देश

BJP ने कैबिनेट मंत्री किरोड़ी लाल मीणा को जारी किया कारण बताओ नोटिस, फोन टैपिंग का लगाया था आरोप

नोटिस में कहा गया है- आपने सार्वजनिक बयान देकर भाजपा सरकार पर फोन टैप कराने का आरोप भी लगाया, जो कि असत्य है। इसमें कहा गया, बयान देकर आपने भाजपा की बहुमत वाली सरकार की छवि धूमिल की है।

Image

किरोड़ीलाल मीणा को नोटिस

Photo : PTI

Show cause to Kirodi Meena: भारतीय जनता पार्टी की राजस्थान इकाई के अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कैबिनेट मंत्री किरोड़ी लाल मीणा को फोन टैप किये जाने का आरोप लगाने पर कारण बताओ नोटिस भेजा है। पार्टी की ओर से जारी कारण बताओ नोटिस में कहा गया है कि मीणा ने सार्वजनिक रूप से यह आरोप लगाकर सरकार की छवि धूमिल की है कि उनका फोन टैप किया जा रहा है। पार्टी ने इसे अनुशासनहीनता मानते हुए मीणा को तीन दिन के भीतर जवाब देने को कहा है।

नोटिस में क्या-क्या बातें

नोटिस में कहा गया है, आप (किरोडी लाल मीणा) भाजपा के सदस्य हैं और पार्टी टिकट पर सवाई माधोपुर क्षेत्र से विधायक चुने गए हैं। आप (मीणा) राजस्थान सरकार में मंत्री भी हैं। हाल में आपने मंत्रिपरिषद से अपने इस्तीफे की खबर अखबार में छपने के लिए उपलब्ध कराई। आपने सार्वजनिक बयान देकर भाजपा सरकार पर फोन टैप कराने का आरोप भी लगाया, जो कि असत्य है। इसमें कहा गया, बयान देकर आपने भाजपा की बहुमत वाली सरकार की छवि धूमिल की है।

भाजपा नेताओं ने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के निर्देशानुसार कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है और मीणा को तीन दिन के भीतर अपना जवाब देने को कहा गया है। इसके बाद, मीणा ने कहा कि उन्हें कारण बताओ नोटिस की जानकारी नहीं है। उन्होंने एक बयान में कहा, मुझे कारण बताओ नोटिस के बारे में जानकारी नहीं है। मैं पार्टी का अनुशासित सिपाही हूं। जैसे ही मुझे नोटिस मिलेगा, मैं तय समय सीमा के भीतर पार्टी नेतृत्व को अपना जवाब भेज दूंगा।

लोकसभा चुनाव में राजस्थान में पार्टी के अपेक्षाकृत निराशाजनक प्रदर्शन के बाद किरोड़ी लाल मीणा ने मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। उन्होंने जयपुर में पिछले साल चार जुलाई को एक धार्मिक कार्यक्रम के दौरान मीडिया को अपने इस्तीफे की जानकारी दी थी। उन्होंने कहा था कि उन्होंने पिछले साल जून में ही मुख्यमंत्री को अपना इस्तीफा भेज दिया था, लेकिन उनका इस्तीफा स्वीकार नहीं किया गया। हालांकि, मीणा मंत्री के तौर पर विभागीय फाइलों का काम करते रहे, लेकिन वह मंत्रिमंडल की बैठकों में शामिल नहीं हुए।

उनके इस्तीफे को लेकर भाजपा ने हमेशा यही कहा कि वह पार्टी के वरिष्ठ नेता हैं और सरकार में मंत्री के तौर पर काम कर रहे हैं। मीणा ने हाल में एक जनसभा के दौरान सरकार पर फोन टैप करने का आरोप लगाया था, जिसे विपक्ष ने विधानसभा में उठाया था। विपक्षी कांग्रेस ने मुख्यमंत्री से इस्तीफे की मांग की थी।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article