Coronavirus News Update: गुजरात में कोविड-19 के एक दिन में सर्वाधिक 1,175 नये मामले सामने आये
कोरोना वायरस का संकट अभी खत्म होता नहीं दिख रहा है। दुनिया भर में इस महामारी की चपेट में अब तक करीब 2.22 करोड़ लोग आ चुके हैं जबकि 7,84 लाख लोगों की मौत हो चुकी है। दुनिया भर में कोरोना वैक्सीन को लेकर मची होड़ के बीच पोप ने आशंका जताई है कि कोविड-19 का टीका समृद्ध लोगों तक पहले पहुंचाया जा सकता है। भारत में इस महामारी से 27 लाख से ज्यादा लोग संक्रमित हुए हैं।
Coronavirus News Updates: देश में 2.70 लाख से ज्यादा एंटबॉडी का टेस्ट कर चुकी थाइरोकेयर ने कहा है कि उसकी जांच में देश के 26 प्रतिशत लोगों में एंटीबॉडी की मौजूदगी दिखी है। इसका मतलब हुआ कि ये पहले ही कोरोना वायरस के संपर्क में आ चुके हैं। इस बीच सीएमआईई ने एक रिपोर्ट में कहा है कि अप्रैल के बाद भारत में 1.8 करोड़ लोगों की नौकरियां गई हैं। केवल जुलाई महीने में ही 50 लाख लोगों की नौकरी गई है। इस रिपोर्ट के आने के बाद कांग्रेस ने सरकार पर निशाना साधा है। कोरोना महामारी के चलते अर्थव्यवस्था पर काफी बुरा असर पड़ा है।
गुजरात में कोरोना मामलों की संख्या बढ़कर 83,262 हो गई
गुजरात में कोरोना वायरस के एक दिन में सर्वाधिक 1,175 नये मामले सामने आने के बाद बृहस्पतिवार को मामलों की संख्या बढ़कर 83,262 हो गई। राज्य स्वास्थ्य विभाग ने यह जानकारी दी।विभाग ने एक बयान में कहा कि राज्य में पिछले 24 घंटे में कोविड-19 संक्रमण से 16 और लोगों की मौत होने से मृतकों की संख्या 2,855 हो गई है।सूरत जिले में सात, अहमदाबाद में चार, राजकोट में दो और गांधीनगर, मेहसाणा और वडोदरा जिले में एक-एक व्यक्ति की मौत हुई है।इसमें कहा गया है कि इस महामारी से इस अवधि में 1,123 लोग स्वस्थ हुए हैं। इस तरह ठीक हुए लोगों की संख्या बढ़कर अब 65,953 हो गई है।बयान में कहा गया है कि गुजरात में इस समय 14,454 मरीजों का इलाज चल रहा है।
राजस्थान में कुल पॉजिटिव केस बढ़कर 66,619 हुए
राजस्थान राज्य स्वास्थ्य विभाग ने कहा कि राज्य में आज 1330 कोरोना मामले और 11 मौतें हुई हैं वहीं 1227 केस रिकवर और 1127 को छुट्टी दे दी गई। राज्य में कुल पॉजिटिव केस बढ़कर 66,619 हो गए, जिनमें 921 मौतें, 51,190 की रिकवरी और 50,560 लोग डिस्चार्ज हुए भी हुए हैं।
आंध्र में पिछले कुछ दिनों से हर रोज संक्रमण के लगभग दस हजार मामले सामने आ रहे
आंध्र प्रदेश में कोरोना वायरस संक्रमण के 9,393 नए मामले सामने आए जिसके बाद बृहस्पतिवार को कोविड-19 के कुल मामलों की संख्या बढ़कर तीन लाख 25 हजार हो गई। महाराष्ट्र के बाद आंध्र प्रदेश अकेला राज्य है जहां पिछले कुछ दिनों से हर रोज संक्रमण के लगभग दस हजार मामले सामने आ रहे हैं। पिछले चौबीस घंटे में राज्य में 95 और लोगों की मौत हो गई जिसके बाद कोविड-19 से मरने वालों की संख्या तीन हजार के पार पहुंच गई। इस दौरान 8,846 मरीज ठीक हो गए।अब तक राज्य में कोविड-19 के 2.35 लाख मरीज ठीक हो चुके हैं और 3001 मरीजों की मौत हो गई। आंध्र प्रदेश में अभी 87,177 मरीजों का विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है।
बिहार सरकार ने निजी अस्पतालों में कोरोना इलाज के लिए अधिकतम शुल्क तय किया
अधिकतम शुल्क तय करने के लिए शहरों को तीन श्रेणी में बांटा गया है। जिसमें श्रेणी ए में पटना, श्रेणी बी में भागलपुर, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, गया और पूर्णिया में रखा गया है वहीं श्रेणी सी में अन्य जिलों को शामिल किया गया है।
देश में पिछले 24 घंटों में एक ही दिन में 9,18,470 कोविड टेस्ट रिकॉर्ड संख्या में किए गए
स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय ने बताया कि देश में पिछले 24 घंटों में एक ही दिन में 9,18,470 कोविड टेस्ट रिकॉर्ड संख्या में किए गए हैं। टेस्ट प्रति मिलियन (टीपीएम) में वृद्धि जारी है जो आज 23668 है। भारत की कुल रिकवरी 21 लाख तक पहुँच गई है क्योंकि रिकवरी दर लगभग 74% हो गई है।
70 फीसदी पहले से अन्य बीमारियों से थे पीड़ित
देश में कोरोना वायरस महामारी से जान गंवाने वालों का आंकड़ा 53,866 हो चुका है। बीते 24 घंटों के दौरान यहां इस घातक संक्रमण से 977 और लोगों की जान गई है। इस घातक बीमारी की वजह से होने वाली मौतों की दर में हालांकि गिरावट आ रही है और यह फिलहाल 1.90 प्रतिशत है। इस बीच केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से कहा गया है कि कोरोना वायरस संक्रमण से जान गंवाने वालों में 70 प्रतिशत से अधिक ऐसे मामले हैं, जिन्हें पहले से कोई बीमारी थी। मंत्रालय ने यह भी कहा कि इन आंकड़ों को भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद के आंकड़ों से मिलाया जा रहा है।
74 फीसदी के करीब पहुंचा रिकवरी रेट
देश में कोरोना वायरस संक्रमण के कुल आंकड़े जहां 28.36 लाख से अधिक हो चुके हैं, वहीं इस बीमारी से उबरने की दर भी बढ़ रही है, जो एक बड़ी राहत की बात है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, 20,96,664 लोगों के संक्रमण मुक्त होने के बाद देश में मरीजों के स्वस्थ होने की दर अब 73.91 प्रतिशत हो गई है। इस बीमारी से होने वाली मृत्यु दर में भी गिरावट दर्ज की गई है और यह 1.90 प्रतिशत बनी हुई है। यहां फिलहाल 6,86,395 मरीजों का कोरोना वायरस का इलाज जारी है, जो कुल मामलों का 24.20 प्रतिशत है।
तेलंगाना में 1 लाख के करीब पहुंचे आंकड़े
तेलंगाना में कोविड-19 के 1,724 नए मामले सामने आने के बाद राज्य में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 97,424 हो गई। वहीं 10 और लोगों की मौत के बाद मृतक संख्या बढ़कर 729 हो गई है। राज्य में मृत्यु दर 0.74 प्रतिशत है। राज्य में अभी तक 75,186 लोग ठीक हो चुके हैं और 21,509 मरीजों का कोरोना वायरस का इलाज जारी है। राज्य में मरीजों के ठीक होने की दर 77.17 प्रतिशत है। यहां अभी तक 8,21,311 नमूनों की जांच की जा चुकी है।
ओडिशा में 2,898 नए केस
ओडिशा में कोविड-19 के 2,898 नए मामले सामने आने के बाद राज्य में संक्रमण के मामले 70,000 के पार पहुंच गए। वहीं, आठ और लोगों की मौत के बाद मृतक संख्या बढ़कर 380 हो गई। नए मामले राज्य के सभी 30 जिलों से सामने आए हैं। नए मामलों में से 1,792 मामले पृथक-केन्द्रों में सामने आए। वहीं अन्य 1,106 लोग संक्रमितों के संपर्क में आने से बीमारी की चपेट में आए। राज्य में 22,651 मरीजों का कोरोना वायरस का इलाज जारी है, जबकि 46,936 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं। राज्य में अभी तक कोरोना संक्रमण के 11,15,947 नमूनों की जांच की गई है, जिनमें से 53,478 नमूनों की जांच बुधवार को की गई।
गौतम बुद्ध नगर में कोरोना के कुल केस 6,776
दिल्ली से सटे यूपी के गौतम बुद्ध नगर में कोविड-19 के 85 नए मामले सामने आने के बाद यहां संक्रमण के मामले बढ़कर 6,776 हो गए हैं। जिला निगरानी अधिकारी डॉ. मनोज कश्यप के मुताबिक, यहां 5,939 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं और 794 लोगों का कोरोना वायरस का इलाज जारी है। वायरस से अब तक यहां 43 लोगों की मौत हुई है। अब तक यहां 1,24,413 नमूनों की जांच की गई है, जबकि यहां मरीजों के ठीक होने की दर करीब 86.65 प्रतिशत है और मृत्यु दर 0.63 प्रतिशत है। पिछले 19 दिनों में यहां कोरोना वायरस से किसी की मौत नहीं हुई है।
केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत कोरोना पॉजिटिव
केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत कोरोना वायरस से संक्रमित हो गए हैं। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी और बीते कुछ दिनों में अपने संपर्क में आए लोगों से अपने स्वास्थ्य पर नजर रखने की अपील की।
दिल्ली में 29.1 फीसदी लोगों में विकसित हो चुका है एंटीबॉडी
दिल्ली में दूसरा सिरॉलिजिकिल सर्वे 1 से 7 अगस्त के बीच हुआ, जिससे पता चलता है कि यहां 29.1 प्रतिशत लोगों में कोविड-19 के खिलाफ एंटीबॉडी विकसित हो चुका है। दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने बताया कि इस सर्वे के दौरान 15,000 नमूने एकत्र किए गए।
देश में पिछेल 24 घंटे में 69,652 केस सामने आए, 977 लोगों की मौत
पिछले 24 घंटे में हुए 9 लाख टेस्ट
तेलंगाना में मिले 1724 नए केस
दक्षिण के राज्यों में कोरोना वायरस से संक्रमण की संख्या में लगातार इजाफा देखने को मिल रहा है। तेलंगाना में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 1724 नए मामले सामने आए हैं जबकि इस महामारी से 10 लोगों की जान गई है। राज्य में अब तक कोरोना संक्रमण के 97,424 मामले सामने आए हैं 729 लोगों की जान गई है। राज्य में कोरोना के 21,509 एक्टिव केस हैं।
बांग्लादेश को कोविड टीका उपलब्ध कराएगा भारत
बुधवार को बांग्लादेश के दौरे पर पहुंचे विदेश सचिव हर्षवर्धन श्रृंगला ने कहा है कि भारत प्राथमिकता के आधार पर बांग्लादेश को कोविड-19 का टीका जल्द से जल्द उपलब्ध कराने की कोशिश करेगा। भारत यूके के ऑक्सफोर्स यूनिवर्सिटी की ओर से तैयार किए गए टीके पर काम कर रहा है। भारत ने बांग्लादेश को भरोसा दिया है कि टीका बन जाने के बाद वह इसकी आपूर्ति बांग्लादेश को करेगा।

