LIVE

MP by-election result 2020 : मध्यप्रदेश में बीजेपी को 19 सीटें तो कांग्रेस को 8, नहीं जीत पाईं इमरती देवी

By-Election Results for MP, UP, Haryana, Gujarat, एमपी, यूपी, हरियाणा उपचुनाव रिजल्ट 2020 LIVE: देश के 11 राज्यों की 58 विधानसभा सीटों के लिए हुए उपचुनाव की मतगणना के रूझान अब लगभग स्‍पष्‍ट हो गए हैं। मध्‍य प्रदेश, उत्‍तर प्रदेश और गुजरात में बीजेपी ने बाजी मारी है। कई सीटों पर परिणाम घोषित कर दिए गए हैं, जबकि कुछ पर अभी मतगणना जारी है। जानें ताजा अपडेट्स :

टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलटाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलUpdated Nov 11, 2020, 01:18 IST
Follow on Google News
MP by-election result 2020 : मध्यप्रदेश में बीजेपी को 19 सीटें तो कांग्रेस को 8, नहीं जीत पाईं इमरती देवी

एमपी, यूपी, हरियाणा, गुजरात उपचुनाव रिजल्ट 2020 (MP Up Chunav Results) 2020: मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश समेत 11 राज्यों की 58 विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव के नतीजे अब लगभग स्‍पष्‍ट हो गए हैं। मध्य प्रदेश की 28, उत्तर प्रदेश की सात, गुजरात की आठ, मणिपुर की पांच, हरियाणा की एक सीट, छत्तीसगढ़ की एक, झारखंड की दो, कर्नाटक की दो विधानसभा सीटों के लिए हुए उपचुनाव के लिए आज मतगणना हो रही है। कई सीटों पर रिजल्‍ट घोषित कर दिए गए हैं, जबकि कई जगह अब भी मतगणना जारी है। कोविड महामारी को देखते हुए इस बार मतगणना केंद्रों पर विशेष इंतजाम किए गए।

NOV 11, 2020 00:23 IST

भाजपा 19 सीटों पर जीत दर्ज कर चुकी है, कांग्रेस के खाते में 8 सीटें

मध्यप्रदेश में हुए 28 विधानसभा सीटों के लिए हुए उपचुनाव के लिए नतीजे आ गए हैं, भाजपा 19 सीटों पर जीत दर्ज कर चुकी है वहीं, कांग्रेस को आठ सीटों पर जीत हासिल हुई है। एक सीट का नतीजा आना नहीं आया है वहीं इस शानदार जीत को लेकर गृह मंत्री अमित शाह ने भी बधाई दी है। 
 

NOV 10, 2020 21:23 IST

भाजपा उम्मीदवार इमरती देवी को हार का सामना करना पड़ा

राज्य में उपचुनाव के दौरान खासी चर्चा में रहीं भाजपा उम्मीदवार इमरती देवी को हार का सामना करना पड़ा है। राज्य में महिला एवं बाल विकास मंत्री इमरती देवी डबरा विधानसभा से चुनावी मैदान में थीं। उन्हें कांग्रेस उम्मीदवार सुरेश राजे के हाथों हार का मुह देखना पड़ा। 

NOV 10, 2020 19:49 IST

गुजरात में सभी 8 सीटों पर BJP की जीत

गुजरात की सभी 8 विधानसभा सीटों पर बीजेपी ने उपचुनाव जीता। लिम्बडी, अब्दासा, कपराद, डांग, कर्जन, धारी, गाधड़ा और मोरबी में 3 नवंबर को उपचुनाव हुए थे।

NOV 10, 2020 19:40 IST

UP में 7 में से 6 पर जीती बीजेपी

उत्तर प्रदेश की 7 में से 6 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव जीती बीजेपी। 1 सीट पर सपा को मिली जीत। इन सीटों पर 3 नवंबर को उपचुनाव हुए थे। इन सात सीटों में से पिछले विधानसभा चुनाव में छह सीटें भाजपा के पास थीं, जबकि एक सीट समाजवादी पार्टी के खाते में गई थी। बुलंदशहर, टूंडला, बांगरमऊ, घाटमपुर, देवरिया और नौगांव सादात में बीजेपी की जीत जबकि मल्हनी सीट पर समाजवादी पार्टी के लकी यादव जीते।

NOV 10, 2020 19:18 IST

उपचुनावों में BJP की बल्ले-बल्ले

मध्य प्रदेश की 28 में से 10 पर बीजेपी जीती, 9 पर आगे। कांग्रेस 1 पर जीती, 8 पर आगे। एक पर बीएसपी आगे है। छत्तीसगढ़ की 1 सीट पर कांग्रेस आगे। गुजरात की 8 सीटों में से 7 पर बीजेपी जीती, जबकि 1 पर आगे। झारखंड की एक सीट पर JMM जीती, एक पर कांग्रेस जीती। कर्नाटक की दोनों सीटें बीजेपी ने जीती। मणिपुर की 3 सीटें बीजेपी ने जीतीं, एक पर आगे, एक अन्य जीती। नागालैंड की एक सीट अन्य ने और एक नेशनलिस्ट डेमोक्रेटिक प्रोग्रेसिव पार्टी ने जीती। ओडिशा में दोनों सीटों पर बीजेडी आगे। तेलंगाना की एक सीट पर बीजेपी आगे। यूपी की 4 सीटों पर बीजेपी जीती, 2 पर आगे। 1 पर सपा जीती।

NOV 10, 2020 18:31 IST

यहां जानें उपचुनाव की ताजा स्थिति

मध्य प्रदेश की 28 में से 9 पर बीजेपी जीती, 10 पर आगे। कांग्रेस 1 पर जीती, 7 पर आगे। एक पर बीएसपी आगे है। छत्तीसगढ़ की 1 सीट पर कांग्रेस आगे। गुजरात की 8 सीटों में से 5 पर बीजेपी जीती, जबकि 3 पर आगे। हरियाणा की एक सीट बीजेपी ने जीती। झारखंड की एक सीट पर JMM जीती, एक पर कांग्रेस आगे। कर्नाटक की एक सीट बीजेपी ने जीती। मणिपुर की 3 सीटें बीजेपी ने जीतीं, एक पर आगे, एक पर अन्य आगे। नागालैंड की एक सीट अन्य ने और एक नेशनलिस्ट डेमोक्रेटिक प्रोग्रेसिव पार्टी ने जीती। ओडिशा में दोनों सीटों पर बीजेडी आगे। तेलंगाना की एक सीट पर बीजेपी आगे। यूपी की 2 सीटों पर बीजेपी जीती, 4 पर आगे। 1 पर सपा जीती।

NOV 10, 2020 18:00 IST

एमपी उपचुनाव : सिंधिया के प्रभाव वाले क्षेत्र में बीजेपी का दबदबा

मध्‍य प्रदेश में ताजा रूझानों के मुताबिक, बीजेपी ने 5 सीटों पर जीत हासिल कर ली है, जबकि 14 सीटों पर वह आगे चल रही है। वहीं, कांग्रेस ने एक सीट जीती है, जबकि 7 पर वह आगे है। अब तक के नतीजों व रूझानों को देखते हुए साफ है कि मध्‍य प्रदेश की सत्‍ता में बने रहने के लिए बीजेपी को जरूरी कम से कम 8 सीटों से कहीं अधिक सीटें उसे मिलने जा रही हैं, जबकि कांग्रेस हार की तरफ बढ़ती नजर आ रही है। यहां जिन 28 सीटों के लिए वोट डाले गए थे, उनमें से 22 ऐसी सीटें हैं, जहां ज्‍योतिरादित्‍य सिंधिया का प्रभाव माना जाता है। मार्च में कांग्रेस छोड़ बीजेपी में शामिल हुए सिंधिया के प्रभाव वाले क्षेत्र में बीजेपी को अच्‍छी बढ़त मिली है। बीजेपी के प्रदर्शन से उत्‍साहित सिंधिया ने ट्वीट कर मतदाताओं का आभार जताया और विजेता प्रत्‍याशियों को बधाई दी। उन्‍होंने लिखा, 'मप्र विधानसभा उपचुनावों में विजयी हुए भारतीय जनता पार्टी के सभी प्रत्याशियों को हार्दिक शुभकामनाएं। वहीं सभी देवतुल्य मतदाताओं का हृदय से आभार। मुझे पूर्ण विश्वास है कि आप सभी विजयी उम्मीदवार जनसेवा और अपने विधानसभा क्षेत्र के समुचित विकास के लिए सदैव तत्पर रहेंगे।'

NOV 10, 2020 17:51 IST

एमपी उपचुनाव रिजल्ट : इंदौर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं का हंगामा

मध्‍य प्रदेश में विधानसभा की 28 सीटों के लिए हुए उपचुनाव के नतीजों व रूझानों को लेकर कांग्रेस नेताओं व कार्यकर्ताओं में खीझ देखी जा रही है। दिग्‍व‍िजय सिंह जहां ईवीएम को लेकर सवाल उठा चुके हैं, वहीं पार्टी के कुछ कार्यकर्ताओं ने इंदौर में हंगामा किया। कांग्रेस प्रत्‍याशी प्रेमचंद गुड्डू के समर्थकों ने चुनाव अधिकारियों पर 'कुप्रबंधन व 'अनुचित आचरण' के आरोप लगाते हुए हंगामा और मतगणना का बहिष्‍कार किया। कांग्रेस प्रत्‍याशी के बेटे अजीत बोरासी ने कहा कि ईवीएम सीलबंद नहीं थे। उन्‍होंने आरोप लगाया कि अधिकारी बीजेपी के दबाव में काम कर रहे थे। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कोर्ट जाने की बात कही।

NOV 10, 2020 17:36 IST

एमपी उपचुनाव रिजल्ट : सिंधिया समर्थक इमरती देवी वोटों की गिनती में पिछड़ीं

मध्‍य प्रदेश के उपचुनाव में बड़ा उलटफेर नजर आ रहा है। ज्‍योतिरादित्‍य सिंधिया समर्थक नेताओं में इमरती देवी और मुन्‍ना लाल अपनी सीटों से पिछड़ते नजर आ रहे हैं, जबकि पूर्व में ये आगे थे। इमरती देवी डबरा विधानसभा सीट से बीजेपी प्रत्‍याशी हैं, जबकि मुन्‍ना लाल पूर्वी ग्‍वालियर सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। ताजा रूझानों में डबरा से जहां कांग्रेस प्रत्‍याशी सुरेश राजे को बढ़त हासिल है, वहीं पूर्वी ग्‍वालियर सीट से कांग्रेस उम्‍मीदवार डॉ. सतीश सिकरवार मैदान में हैं। विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान इमरती देवी को लेकर दिया गया कांग्रेस नेता कमलनाथ का बयान सुर्खियों में रहा था। उनकी सभा में इमरती देवी को 'आइटम' कहा गया था, जिसे लेकर सिंधिया और बीजेपी की तरफ से कड़ा प्रतिरोध जताया गया था। इस मामले में कमलनाथ को चुनाव आयोग ने नोटिस भी जारी किया था।

NOV 10, 2020 17:19 IST

यूपी उपचुनाव रिजल्‍ट : 'आखिलेश की दिवाली का दिवाला निकल गया'

उत्‍तर प्रदेश में विधानसभा की 7 सीटों के लिए हुए उपचुनाव में शानदार प्रदर्शन के बाद बीजेपी उत्‍साहित है। उपमुख्‍यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सपा पर तंज करते हुए कहा है कि पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव की दिवाली का दिवाला न‍िकल गया है। उन्‍होंने कहा, 'उनकी (अखिलेश यादव) की दिवाली का दिवाला निकल गया है। वह बीजेपी पर आरोप लगा रहे थे। उत्‍तर प्रदेश में अब 'गुंडा राज', 'माफ‍िया राज', 'जंगल राज' की वापसी नहीं होने जा रही। यह अब 'राम राज्‍य' है और यही रहेगा। यह साफ संदेश है।'

NOV 10, 2020 17:11 IST

यूपी उपचुनाव रिजल्‍ट : सीएम योगी ने पीएम मोदी को दिया श्रेय

उत्‍तर प्रदेश में सात व‍िधानसभा सीटों के लिए हुए उपचुनाव में शानदार प्रदर्शन के लिए राज्‍य के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, बीजेपी अध्‍यक्ष जेपी नड्डा और उपचुनाव को लेकर तैयारियों में जुटी बीजेपी की टीम को श्रेय दिया है। एक संवाददाता सम्‍मेलन में उन्‍होंने कहा कि 2019 के लोकसभा चुनाव के बाद इस चुनाव में भी जनता ने साबित कर दिया है कि बीजेपी में उनका भरोसा बरकरार है। बिहार के चुनावी नतीजे भी यही बताते हैं। उन्‍होंने कहा, 'यह साबित हो गया है कि लोगों को केवल मोदी की जरूरत है... मोदी है तो मुमकिन है।' उन्‍होंने उम्‍मीद जताई कि बीजेपी आगामी चुनावों में भी शानदार प्रदर्शन करेगी। यूपी में विधानसभा की 7 सीटों के लिए हुए उपचुनाव में बीजेपी ने एक पर जीत हासिल कर ली है, जबकि पांच सीटों पर आगे है। एक सीट सपा के खाते में गई है, जो पहले भी उसके पास ही थी।

NOV 10, 2020 16:50 IST

एमपी उपचुनाव रिजल्ट : 'मध्‍य प्रदेश की जनता से स्‍नेह का रिश्‍ता'

मध्‍य प्रदेश के चुनावी रूझानों पर मुख्‍यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा, 'प्रदेश की जनता का और मेरा आत्मीयता का, प्रेम का और स्नेह का रिश्ता है। मुझे पूरा विश्वास था कि बीजेपी को भारी विजय मिलने वाली है। जहां हम जीत रहे हैं, वहां अधिकांश सीटों पर 40-50 हजार वोटों से जीत रहे हैं।'

NOV 10, 2020 16:46 IST

एमपी उपचुनाव रिजल्ट : दिग्‍व‍िजय पर शिवराज का पलटवार

ईवीएम में छेड़छाड़ को लेकर कांग्रेस नेता दिग्‍व‍िजय सिंह के बयान पर पलटवार करते हुए मध्‍य प्रदेश के मुख्‍यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा, 'पिछली बार जब उनकी (दिग्विजय सिंह) पार्टी ने चुनावों में 114 सीटें जीती थीं, तब ईवीएम कोई मुद्दा नहीं था। वह कभी सच स्वीकार नहीं करते। वह अपनी पार्टी की हार का केवल बहाना बना सकते हैं।'

NOV 10, 2020 16:42 IST

गुजरात उपचुनाव रिजल्‍ट : सीएम रूपाणी ने बीजेपी कार्यकर्ताओं के साथ मनाया जश्‍न

गुजरात में आठ सीटों के लिए हुए उपचुनाव में बीजेपी ने तीन सीटों पर जीत दर्ज कर ली है, जबकि पांच पर वह आगे चल रही है। रूझानों में बढ़त के बीच मुख्‍यमंत्री विजय रूपाणी ने बीजेपी कार्यकर्ताओं से मुलाकात की और गांधी नगर के कमलाम में जश्न मनाया।

NOV 10, 2020 16:32 IST

हरियाणा उपचुनाव रिजल्‍ट : अपनी हार पर बोले योगेश्‍वर दत्‍त- यह लोगों का जनादेश

हरियाणा में बरोदा सीट से उपुचनाव हारने वाले बीजेपी प्रत्‍याशी पहलवान योगेश्‍वर दत्‍त ने विजेता उम्‍मीदवार को जीत की बधाई दी है। यहां से कांग्रेस प्रत्‍याशी इंदु राज नरवाल ने जीत हासिल की है। अपनी हार पर योगेश्‍वर दत्‍त ने कहा, 'मुझमें कुछ कमी होगी, जिसकी वजह से मैं लोगों की उम्मीदों पर खरा नहीं उतर सका। मैं कारण नहीं बता सकता, यह लोगों का जनादेश है। मैंने कड़ी मेहनत की थी, मैं कड़ी मेहनत करता रहूंगा। मैं विजेता उम्मीदवार को बधाई देता हूं।'

NOV 10, 2020 16:21 IST

एमपी उपचुनाव रिजल्‍ट: दिग्‍विजय सिंह ने EVM पर फोड़ा ठीकरा

मध्‍य प्रदेश में अब तक के रूझान बीजेपी के पक्ष में रहे हैं, जिसके बाद कांग्रेस की तरफ से ईवीएम में छेड़छाड़ की बात उठाई जा रही है। पार्टी के दिग्‍गज नेता दिग्‍विजय सिंह ने कहा कि हार की समीक्षा के लिए बुधवार को बैठक बुलाई जाएगी। उन्‍होंने ईवीएम में छेड़छाड़ से इनकार नहीं किया। उन्‍होंने कहा, 'ईवीएम को छेड़छाड़ नहीं हो सकता, ऐसा नहीं है। ऐसी सीटें हैं, जहां से हमारे हारने की कोई संभावना नहीं थी, लेकिन हम हजारों  वोटों के अंतर से हारे। चुनाव परिणामों की समीक्षा के लिए हम कल बैठक बुलाएंगे।'

NOV 10, 2020 16:09 IST

यूपी उपचुनाव रिजल्‍ट : बीजेपी ने अमरोहा, सपा ने जौनपुर से विधानसभा सीटें जीतीं

यूपी में विधानसभा की सात सीटों पर वोट डाले गए थे, जिनमें से अमरोहा से नौगांव सादात की सीट बीजेपी ने जीत ली है, जबकि जौनपुर में मल्हनी सीट सपा के खाते में गई है। विधानसभा सीट कांग्रेस के खाते में गई है। अमरोहा से संगीता चौहान ने जीत दर्ज की है, जो यूपी कैबिनेट में मंत्री रहे चेतन चौहान की पत्‍नी हैं। कोरोना वायरस से संक्रमित चेतन चौहान का बीते दिनों निधन हो गया था, जिसके बाद यहां उपचुनाव कराया गया। जौनपुर में मल्हनी सीट से सपा प्रत्‍याशी लकी यादव ने चुनाव जीता है। वह दिवंगत सपा नेता पारसनाथ यादव के बेटे हैं। पिछले विधानसभा चुनाव में भी यह सीट सपा के खाते में गई थी, जबकि बाकी सीटों पर बीजेपी का ही कब्‍जा था। यूपी में शेष 5 सीटों पर बीजेपी आगे है।

NOV 10, 2020 15:57 IST

कर्नाटक उपचुनाव रिजल्‍ट : बीजेपी ने दोनों सीटें जीतीं

कर्नाटक की दो विधानसभा सीटों के लिए हुए उपचुनाव में बीजेपी ने जीत हासिल की है। यहां तुमकुरु जिले की सिरा और बेंगलुरु शहर की राजराजेश्वरी नगर (आरआर नगर) सीट के लिए उपचुनाव कराया गया। तीन नवंबर को यहां वोट डाले गए थे। मंगलवार को हुई मतगणना में दोनों सीटों से बीजेपी ने जीत हासिल की। सिरा सीट से बीजेपी प्रत्‍याशी डॉ.सीएम राजेश गौडा ने जीत हासिल की। यहां कांग्रेस दूसरे और जनता दल-सेक्‍युलर तीसरे नंबर पर रही। साल 2018 के चुनाव में यह सीट जद (एस) ने जीती थी। विधायक बी सत्यनरायण के अगस्त में निधन के कारण यहां उपचुनाव कराया गया। वहीं आरआर नगर सीट से बीजेपी प्रत्‍याशी के एन मुणिरत्ना ने जीत हासिल की। यहां भी कांग्रेस दूसरे, ज‍बकि जद-एस तीसरे स्‍थान पर रही। यहां तत्कालीन कांग्रेस विधायक एन मुणिरत्ना के दल-बदल कानून के तहत अयोग्य ठहराए जाने की वजह से उपचुनाव कराया गया। इन दोनों सीटों से बढ़त के साथ ही मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से एक वीडियो जारी किया गया था, जिसमें मंत्री आर अशोक, बसवराज बोम्मई, श्रीरामुलु, बी बसवराज और अन्य को मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा को बधाई देते व मिठाई खिलाते देखा गया।

NOV 10, 2020 15:27 IST

हरियाणा उपचुनाव रिजल्‍ट : पहलवान योगेश्‍वर दत्‍त हारे

हरियाणा में कांग्रेस प्रत्‍याशी इंदु राज नरवाल ने बरोदा सीट से चुनाव जीत लिया है। उन्‍होंने यहां से बीजेपी उम्‍मीदवार पहलवान योगेश्‍वर दत्‍त को हराया है। तीन बार के कांग्रेस विधायक कृष्ण हुड्डा के निधन के बाद यहां उपचुनाव कराना जरूरी हो गया था। सोनीपत जिले में बरोदा विधानसभा क्षेत्र को कांग्रेस नेता और राज्‍य के दो बार मुख्यमंत्री रह चुके भूपेंद्र सिंह हुड्डा का गढ़ माना जाता है। उन्‍होंने यहां अपने सांसद बेटे दीपेंद्र हुड्डा के साथ मिलकर आक्रामक प्रचार किया था।
 

NOV 10, 2020 15:21 IST

11 राज्‍यों की 58 में 44 सीटों पर बीजेपी आगे

देश में 11 राज्‍यों की 58 विधानसभा सीटों के लिए कराए गए उपचुनाव में बीजेपी को साफ तौर पर बढ़त नजर आ रही है। बीजेपी 44 सीटों पर आगे चल रही है, जबकि कांग्रेस महज 9 सीटों पर आगे है। सबसे महत्‍वपूर्ण समझे जाने वाले मध्‍य प्रदेश में बीजेपी ने 21 सीटों पर निर्णायक बढ़त बना ली हैं, जहां सरकार में बने रहने के लिए बीजेपी को कम से आठ सीटों पर जीत हासिल करना जरूरी था। वहीं, गुजरात में बीजेपी ने सभी 8 सीटों पर बढ़त बनाई है, जहां सीटें कांग्रेस विधायकों के इस्‍तीफे के कारण रिक्‍त हुई थी।

NOV 10, 2020 15:07 IST

मध्‍य प्रदेश उपचुनाव रिजल्ट : बीजेपी कार्यकर्ताओं में जश्‍न

मध्‍य प्रदेश में बीजेपी को 21 सीटों पर बढ़त हासिल है, जिसके बाद यहां पार्टी के समर्थकों व कार्यकर्ताओं में उत्‍साह देखा जा रहा है। इंदौर में पार्टी के कार्यकर्ताओं व समर्थकों ने ढोल नगाड़े के साथ नाच-गाकर जश्‍न मनाया।

NOV 10, 2020 14:00 IST

यूपी उपचुनाव रिजल्‍ट : यूपी में 7 में से 6 सीटों पर बीजेपी को बढ़त

यूपी में विधानसभा की सात सीटों के लिए हुए उपचुनाव की मतगणना में बड़ा उलटफेर नजर आ रहा है। यहां बीजेपी सात में से 6 सीटों पर आगे है, जबकि एक सीट पर निर्दलीय प्रत्‍याशी को बढ़त है। जिन सात सीटों के लिए उपचुनाव कराए गए हैं, उनमें से 6 सीटें पहले से ही बीजेपी के पास थीं, जबकि एक सीट पर सपा का कब्‍जा था। जाता रूझानों के मुताबिक, बीजेपी की उषा सिरोही बुलंदशहर सीट से आगे चल रही हैं, जबकि टूंडला सीट से पार्टी के प्रेमपाल डांगर आगे चल रहे हैं। बीजेपी प्रत्‍याशी श्रीकांत कटियार (बांगरमऊ), उपेंद्रनाथ पासवान (घाटमपुर), सत्यप्रकाश मणि त्रिपाठी (देवरिया) और संगीता चौहान (नौगांव सादात) अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वियों से आगे चल रहे हैं। मल्हनी सीट पर निर्दलीय प्रत्याशी धनंजय सिंह समाजवादी पार्टी के लकी यादव से आगे चल रहे हैं।

NOV 10, 2020 13:52 IST

मण‍िपुर उपचुनाव रिजल्‍ट : निर्दलीय प्रत्‍याशी ने जीत सीट

मणिपुर में जहां बीजेपी ने 2 सीटें जीत ली हैं और दो अन्‍य पर आगे है, वहीं निर्दलीय प्रत्‍याशी ने एक सीट पर जीत हासिल की है। यहां विधानसभा की पांच सीटों के लिए उपचुनाव हुए।

NOV 10, 2020 13:44 IST

मध्‍य प्रदेश उपचुनाव रिजल्‍ट : में कांग्रेस 7 सीटों पर आगे

मध्‍य प्रदेश में बीजेपी ने जहां 20 सीटों पर बढ़त बना ली है, वहीं कांग्रेस 7 सीटों पर आगे है। एक सीट पर बसपा आगे चल रही है। मध्‍य प्रदेश के चुनावी नतीजों के रूझान से बीजेपी कार्यकर्ताओं में जबरदस्‍त उत्‍साह देखा जा रहा है।

NOV 10, 2020 13:28 IST

तेलंगाना उपचुनाव रिजल्‍ट : दुब्बक से बीजेपी आगे

तेलंगाना की दुब्बक विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए तीन नवंबर को संपन्न हुए मतदान के बाद मंगलवार सुबह मतगणना शुरू हुई, जिसमें सात चरणों की गिनती पूरी होने के बाद  बीजेपी प्रत्याशी एम रघुनंदर राव बढ़त बनाए हुए हैं। राव अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी एवं तेलंगाना राष्ट्र समिति (टीआरएस) की प्रत्याशी सोलीपेटा सुजाता से 2,485 मतों के अंतर से बढ़त बनाए हुए हैं। गिनती 23 चरणों के बाद पूरी होने की संभावना है। इस सीट से निर्वाचित हुए टीआरएस के विधायक सोलीपेटा रामालिंगा रेड्डी का अगस्त में निधन होने की वजह से तीन नवंबर को यहां मतदान कराया गया। टीआरएस ने इस सीट से रामालिंगा रेड्डी की पत्नी सुजाता को प्रत्याशी बनाया है। इस सीट पर 20 अन्य प्रत्याशी भी मैदान में हैं लेकिन मुख्य मुकाबला राज्य में सत्तारूढ़ टीआरएस, भाजपा और कांग्रेस के बीच है।

NOV 10, 2020 13:17 IST

मणिपुरी में बीजेपी ने जीती 2 सीटें

मणिपुर में बीजेपी ने विधानसभा की 5 सीटों में से 2 सीटों पर जीत हासिल कर ली है, जबकि दो अन्‍य सीट पर पार्टी आगे चल रही है। वहीं, एक अन्‍य सीट पर निर्दलीय प्रत्‍याशी आगे चल रहे हैं।

NOV 10, 2020 13:14 IST

गुजरात उपचुनाव रिजल्‍ट : सीएम रूपाणी बोले- ये आगामी चुनावों का ट्रेलर

गुजरात में बीजेपी को विधानसभा की सभी 8 सीटों पर बढ़त हासिल है। इस बीच राज्‍य के मुख्‍यमंत्री विजय रूपाणी ने कहा कि इस चुनाव में पार्टी सभी आठ सीटों पर जीत हासिल करने जा रही है। उन्‍होंने यह भी कहा कि ये आगामी चुनावों का ट्रेलर है।

NOV 10, 2020 13:11 IST

मध्‍य प्रदेश उपचुनाव रिजल्ट : बीजेपी को 20 सीटों पर बढ़त

मध्‍य प्रदेश में बीजेपी ने अब 20 सीटों पर बढ़त बना ली है। हालांकि तीन सीटों आगर, पोहरी और मेहगांव में मुकाबला कांटे का नजर आ रहा है। यहां कांग्रेस और बीजेपी के प्रत्‍याशियों में 200 से कम वोटों का अंतर नजर आ रहा है।
 

NOV 10, 2020 13:00 IST

मध्य प्रदेश उपचुनाव रिजल्‍ट: शिवराज सिंह चौहान के आवास पर बंटी मिठाइयां

मध्‍य प्रदेश में 28 विधानसभा सीटों के लिए हुए उपचुनाव में बीजेपी के प्रदर्शन से पार्टी खेमे में खुशी की लहर है। बीजेपी नेताओं ने मुख्‍यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के आवास पर मिठाइयां बांटकर इसका जश्‍न मनाया। बीजेपी नेताओं ने भोपाल स्थित मुख्‍यमंत्री आवास पर उन्‍हें मिठाई खिलाई। बीजेपी राज्‍य में 19 सीटों पर फिलहाल आगे चल रही है।

NOV 10, 2020 12:43 IST

मणिपुर चुनाव रिजल्‍ट : 1 सीट पर जीत, 3 सीटों पर आगे चल रही बीजेपी

पूर्वोत्‍तर के राज्‍य मणिपुर में बीजेपी 1 सीट पर चुनाव जीत चुकी है, जबकि तीन सीटों पर वह आगे चल रही है। यहां 1 सीट पर निर्दलीय प्रत्‍याशी को बढ़त है। यहां विधानसभा की पांच सीटों के लिए उपचुनाव कराए गए हैं।

NOV 10, 2020 12:43 IST

उपचुनाव रिजल्‍ट: बीजेपी को बढ़त, पार्टी कार्यकर्ताओं में खुशी

मध्‍य प्रदेश में देश के 11 राज्यों की 58 विधानसभा सीटों के लिए हुए उपचुनाव की मतगणना जारी है, जिसमें मध्‍य प्रदेश, गुजरात और उत्‍तर प्रदेश में बीजेपी ने बढ़त बना ली है। ताजा रूझानों के मुताबिक, यहां बीजेपी 19 सीटों पर आगे है, जबकि कांग्रेस 8 सीट पर और एक सीट पर बसपा आगे है। गुजरात में बीजेपी सभी 8 सीटों पर आगे है, जबकि यूपी में विधानसभा की 7 सीटों पर कराए गए उपचुनाव में बीजेपी 5 सीटों पर आगे है, जबकि 1 सीट पर सपा और एक पर निर्दलीय प्रत्‍याशी को बढ़त हासिल है। वहीं, कर्नाटक की दोनों विधानसभा सीटों पर बीजेपी ने बढ़त बना रखी है।

NOV 10, 2020 12:13 IST

गुजरात उपचुनाव रिजल्ट : बीजेपी नेताओं में उत्‍साह

गुजरात में बढ़त से बीजेपी के नेताओं में उत्‍साह है। पार्टी यहां विधानसभा की सभी 8 सीटों पर कराए गए उपचुनाव में बढ़त बनाए हुए है। रूझानों में बढ़त से उत्‍साहित बीजेपी नेता व कार्यकर्ता गांधीनगर में विजय चिह्न दिखाते नजर आए।

NOV 10, 2020 12:08 IST

गुजरात उपचुनाव रिजल्ट : बीजेपी को सभी 8 सीटों पर बढ़त

गुजरात में विधानसभा की 8 सीटों के लिए उपचुनाव कराया गया, जहां सभी सीटों पर बीजेपी आगे चल रही है। यहां कांग्रेस को एक सीट पर शुरुआती रूझानों में बढ़त मिली थी, लेकिन अब सभी जगह बीजेपी ने बढ़त बना ली है।

NOV 10, 2020 11:57 IST

मध्‍य प्रदेश उपचुनाव रिजल्‍ट: 'बीजेपी के पास खोने के लिए कुछ नहीं'

मध्‍य प्रदेश में जारी मतगणना के बीच शिवराज सरकार के मंत्री नरोत्‍तम मिश्रा ने कहा, 'बीजेपी के पास खोने के लिए कुछ नहीं है। हमें सिर्फ लाभ होगा।' ईवीएम को लेकर कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह के बयान के संबंध में उन्‍होंने कहा, 'अगर वह ईवीएम पर सवाल उठा रहे हैं तो इसका अर्थ साफ है कि बीजेपी जीत रही है। हमें बहुमत मिलने जा रहा है और ये दो बुजुर्ग (दिग्विजय सिंह और कमलनाथ) दिल्‍ली जा रहे हैं।'

NOV 10, 2020 11:35 IST

मध्‍य प्रदेश उपचुनाव रिजल्‍ट: सिंध‍िया के 3 करीबी रूझानों में पिछड़े

मध्‍य प्रदेश में 28 सीटों के लिए हुए उपचुनाव में ज्‍योतिरादित्‍य सिंध‍िया की प्रतिष्‍ठा भी दांव पर है। बीते मार्च में उनके साथ 25 विधायकों ने कांग्रेस छोड़ बीजेपी ज्‍वाइन की थी। इस उपचुनाव में अब तक के रूझानों के मुताबिक, सिंधिया के करीबियों में पूर्व मंत्री तुलसी सिलावट, गोविंद सिंह राजपूत और मंत्री महेंद्र सिंह सिसोदिया, प्रदुम्न सिंह तोमर, बृजेंद्र सिंह यादव, इमरती देवी, प्रभुराम चौधरी, हरदीप सिंह डंग, राजवर्धन सिंह दत्तीगांव, सुरेश धाकड़ और बिसाहूलाल जहां आगे चल रहे हैं, वहीं ओपीएस भदौरिया, गिर्राज दंडोतिया और ऐंदल सिंह कंसाना पीछे चल हैं।

NOV 10, 2020 11:22 IST

ओडिशा में दोनों सीटों पर बीजद आगे

ओडिशा में बालासोर और तीर्तोल विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव की मतगणना में बीजद प्रत्‍याशी आगे चल रहे हैं। चुनाव अधिकारियों ने बताया कि जगतसिंहपुर जिले के तीर्तोल से शुरुआती रूझान में बीजद के बिजय शंकर दास, भाजपा के उम्मीदवार राजकिशोर बेहेरा से 1,078 मतों से आगे चल रहे हैं। दास को अब तक 3,852 वोट मिले हैं, जबकि बेहेरा को 2,774 वोट मिले हैं। कांग्रेस के उम्मीदवार हिमांशु भूषण मल्लिक को 442 वोट मिले हैं। वहीं बालासोर में बीजद उम्मीदवार स्वरूप कुमार दास अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा के उम्मीदवार मानस कुमार दत्ता से 615 मतों से आगे चल रहे हैं। अभी तक दास को 3,459 जबकि दत्ता को 2,844 मत मिले हैं। कांग्रेस उम्मीदवार ममता कुंडू 523 वोटों के साथ तीसरे स्थान पर हैं। बालासोर के भाजपा विधायक मदन मोहन दत्ता और तीर्तोल से बीजद विधायक विष्णु चरण दास के निधन के कारण यहां उपचुनाव की जरूरत पड़ी। दोनों ही सीटों पर तीन नवम्बर को मतदान हुआ था।

NOV 10, 2020 11:07 IST

एमपी उपचुनाव रिजल्‍ट: 'ईवीएम खुलने दीजिये'

मध्‍य प्रदेश में वोटों की गिनती जारी है, जिसमें बीजेपी को 19 सीटों पर बढ़त है। कांग्रेस 8 सीटों पर आगे है, पर पार्टी को जीत का यकीन है। कांग्रेस नेता दिग्‍व‍िजय सिंह ने अब तक के रूझानों पर कहा कि यह डाक मत-पत्रों की गिनती है, ईवीएम को खुलने दीजिये।

NOV 10, 2020 11:07 IST

हरियाणा उपचुनाव रिजल्‍ट : योगेश्‍वर दत्‍त पिछड़े

हरियाणा की बरोदा सीट के लिए हुए उपचुनाव में अब तक के रूझान कांग्रेस प्रत्‍याशी इंदु राज के पक्ष में जाते दिख रहे हैं। बीजेपी उम्‍मीदवार व पहलवान योगेश्‍वर दत्‍त यहां से पिछड़ गए हैं।

NOV 10, 2020 10:33 IST

मणिपुर में बीजेपी ने जीती 1 सीट

मणिपुर में 5 सीटों के लिए हुए उपचुनाव में बीजेपी ने एक सीट जीत ली है। पार्टी एक अन्‍य सीट पर आगे चल रही है।

NOV 10, 2020 10:22 IST

बीजेपी को 19 सीटों पर बढ़त

मध्‍य प्रदेश से आए ताजा रूझानों के मुताबिक, बीजेपी को 19 सीटों पर बढ़त है, जबकि कांग्रेस 8 सीटों पर आगे है। वहीं, बसपा 1 सीट पर आगे चल रही है। 

NOV 10, 2020 10:02 IST

यूपी में बीजेपी को 3 सीटों पर बढ़त

उत्‍तर प्रदेश में 7 सीटों के लिए उपचुनाव कराए गए हैं। ताजा रूझानों के मुताबिक यहां बीजेपी चार सीटों पर आगे है, जबकि सपा 1 और बसपा 1 सीट पर आगे चल रही है। वहींं 1 सीट पर निर्दलीय उम्‍‍‍‍‍‍‍‍मीदवार आगे हैं।

NOV 10, 2020 10:01 IST

मणिपुर में 1 सीट पर कांग्रेस आगे

मणिपुर में पांच सीटों के लिए उपचुनाव हुए हैं। एक 1 सीट पर कांग्रेस को बढ़त हासिल है। 

NOV 10, 2020 09:52 IST

गुजरात में बीजेपी आगे

गुजरात में 8 सीटों के लिए हुए उपचुनाव में बीजेपी 7 सीटों पर आगे चल रही है, जबकि कांग्रेस 1 सीट पर आगे चल ही है। इन आठ सीटों पर 81 उम्मीदवार हैं, जिनमें कौन विजेता होगा, इसकी जानकारी मतगणना पूरी होने के बाद मिल जाएगी। राज्‍यसभा चुनाव से पहले यहां कांग्रेस के विधायकों ने इस्‍तीफा दे दिया था, जिसके कारण यहां उपचुनाव कराया गया। कांग्रेस छोड़ पांच विधायक बीजेपी में शामिल हो गए। 

NOV 10, 2020 09:45 IST

मध्‍य प्रदेश में 2 सीटों पर बसपा को बढ़त

मध्‍य प्रदेश में 28 सीटों के लिए हुए उपचुनाव में से दो सीटों पर बसपा आगे चल रही है। मुरैना और पोहरी सीटों से बसपा आगे चल रही है।

NOV 10, 2020 09:43 IST

छत्‍तीसगढ़ में कांग्रेस आगे

छत्‍तीसगढ़ में एक सीट के लिए उपचुनाव हुआ है, जहां से कांग्रेस आगे चल रही है।

NOV 10, 2020 09:41 IST

हनुमान मंदिर में कलनाथ ने की पूजा

हनुमान मंदिर में कलनाथ ने की पूजा
हनुमान मंदिर में कलनाथ ने की पूजा
मध्‍य प्रदेश में जारी मतगणना के बीच पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने आज कमला पार्क स्थित हनुमान मंदिर में दर्शन कर पूजा अर्चना की। उनके साथ विवेक तनखा व नकुल नाथ भी थे।
NOV 10, 2020 09:33 IST

कमलनाथ को भरोसा

मध्‍य प्रदेश में विधानसभा की 28 सीटों के लिए हुए उपचुनाव में 22 सीटों के अब तक जो रूझान सामने आए हैं, उनमें 15 सीटों पर बीजेपी आगे चल रही है, जबकि कांग्रेस को 8 सीटों पर बढ़त है। हालांकि कांग्रेस नेता कमलनाथ को अब भी अपनी जीत का भरोसा है। टाइम्‍स नाउ से बातचीत में उन्‍होंने कहा, '1 घंटे इंतजार कीजिये, रिजल्‍ट कांग्रेस के पक्ष में होगा।'

NOV 10, 2020 09:22 IST

कर्नाटक में बीजेपी आगे

कर्नाटक में राजा राजाराजेश्‍वरी नगर विधानसभा सीट से बीजेपी आगे चल रही है। राज्‍य में दो विधानसभा सीटों के लिए उपचुनाव हुए हैं। सिरा विधानसभा क्षेत्र से भी बीजेपी को बढ़त है।

NOV 10, 2020 09:19 IST

मध्‍य प्रदेश में बीजेपी को 10 सीटों पर बढ़त

मध्‍य प्रदेश में अब तक के जो रूझान सामने आ रहे हैं, उससे प्रतीत होता है कि यहां कांग्रेस ने 'गद्दार VS खुद्दार' का जो मुद्दा उठाया था, वह बहुत काम नहीं आया। बीजेपी यहां 10 सीटों पर फिलहाल आगे चल रही है, जबकि कांग्रेस को एक सीट पर बढ़ है। 

NOV 10, 2020 09:05 IST

दिग्‍व‍िजय ने किया ट्ववीट

मध्‍य प्रदेश में जारी मतगणना से पहले कांग्रेस नेता दिग्‍व‍िजय सिंह ने ट्वीट कर कहा कि हनुमान जी अपने भक्त कमलनाथ को निराश नहीं करेंगे। उन्‍होंने ट्वीट किया, 'मतदान भी मंगलवार को हुआ और मत गणना भी मंगलवार को है। मुझे विश्वास है हनुमान जी अपने परम भक्त कमलनाथ जी को निराश नहीं करेंगे। कमलनाथ जी के साथ अन्याय हुआ है न्याय मिलेगा। भगवान के घर देर है, अंधेर नहीं है। बोलो- सिया पति रामचंद्र जी की जय, पवन पुत्र हनुमान जी की जय।'

NOV 10, 2020 09:04 IST

हरियाणा में दोपहर तक नतीजे आने की उम्‍मीद

हरियाणा में बरोदा विधानसभा उपचुनाव के लिए मतों की गिनती की जा रही है। नतीजे दोपहर तक आने की उम्मीद है। चुनाव अधिकारियों के मुताबिक, सात निर्दलीय सहित 14 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला दोपहर तक हो जाएगा। 1.81 लाख मतदाताओं में से 68 प्रतिशत मतदाताओं ने 3 नवंबर को अपने मताधिकार का प्रयोग किया था। मुख्य मुकाबला सोनीपत जिला परिषद के पूर्व सदस्य और कांग्रेस प्रत्याशी इंदुराज नरवाल और बीजेपी उम्मीदवार व पहलवान योगेश्वर दत्त के बीच है। इंडियन नेशनल लोकदल (आईएनएलडी) ने जोगिंदर सिंह मलिक को मैदान में उतारा है। तीन बार के कांग्रेस विधायक कृष्ण हुड्डा के निधन के बाद यहां उपचुनाव कराना जरूरी हो गया था। सोनीपत जिले में बरोदा कांग्रेस नेता और दो बार के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा का गढ़ माना जाता है, जिन्होंने अपने सांसद बेटे दीपेंद्र हुड्डा के साथ आक्रामक प्रचार किया।

NOV 10, 2020 08:42 IST

मध्‍य प्रदेश में 355 उम्‍मीदवार मैदान में

मध्‍य प्रदेश में 28 सीटों के लिए कुल 355 उम्मीदवार मैदान में है। इस बार भाजपा और कांग्रेस के अलावा बसपा ने सभी 28 विधानसभा क्षेत्रों में उम्मीदवार मैदान में उतारे। उसके अलावा सपा ने भी 14 क्षेत्रों के लिए उम्मीदवार तय किए थे। मतगणना स्थलों के आसपास राजनीतिक दलों के नेता, कार्यकर्ताओं के साथ आम लोगों का भी जमावड़ा शुरू हो गया है। सभी यही जानना चाहते हैं कि नतीजा क्या आ रहा है।

NOV 10, 2020 08:29 IST

कर्नाटक में कड़ी सुरक्षा के बीच मतगणना

कर्नाटक में विधानसभा की दो सीटों के लिए भी उपचुनाव हुआ है, जिसके लिए आज मतगणना हो रही है। सिरा विधानसभा क्षेत्र में मतगणना की जा रही है, जहां सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। 

NOV 10, 2020 08:21 IST

मतगणना जारी

मतगणना के प्रत्येक राउंड में 14-14 टेबिल लगाई गई है। राजगढ़ में एक हॉल में 14 टेबिल, गुना में तीन हॉल में से एक हॉल में छह और दो हॉल में चार-चार टेबिल और शेष 17 जिलों में सात-सात टेबिल के दो हॉल में मतगणना हो रही है। 

NOV 10, 2020 08:16 IST

मध्‍य प्रदेश में हो रही डाक मत-पत्रों की गिनती

मध्‍य प्रदेश में 28 विधानसभा क्षेत्रों में हुए उपचुनाव के लिए मतगणना की जा रही है। फिलहाल डाक मतपत्रों को गिना जा रहा है, जबकि सुबह 8.30 बजे से ईवीएम के वोटों की ग‍िनती की जाएगी। कोरोना संक्रमण की गाइड लाइन का पालन करते हुए 19 जिला मुख्यालय पर मतगणना हो रही है।

NOV 10, 2020 08:06 IST

मतगणना शुरू

11 राज्‍यों में विधानसभा की 58 सीटों के लिए हुए उपचुनाव के लिए मतगणना शुरू हो गई है। मतगणना केंद्रों पर विशेष इंतजाम किए गए हैं। कोविड-19 महामारी को देखते हुए सोशल डिस्‍टेंसिंग, मास्‍क पहनने, सैनिटाइजेशन सहित अन्‍य एहतियातों का सख्‍ती से पालन किया जा रहा है।

NOV 10, 2020 07:59 IST

झारखंड में आएंगे 2 सीटों के नतीजे

झारखण्ड में दुमका तथा बेरमो विधानसभा सीट पर हुए उपचुनावों की मतगणना भारी सुरक्षा के बीच होगी, जिसके लिए सभी तैयारियां कर ली गई हैं।
झारखंड के संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी हीरालाल मंडल ने बताया कि दोनों ही विधानसभा क्षेत्रों में मतगणना मंगलवार को सुबह आठ बजे प्रारंभ हो जाएगी। उन्होंने बताया कि सब कुछ सामान्य रहने पर मतगणना दोपहर तीन बजे तक संपन्न हो जाने की संभावना है।

NOV 10, 2020 07:45 IST

गुजरात में आठ सीटों के लिए उपचुनाव

गुजरात की आठ विधानसभा सीटों अबडासा, लिंबडी, करजण, गढदा, मोरबी, धारी, डांग और कपराडा के लिए मतदान हुए थे, जिसकी मतगणना आज होगी। यहां 3 नवंबर को वोट डाले गए थे, जिसमें 60.75 फीसदी मतदान हुआ था। उपचुनाव में कुल 81 उम्मीदवार इन आठ सीटों पर अपनी किस्‍मत आजमाने चुनाव मैदान में उतरे हैं। इस साल जून में हुए राज्यसभा चुनाव से पहले कांग्रेस के मौजूदा विधायकों के इस्तीफा देने के चलते इन सीटों पर उपचुनाव कराना जरूरी हो गया। इनमें से पांच बाद में सत्तारूढ़ भाजपा में शामिल हो गए थे और पार्टी ने उन्हें उन सीटों से मैदान में उतारा है जिन पर उन्होंने 2017 में जीत दर्ज की थी। इन विधानसभा सीटों में मतगणना के लिए आठ केन्द्र बनाए गए हैं।

NOV 10, 2020 07:42 IST

जादुई आंकड़ा हासिल करने की जद्दोजहद

मध्य प्रदेश विधानसभा की सदस्‍य संख्‍या 230 है, जहां किसी भी पार्टी को सरकार बनाने के लिए 116 सदस्यों के समर्थन की आवश्‍यकता है। इस समय राज्‍य में बीजेपी के 107 विधायक हैं, जबकि कांग्रेस के विधायकों की संख्या 87 है। राज्‍य की सत्‍ता में वापसी के लिए कांग्रेस को सभी सीटों पर जीत हासिल करने की आवश्‍यकता है, जिसके बाद वह सबसे बड़ी पार्टी होगी और बसपा, सपा, निर्दलीय विधायकों के समर्थन से सत्‍ता में आ सकती है। वहीं, बीजेपी महज 9 सीटों पर जीत हासिल कर बिना किसी के समर्थन के राज्‍य की सत्‍ता में बनी रह सकती है।

NOV 10, 2020 07:16 IST

मध्‍य प्रदेश में पाला बदलकर मैदान में उतरे 26 विधायक

मध्‍य प्रदेश उपचुनाव में 26 प्रत्‍याशी ऐसे हैं, जो पार्टी बदलकर चुनाव लड़ रहे हैं। इनमें से 25 जहां ज्‍योतिरादित्‍य सिंधिया के साथ कांग्रेस छोड़ बीजेपी में शामिल हो गए थे, वहीं उपचुनाव की घोषणा होने के बाद दमोह से कांग्रेस के विधायक राहुल लोधी भी त्यागपत्र देकर बीजेपी में शामिल हो गए थे। कांग्रेस ने इन दलबदलुओं को गद्दार बताया है, जबकि बीजेपी का आरोप रहा है कि कांग्रेस ने जनता के साथ विश्वासघात किया है।

NOV 10, 2020 07:03 IST

शिवराज सरकार के लिए अहम मध्‍य प्रदेश का उपचुनाव

मध्‍य प्रदेश उपचुनाव के नतीजे तय करेंगे कि राज्‍य में मुख्‍यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की सरकार बनी रहेगी या कांग्रेस वापसी करेगी? राज्‍य की 230 सदस्यीय विधानसभा में इस वक्‍त बीजेपी के सदस्‍यों की संख्‍या 107, कांग्रेस की 87, बसपा की दो, सपा की एक हैं, जबकि चार निर्दलीय विधायक भी हैं।

NOV 10, 2020 06:51 IST

बेहद अहम है मध्‍य प्रदेश का उपचुनाव

मध्‍य प्रदेश में 28 विधानसभा चुनाव बेहद महत्‍वपूर्ण है। इस वर्ष मार्च में कांग्रेस के 22 विधायकों ने त्यागपत्र दे दिया था, जिससे अल्पमत में आई कमलनाथ सरकार गिर गई थी। इनमें अधिकांश विधायक ज्योतिरादित्य सिंधिया के समर्थक थे, जो बाद में बीजेपी में शामिल हो गए। सिंधिया स्वयं भी मार्च में कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में शामिल हो गए थे। 

NOV 10, 2020 06:28 IST

11 राज्यों की 58 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के नतीजे आज

कोविड-19 महामारी के बीच मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश समेत 11 राज्यों की 58 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव हुए हैं, जिसके लिए मतगणना आज होगी। कोरोना महामारी को देखते हुए मतगणना स्‍थलों पर विशेष प्रबंध किए गए हैं। यहां सोशल डिस्‍टेंसिंग सहित अन्‍य एहतियातों का सख्‍ती से पालन किया जा रहा है। मतगणना सुबह 8 बजे से शुरू होगी।

NOV 10, 2020 05:57 IST

मध्य प्रदेश की 28 सीटों पर हुए 66.37 प्रतिशत मतदान

चुनाव आयोग के मुताबिक तीन नवंबर को मध्य प्रदेश की इन 28 सीटों पर रिकॉर्ड 66.37 प्रतिशत मतदान हुआ। खास बात यह है कि इन सीटों में से 25 सीटें कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए ज्यातिरादित्य सिंधिया के क्षेत्र की हैं। गत मार्च में सिंधिया गुट के 22 विधायकों ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। विधायकों के इस्तीफे की वजह से कमलनाथ सरकार बहुमत का आंकड़ा साबित नहीं कर पाई। कमलनाथ ने विश्वासमत हासिल करने से पहले इस्तीफा दे दिया।

NOV 10, 2020 05:55 IST

उत्तर प्रदेश की 7 सीटों पर आएंगे नतीजे 

चुनाव आयोग के मुताबिक यूपी की सात सीटों पर 51.57 प्रतिशत मतदान हुआ। इन सात सीटों पर कुल 88 उम्मीदवार चुनाव मैदान में थे। राज्य की इन सीटों पर उपचुनाव ऐसे समय हुए हैं जब प्रदेश की योगी सरकार कानून एवं व्यवस्था के मुद्दे पर विपक्ष के हमलों का सामना कर रही है। हाथरस एवं बलरामपुर में रेप एवं मर्डर की घटनाओं की गूंज पूरे देश में सुनाई पड़ी। हाथरस में एक दलित लड़की की कथित रूप से गैंगरेप करने के बाद हत्या कर दी गई।

NOV 10, 2020 05:55 IST

गुजरात की आठ और कर्नाटक की दो सीटों पर हुए उपचुनाव

गुजरात की आठ सीटों पर करीब 58 प्रतिशत मतदान हुआ। इन आठ सीटों पर 81 उम्मीदवार हैं। राज्य में कांग्रेस विधायकों के इस्तीफे के बाद इन सीटों पर उपचुनाव कराने पड़े। इनमें से पांच विधायक सत्तारूढ़ भाजपा में शामिल हो गए। कांग्रेस विधायकों ने राज्यसभा चुनावों से पहले इस्तीफा दे दिया था। कर्नाटक की दो सीटों राजाराजेश्वरी नगर एवं सीरा सीटों पर क्रमश: 82.31 प्रतिशत और 45.24 फीसदी मतदान हुआ।