देश

बंगाल में महिला की बेरहमी पिटाई पर घिरी ममता सरकार, तालिबान जैसे शासन से तुलना, नड्डा बोले-दीदी के राज में महफूज नहीं महिलाएं

West Bengal Woman thrashed: पुलिस ने सोशल मीडिया पर वीडियो क्लिप देखी है और सत्यापन के बाद मामला दर्ज कर लिया है। वीडियो क्लिप में एक व्यक्ति महिला को पीटता हुआ दिखाई दे रहा है और महिला दर्द से कराह रही है, वहीं बड़ी संख्या में लोग तमाशा देख रहे हैं।

Image

महिला की पिटाई पर घिरी ममता सरकार।

KEY HIGHLIGHTS
  • अवैध अदालत कंगारू कोर्ट के फैसले के बाद यह घटना हुई
  • पुलिस ने आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया
  • महिला दर्द से कराहती रही और लोग तमाशा देखते रहे

West Bengal Woman thrashed: बंगाल में एक महिला की सरेआम बेरहमी से पिटाई का वीडियो सामने आने के बाद राज्य की ममता सरकार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के निशाने पर आ गई है। भाजपा ने ममता सरकार की तुलना तालिबान जैसी सरकार से की है। भाजपा ने आरोप लगाया है कि राज्य में कानून-व्यवस्था जैसी कोई चीज नहीं है। टीएमसी के राज में शरिया अदालतें लग रही हैं। महिला की पिटाई का यह वीडियो उत्तरी दिनाजपुर का बताया जा रहा है। केंद्रीय मंत्री एवं पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने ममता सरकार को निशाने पर लेते हुए कहा कि इस तरह की क्रूरता एवं बर्बरता केवल धर्मतंत्रों में होती है।

पश्चिम बंगाल महिलाओं के लिए सुरक्षित नहीं -नड्डा

उन्होंने कहा कि 'टीएमसी के नेता और उसके विधायक इस पिटाई को जायज ठहरा रहे हैं। यह और परेशान करनी वाली बात है। चाहे वह संदेशखाली हो, उत्तरी दिनाजपुर हो अथवा कोई अन्य जगह। दीदी का पश्चिम बंगाल महिलाओं के लिए सुरक्षित नहीं है।'

टीएमसी विधायक का करीबी है आरोपी- मालवीय

भाजपा के मीडिया सेल के प्रभारी अमित मालवीय ने कहा कि यह ममता सरकार का बदसूरत चेहरा है। वीडियो में महिला की निर्दयता पूर्वक पिटाई जो व्यक्ति कर रहा है उसका नाम ताजमुल है और इलाके में उसे जेसीबी के नाम से जाना जाता है। वह अपने 'इंसाफ' सभा के जरिए तुरंत न्याय देने के लिए कुख्यात है। यह शख्स विधायक हमीदुर रहमान का करीबी है। बंगाल में शरिया कानून चल रहा है। इसके खिलाफ लोगों को जागरूक होना चाहिए। हर गांव में एक संदेशखाली है और महिलाओं के लिए ममता बनर्जी अभिशाप हैं। क्या इस बार ममता बनर्जी कार्रवाई करेंगी या संदेशखाली की तरह चुप रहेंगी।

महिला को 'दुष्ट जानवर' करार दिया

वीडियो सामने आने के बाद चोपरा के टीएमसी विधायक रहमान ने महिला को 'दुष्ट जानवर' करार दिया। विधायक का दावा है कि उसकी गतिविधियां असमाजिक थीं। रहमान ने कहा, 'यह गांव का मामला है, पार्टी से इसका कोई लेना-देना नहीं है। महिला ने अपने पति, बेटे और बेटी को छोड़ दिया था। वह दुष्ट जानवर बन गई थी। महिला के साथ जो कुछ हुआ वह थोड़ा ज्यादा था।' हालांकि, इस बयान की आलोचना होने के बाद रहमान बैकफुट पर आ गए और सफाई दी।

ताजमुल को पुलिस ने गिरफ्तार किया

पश्चिम बंगाल पुलिस ने इस घटना को लेकर रविवार को एक मामला दर्ज किया और ताजमुल को गिरफ्तार किया। वीडियो में जो व्यक्ति दोनों लोगों को डंडे से पीटते हुए दिख रहा है, वह कथित तौर पर उत्तर दिनाजपुर जिले के चोपड़ा का एक स्थानीय तृणमूल नेता है, जहां अवैध अदालत (कंगारू कोर्ट) के फैसले के बाद यह घटना हुई थी।

... लोग तमाशा देखते रहे

इस्लामपुर पुलिस ने एक बयान जारी करके कहा, ‘इस्लामपुर पुलिस थाने के अंतर्गत चोपड़ा थाने में हुई घटना के बारे में कुछ लोग गलत सूचना फैलाने का प्रयास कर रहे हैं। सच्चाई यह है कि पुलिस ने तुरंत एक व्यक्ति की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया है, जिसने सार्वजनिक रूप से एक महिला पर हमला किया था।’बयान में कहा गया है कि पीड़ित जोड़े को पुलिस सुरक्षा प्रदान की गई है, स्वतः संज्ञान लेते हुए मामला दर्ज किया गया है और जांच शुरू कर दी गई है। इससे पहले दिन में इस्लामपुर के पुलिस अधीक्षक जॉबी थॉमस के. ने कहा था कि पुलिस ने सोशल मीडिया पर वीडियो क्लिप देखी है और सत्यापन के बाद मामला दर्ज कर लिया है। वीडियो क्लिप में एक व्यक्ति महिला को पीटता हुआ दिखाई दे रहा है और महिला दर्द से कराह रही है, वहीं बड़ी संख्या में लोग तमाशा देख रहे हैं।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article