकवरी और 685 मौतों सहित मामलों की कुल संख्या अब 36,377 हो गई है : जम्मू और कश्मीर सरकार
केरल में कोरोना के 2397 नए केस
आज केरल में 2,397 नए कोविड 19 मामले और 6 मौतें दर्ज की गई। राज्य में 23,277 सक्रिय मामले हैं : केरल CM पिनाराई विजयन
केवल 0.29 प्रतिशत रोगी वेंटिलेटर पर
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने आज नई दिल्ली में कोविड 19 को लेकर उच्च स्तरीय ग्रुप ऑफ मिनिस्टर्स (GoM) की 20वीं बैठक की अध्यक्षता की। उन्होंने केंद्र और राज्यों के विभिन्न समन्वित प्रयासों पर संतोष व्यक्त किया। स्वास्थ्य मंत्री ने जीओएम को सूचित किया कि कोविड 19 के केवल 0.29% रोगी वेंटिलेटर पर हैं, 1.93% आईसीयू पर और 2.88% मामले ऑक्सीजन सपोर्ट पर हैं। पिछले 24 घंटों में 9 लाख से अधिक नमूनों का परीक्षण किया गया।
UP में कोरोना के 53,360 सक्रिय केस
यूपी अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद ने बताया कि प्रदेश में कुल सक्रिय मामलों की संख्या 53,360 है जिसमें से 26,865 लोग होम आइसोलेशन में हैं। अब तक होम आइसोलेशन में 93,978 लोग जा चुके हैं, इनमें से 67,113 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। प्रदेश में पूरी तरह ठीक होकर डिस्चार्ज किए जा चुके लोगों की संख्या 1,62,741 है। रिकवरी का प्रतिशत 74.15 है। अब तक संक्रमित लोगों में से 3356 लोगों की मृत्यु हुई है। केस फर्टिलिटी रेट अब 1.52% है। कल प्रदेश में 1,48,147 सैंपल्स की जांच की गई है। अब तक प्रदेश में कुल 53,50,704 सैंपल्स की जांच की जा चुकी है। प्रतिदिन टेस्टिंग में और कुल टेस्टिंग में भी उत्तर प्रदेश देश में सबसे आगे है।
महाराष्ट्र में 24 घंटे में 151 पुलिसकर्मी कोरोना से हुए संक्रमित
राजस्थान में एक दिन में कोरोना 595 नए मामले
28 अगस्त को लिए 9,28,761 नमूने - ICMR
बीते चौबीस घंटे में सामने आए 76 हजार से अधिक नए मामले
बीते चौबीस घंटे के दौरान देश में कुल 76,472 नए मामले सामने आए हैं और कुल 1,021 की मौत हुई है। वहीं अभी तक कोरोना के कुल 34,63,973 मामले सामने आ चुके हैं जिसमें से 7,52,424 ही एक्टिव केस हैं जबकि 26,48,999 लोग ठीक होकर घर जा चुके हैं जबकि 62,550 लोगों की मौत हो चुकी है।
लगातार बढ़ रहे हैं मामले, चौबीस घंटे में 77 हजार केस
कोविड-19 नियमों का उल्लंघन को लेकर छात्र परिषद के कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया
कोलकाता में कोविड-19 नियमों का उल्लंघन करने को लेकर पुलिस ने शुक्रवार को छात्र परिषद के कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने यह जानकारी दी। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि उन्होंने भारी संख्या में एकत्र हो कर और छात्र परिषद के 67वें स्थापना दिवस के मौके पर शुक्रवार को परिषद का झंडा फहराने के लिए मध्य कोलकाता में बंद पड़े महाजाति सदन सभागार परिसर की दीवार फांदने की कोशिश कर पाबंदियों का उल्लंघन किया।
गाजियाबाद : कोविड-19 नियमों का उल्लंघन कर होटल में पार्टी कर रहे 19 युवक गिरफ्तार
उत्तर प्रदेश में गाजियाबाद जिले के एक होटल में कोविड-19 नियमों का उल्लंघन करने और शराब तथा हुक्का पीने को लेकर 19 युवकों को आबकारी विभाग ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पुलिस अधीक्षक (नगर) अभिषेक वर्मा ने कहा कि होटल में छापेमारी के दौरान आरेापियों को पकड़ा गया। उन्होंने कहा कि एनसीआर के एक इवेंट प्रबंधक ने होटल में पार्टी हॉल और कुछ कमरे बुक किए थे। वर्मा ने बताया कि मौके से हुक्का और अन्य मादक पदार्थ बरामद किए गए।
झारखंड में कोरोना वायरस से 12 और मौतें, 1137 नये संक्रमित
झारखंड में शुक्रवार को कोरोना वायरस संक्रमण से 12 मरीजों की मौत हो गयी जिसे मिलाकर राज्य में इस संक्रमण से मृतकों की कुल संख्या 389 तक पहुंच गयी है जबकि इस अवधि में संक्रमण के 1137 नये मामले सामने आये जिन्हें मिलाकर राज्य में संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 35,813 हो गयी। स्वास्थ्य विभाग की शुक्रवार देर रात्रि जारी रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई है।

