Coronavirus News Update: केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी कोरोना पॉजिटिव, ट्वीट कर दी जानकारी
देश में कोरोना वायरस महामारी का बेहद तेजी के साथ प्रसार हो रहा है,पिछले चौबीस घंटे में करीब 90,123 नए मामले आने के बाद देश में संक्रमितों का आंकड़ा पचास लाख के पार पहुंच गया है।
भारत में कोरोना मामलों की रफ्तार बहुत तेजी के साथ बढ़ती ही जा रही है और देश में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 50 लाख के पार हो गया है, बात अगर पिछले 24 घंटे की करें तो 90,123 नए मामले सामने आए हैं। एक्टिव केसों की संख्या भी बढ़कर अब दस लाख के करीब पहुंचने वाली है, देश में फिलहाल एक्टिव केस अब 9,95,933 हैं। 39,42,361 ठीक हो चुके/डिस्चार्ज/ माइग्रेटेड हैं वहीं मौत का आंकड़ा 82 हजार के करीब है। हालांकि, सरकार का कहना है कि भारत में संक्रमितों के ठीक होने की दर दुनिया में सबसे अधिक है तथा उसने इस मोर्चे पर अन्य देशों के अनुभव से सीखा है, यहां पढ़ें कोरोना वायरस संक्रमण से जुड़े अपडेट्स :
नितिन गडकरी कोरोना वायरस से संक्रमित
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने ट्वीट कर कहा, 'कल मैं कमजोर महसूस कर रहा था और अपने डॉक्टर से परामर्श किया। मेरे चेक अप के दौरान मुझे COVID 19 पॉजिटिव आया है। मैं वर्तमान में सभी के आशीर्वाद और शुभकामनाओं के साथ अच्छा हूं। मैंने खुद को अलग कर लिया है। मैं सभी से अनुरोध करता हूं कि जो मेरे संपर्क में आए हैं वे सावधान रहें और प्रोटोकॉल का पालन करें। सुरक्षित रहें।'
कोरोना की वजह से जनगणना का प्रथम चरण टला
सरकार ने बुधवर को कहा कि एक अप्रैल से 30 सितंबर तक चलने वाले जनगणना के पहले चरण को कोविड-19 महामारी की वजह से टाल दिया गया है।
राज्यसभा को एक प्रश्न के लिखित उत्तर में केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जनगणना के आंकड़ों की सुरक्षा और संरक्षा के लिए बहुस्तरीय पहल अपनाई गई है। उन्होंने बताया कि जनगणना 2021 का पहला चरण तथा संबंधित फील्ड गतिविधियों को कोविड-19 महामारी की वजह से टाल दिया गया है। राय ने बताया कि राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों द्वारा नियुक्त पर्यवेक्षकों के पंजीकृत उपकरणों पर आंकड़ों का संग्रह किया जाएग।
आगरा में कोविड-19 के 114 नए मामले
आगरा में कोविड-19 के 114 नये मामले सामने आने से संक्रमितों की संख्या बढ़कर 4267 हो गयी है। यह जानकारी एक वरिष्ठ अधिकारी ने दी।
आगरा के जिलाधिकारी पी एन सिंह ने बताया कि कोविड-19 के 114 नये मामले सामने आने से संक्रमितों की संख्या बढ़कर 4267 हो गयी है जबकि संक्रमण से एक और मरीज की मौत होने से मरने वालों की संख्या बढ़कर 116 हो गयी है। उन्होंने बताया कि 98 और मरीजों को ठीक होने के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई जिससे अभी तक ठीक हुए मरीजों की संख्या बढ़कर 3321 हो गयी है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में उपचाराधीन मरीजों की संख्या 830 है।
कल्याण सिंह को मिली अस्पताल से छुट्टी
कोविड-19 संक्रमण की पुष्टि होने के बाद राजधानी लखनऊ स्थित संजय गांधी परास्नातक आयुर्विज्ञान संस्थान (एसजीपीजीआई) में भर्ती कराए गए उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह को बुधवार को उनके परिजन के अनुरोध पर अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। एसजीपीजीआई द्वारा जारी हेल्थ बुलेटिन के मुताबिक 88 वर्षीय सिंह का एसजीपीजीआई स्थित राजधानी कोरोना अस्पताल में इलाज किया जा रहा था। उन्हें उनके परिजन की गुजारिश पर अस्पताल से छुट्टी दी जा रही है।
महाराष्ट्र पुलिस बल में संक्रमण की कुल संख्या बढ़कर 20,003 हुई
महाराष्ट्र सरकार ने बताया कि पिछले 24 घंटों में महाराष्ट्र पुलिस के 247 पुलिस कर्मियों का कोरोना टेस्ट पॉजिटिव पाया गया है, वहीं 2 पुलिसकर्मियों की जान भी इस घातक बीमारी से की पिछले 24 घंटों में चली गई है। राज्य बल में संक्रमण की कुल संख्या बढ़कर 20,003 हो गई, जिसमें 3,728 सक्रिय मामले, 16,071 रिकवर केस और 204 मौतें शामिल हैं।
आदेश गुप्ता ने कहा-कोविड-19 जांच में उनके संक्रमित होने की पुष्टि हुई
दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने बुधवार को कहा कि कोविड-19 जांच में उनके संक्रमित होने की पुष्टि हुई है।गुप्ता ने ट्वीट किया, 'पिछले हफ्ते हल्का बुखार होने के बाद मैंने कोविड टेस्ट कराया था जिसकी रिपोर्ट में संक्रमण नहीं पाया गया था, लगातार अस्वस्थ महसूस करने के कारण मैंने फिर से कोरोना का टेस्ट कराया जो जिसमें संक्रमण की पुष्टि हुई है।' गुप्ता ने कहा कि वह पिछले सप्ताह से ही पृथक-वास में हैं । साथ ही उन्होंने संपर्क में आए लोगों से भी जांच कराने का आग्रह किया।
महाराष्ट्र राज्य में कोरोना वायरस संक्रमण से अब तक 30,409 मौतें
सार्वजनिक स्वास्थ्य विभाग महाराष्ट्र ने बताया कि आज राज्य में 20,482 नए कोरोना मामले सामने आए और 515 मौतें भी,वहीं 19,423 मरीजों को छुट्टी दी गई। राज्य में कुल मामलों की तादाद 10,97,856 हो गई है, वहीं इस घातक बीमारी से अब तक प्रदेश में 30,409 मौतें हो चुकी हैं और 7,75,273 मरीज डिस्चार्ज भी हुए हैं राज्य में 2,91,797 एक्टिव केस भी हैं।
देश में पिछले 24 घंटों में 90,123 नए मामले आए सामने और 1,290 लोगों की गई जान
झारखंड में कोरोना वायरस से संक्रमण के 1,702 नये मामले सामने आए, 10 और की मौत
झारखंड में मंगलवार को कोविड-19 की वजह से 10 और मरीजों की मौत हो गयी जिन्हें मिलाकर राज्य में अबतक इस महमारी में 571 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं।वहीं, इस अवधि में प्रदेश में कोरोना वायरस से संक्रमण के 1702 नये मामले दर्ज किए गए जिन्हें मिलाकर अबतक झारखंड में 64,439 लोग इस वायरस की चपेट आ चुके हैं।स्वास्थ्य विभाग द्वारा मंगलवार देर रात जारी रिपोर्ट के अनुसार राज्य में आज 10 और कोरोना संक्रमितों की मौत हुयी जिन्हें मिलाकर राज्य में कोविड-19 से मरने वालों की संख्या बढ़कर 571 तक पहुंच गयी है।इसके अलावा राज्य में कोरोना वायरस से संक्रमण के आज 1,702 नये मामले सामने आए जिन्हें मिलाकर अब राज्य में कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 64,439 हो गयी है।राज्य में अबतक सामने आए 64,439 मरीजों में से 49,750 अब तक ठीक होकर अपने घरों को लौट चुके हैं।
छत्तीसगढ़ में कोरोना वायरस से संक्रमण के 3,450 नए मामले सामने आए, 15 और की मौत
छत्तीसगढ़ में गत 24 घंटों में कोरोना वायरस से संक्रमण के 3,450 नए मामलों की पुष्टि हुई। राज्य में एक दिन में आने वाले मामलों के लिहाज से यह अबतक सबसे अधिक। इसके साथ ही छत्तीसगढ़ में कोविड-19 के शिकार होने वाले मरीजों की कुल संख्या बढ़कर 70,777 हो गई है।राज्य में मंगलवार को 773 लोगों को संक्रमण मुक्त होने के बाद अस्पतालों से छुट्टी दी गई। वहीं, इस अवधि में 15 संक्रमितों की मौत हुई है।राज्य के स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि आज संक्रमण के 3,450 नये मामले सामने आए हैं। इनमें रायपुर जिले के 1015, बिलासपुर के 232, राजनांदगांव के 223, बलौदाबाजार के 214, कबीरधाम के 169, कोरबा के 158, दुर्ग के 138, बस्तर के 136, सरगुजा के 123, रायगढ़ के 121, जांजगीर-चांपा के 120, बालोद के 85, बीजापुर के 81, महासमुंद के 77, मुंगेली के 75, दंतेवाड़ा और कांकेर के 58-58, धमतरी और कोरिया के 51-51, गरियाबंद के 48, नारायणपुर के 45, जशपुर के 41, सूरजपुर के 39, कोण्डागांव के 37. बलरामपुर और सुकमा के 19-19, बेमेतरा के 15 तथा अन्य राज्य के दो मरीज शामिल हैं।
मुंबई में छह दिन बाद कोरोना वायरस संक्रमण के 2,000 से कम मामले सामने आए, 49 रोगियों की मौत
मुंबई में इस सप्ताह एक दिन में कोरोना वायरस संक्रमण के सबसे कम 1,585 नए मामले सामने आने के बाद मंगलवार को संक्रमितों की संख्या 1,73,534 हो गई। इसके अलावा 49 और रोगियों की मौत के साथ ही मृतकों की तादाद 8,227 तक पहुंच गई है।मुंबई में मंगलवार को छह दिन बाद 2,000 से कम मामले सामने आए हैं। हालांकि, मृतकों की संख्या में तेजी से इजाफा हुआ है। सोमवार को जहां 31 रोगियों की मौत हुई थी, वहीं मंगलवार को 49 रोगियों ने दम तोड़ दिया। BMC के अनुसार बीते 24 घंटे में 1,717 रोगी ठीक हुए हैं, जिसके बाद ठीक हो चुके लोगों की कुल संख्या 1,34,066 हो गई है।निगम के अनुसार मुंबई में रोगियों के ठीक होने की दर 77 प्रतिशत है।

