Coronavirus News Update: महाराष्ट्र में कोरोना के 24619 नए केस, कुल मामले 11 लाख 45 हजार पार, 31351 मौतें
देश में कोरोना वायरस का कहर दिन प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है। पिछले चौबीस घंटे के दौरान लगभग 98 हजार नए मामले सामने आए हैं जबकि इस दौरान इस जानलेवा वायरस की वजह से 1132 लोगों की जान भी गई है। दूसरी तरफ राहत भरी खबर ये रही है कि चौबीस घंटे के दौरान 82 हजार से अधिक लोग ठीक होकर घर भी लौट चुके हैं।
नई दिल्ली: देशभर में कोरोना वायरस का संक्रमण तेजी से फैल रहा है। पिछले चौबीस घंटे के दौरान करीब 98 हजार मामले सामने आए हैं जिसमें 1132 लोगों की मौत हुई है। लेकिन इन सबके बीच अच्छी खबर ये है कि भारत में लोग तेजी से ठीक भी हो रहे हैं। पिछले 2 दिनों में लगातार 82 हजार से अधिक लोग ठीक हुए हैं। भारत का रिकवरी रेट अब बढ़कर 78.64 हो गया है। अभी तक कुल आंकड़ों पर नजर डालें तो 40 लाख से अधिक लोग स्वस्थ्य होकर घर जा चुके हैं जबकि सक्रिय मामले 10 लाख के करीब हैं।
महाराष्ट्र में कोरोना के 24619 मामले
महाराष्ट्र में कोरोना वायरस के 24619 नए मामले सामने आए हैं और 398 मौतें हुई हैं। राज्य में कुल मामलों की संख्या बढ़कर 11,45,840 हो गई है, जिसमें 8,12,354 ठीक हो गए हैं, 3,01,752 सक्रिय मामले हैं। इस वायरस से 31,351 मौतें हुई हैं।
पश्चिम बंगाल में कोरोना वायरस से 60 और मरीजों की मौत
पश्चिम बंगाल में बृहस्पतिवार को कोरोना वायरस से 60 और मरीजों की मौत होने से मृतकों की संख्या बढ़कर 4,183 पहुंच गई। स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी एक बुलेटिन में यह जानकारी दी गई है। बुलेटिन के अनुसार राज्य में कोरोना वायरस के 3,197 नये मामले सामने आने के बाद मामलों की कुल संख्या 2,15,580 हो गई है। इसके अनुसार बुधवार के इस महामारी से 2,948 लोग स्वस्थ हुए हैं और इस समय राज्य में 24,336 लोगों का इलाज चल रहा है। राज्य में पिछले 24 घंटे में 45,536 नमूनों की जांच की गई है।
प्रयागराज में कोरोना वायरस संक्रमण के 329 नए मामले
जिले में बृहस्पतिवार को 329 व्यक्तियों के कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई जिससे यहां कोरोना संक्रमित लोगों की संख्या 15,741 हो गई है।
जिले के नोडल अधिकारी (कोविड-19) डॉक्टर ऋषि सहाय ने बताया कि बृहस्पतिवार को कोरोना वायरस संक्रमण से तीन व्यक्तियों की मृत्यु हो गई। प्रयागराज में अब महामारी से मरने वालों की संख्या 222 हो गई है। उन्होंने बताया कि बृहस्पतिवार को 43 व्यक्तियों को उपचार के उपरांत अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। जिले में अब तक 3,891 व्यक्तियों को उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दी जा चुकी है।
दिल्ली में फिर सामने आए 4400 से अधिक केस
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में एक बार फिर कोरोना वायरस संक्रमण के 4000 से अधिक मामले सामने आए हैं। दिल्ली सरकार के आंकड़ों के अनुसार, बीते 24 घंटों में यहां संक्रमण के 4,432 नए मामले सामने आए हैं, जबकि 38 लोगों की जान गई है। इसके साथ ही यहां कुल एक्टिव केस 31,721 हो गए हैं, जबकि 1,98,103 लोग अब तक ठीक हो चुके हैं। यहां अब तक कोरोना वायरस संक्रमण से 4,877 लोगों की जान जा चुकी है।
यूपी में कोविड-19 के 6318 नए केस
उत्तर प्रदेश में पिछले 24 घंटों के दौरान संक्रमण से 81 लोगों की मौत हुई है, जबकि 6,318 लोगों के संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा गुरुवार शाम जारी बुलेटिन के मुताबिक राज्य में पिछले 24 घंटों के दौरान संक्रमण से 81 लोगों की मौत के साथ कोरोना वायरस संक्रमण से मरने वालों की संख्या बढ़कर 4,771 हो गई है। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अमित मोहन प्रसाद ने बताया कि राज्य में अब तक संक्रमित होने वालों की कुल संख्या 3,36,294 हो गई है। हालांकि इनमें से 2,63,288 लोग इस संक्रमण से पूरी तरह उबर चुके हैं। राज्य में कोविड-19 से उबरने की दर 78.29 प्रतिशत है। वहीं, सितंबर में संक्रमण की दर 4.7 फीसदी दर्ज की गई है। बुधवार को प्रदेश में 1,51,693 नमूनों की जांच की गई। प्रदेश में अब तक करीब 80 लाख 90 हजार नमूनों की जांच की जा चुकी है। राज्य में इस वक्त कोविड-19 संक्रमण के उपचाराधीन मामलों की कुल संख्या 68,235 है।
मुंबई में कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच धारा 144 लागू
मुंबई में कोरोना वायरस संक्रमण के बढ़ते मामलों के बीच पुलिस ने धारा 144 लगा दी है। शहर में लोगों की आवाजाही और उन्हें एक जगह एकत्र होने से रोकने के लिए प्रतिबंधों की घोषणा की गई है।
'अंडमान में 11 संक्रमितों में से अब बस 2 बीमार'
कोरोना वायरस संक्रमण का कहर अंडमान और निकोबार द्वीपसमूह के प्राचीन 'ग्रेट अंडमानी' जनजातीय समूह तक पहुंच चुका है। इस समुदाय के कुल 11 लोग कोरोना वासरस से संक्रमित पाए गए थे। अब सरकार ने कहा है कि इनमें से दो को छोड़कर शेष सभी स्वस्थ हो गए हैं। राज्यसभा में एक सवाल के लिखित जवाब में जनजातीय मामलों के मंत्री अर्जुन मुंडा ने बताया कि अंडमान और निकोबार द्वीपसमूह में ओंगी, जारवा और शौंपेन जनजातीय समूह कोरोना वायरस के संक्रमण से सुरक्षित हैं। उन्होंने कहा कि संक्रमित 11 सदस्य ग्रेट अंडमानी जनजाति के वे लोग हैं जो या तो स्वयं अथवा उनके परिवार के सदस्य सरकारी प्रतिष्ठानों में काम करते हैं। इस जनजाति के अभी लगभग 50 सदस्य जीवित हैं।
'कोरोना योद्धाओं को मिले वीरता पुरस्कार'
कोरोना वायरस महामारी से निपटने के लिए अग्रणी पंक्ति के योद्धाओं की मेहनत एवं उनके समर्पण की सराहना करते हुए गुरुवार को राज्यसभा में बीजेपी के एक सदस्य ने मांग की कि अपनी जान जोखिम में डालने वाले इन योद्धाओं को वीरता पदक से सम्मानित किया जाना चाहिए। शून्यकाल में यह मुद्दा उठाते हुए बीजेपी सदस्य डीपी वत्स ने कहा कि कोविड-19 महामारी ने पूरी दुनिया में युद्ध जैसे हालात पैदा कर दिए। अग्रणी पंक्ति के कोरोना योद्धा महामारी के इस दौर में अपनी जान की परवाह किए बिना अपने दायित्वों का निर्वाह कर रहे हैं। सेना और पुलिस सेवाओं की तरह ही कोरोना योद्धाओं को भी सेवा या वीरता शांति पदक से सम्मानित किया जाना चाहिए।
मिजोरम में कोरोना वायरस संक्रमण के मामले 1,500 के पार
मिजोरम में 83 वर्षीय एक व्यक्ति समेत 26 और लोग कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए जिसके बाद बृहस्पतिवार को संक्रमण के कुल मामलों की संख्या 1500 को पार कर गई। संक्रमण के नए मामलों में आइजोल जिले से 21, सेरछिप जिले से तीन और लुंगलेई तथा हनहथियल जिले से एक-एक मामला सामने आया। सीमा सुरक्षा बल के तीन जवान और मिजोरम सशस्त्र पुलिस के पांच कर्मी भी संक्रमित पाए गए हैं।
कोविड मृत्यु दर घटा कर एक फीसदी से नीचे लाने का लक्ष्य
स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्द्धन ने बृहस्पतिवार को कहा कि देश में कोविड-19 से होने वाली मौत की दर फिलहाल, दुनिया के अन्य देशों की तुलना में सबसे कम (1.64) फीसदी है और सरकार का लक्ष्य इस मृत्यु दर को घटा कर एक फीसदी से भी कम करने का है। कोरोना वायरस महामारी पर राज्यसभा में हुई चर्चा का जवाब देते हुए स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री हर्षवर्द्धन ने कहा कि भारत में कोविड मरीजों के स्वस्थ होने की दर 78 से 79 फीसदी है। उन्होंने कहा कि भारत कोविड-19 से स्वस्थ होने की उच्च दर वाले गिने-चुने देशों में शामिल है।
नोएडा में कोरोना वायरस संक्रमण के 206 नए मामले
गौतमबुद्ध नगर जिले में बृहस्पतिवार को कोविड-19 के 206 नए मामले सामने आए हैं। संक्रमण से जिले में अब तक 48 लोगों की मौत हो चुकी है। जिला निगरानी अधिकारी नीरज त्यागी ने बताया कि 206 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। उन्होंने बताया कि 165 लोगों को उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है और 2004 लोगों का उपचार यहां के विभिन्न अस्पतालों में चल रहा है। अब तक 8856 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं।
पश्चिम बंगाल में कोरोना वायरस संक्रमण के 3,237 नए मामले, 61 और लोगों की मौत
पश्चिम बंगाल में कोरोना वायरस संक्रमण की वजह से बुधवार को 61 लोगों की मौत हो गई, जिसके बाद संक्रमण से मरने वालों की संख्या बढ़कर 4,123 हो गई। राज्य स्वास्थ्य विभाग ने एक बुलेटिन में बताया कि 3,237 नए मामले सामने आने के बाद कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 2,12,383 हो गई। पिछले 24 घंटे में 2,971 लोग इस संक्रमण से मुक्त हुए हैं जिसके बाद राज्य में लोगों को अस्पताल से छुट्टी मिलने की दर 86.69 फीसदी हो गई।
देश में कोरोना के मामले 51 लाख के पार
भारत में पिछले 24 घंटों में 97,894 नए मामलों सामने आए हैं जबकि 1,132 लोगों की मौत हुई है। इसके साथ ही कुल मामले 51 लाख के पार पहुंच गए हैं। कुल मामलों औऱ ठीक होने वाले मामलों के बीच करीब 40 लाख का अंतर है। 40,25,080 रोगी ठीक होकर अस्पताल से डिस्चार्ज हो चुके हैं जबकि 83,198 लोगों की मौत हो चुकी है।
_1600349480__rend_4_3.jpeg)
