देश

यूपी से जम्मू-कश्मीर तक BJP की बड़ी तैयारी, 4 जुलाई से नितिन नवीन का धुआंधार दौरा शुरू, नई टीम को देंगे जीत का मंत्र

Nitin Nabin UP And JK Visit: भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन आगामी 4 से 7 जुलाई तक उत्तर प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के महत्वपूर्ण सांगठनिक दौरे पर रहेंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष का पद संभालने के बाद इन दोनों क्षेत्रों का यह उनका पहला दौरा है।

Image

यूपी चुनाव और कश्मीर की रणनीति

Photo : ANI

Nitin Nabin UP And JK Visit: भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने आगामी चुनावों और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए अपनी कमर कस ली है। इसी सिलसिले में बीजेपी के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन 4 जुलाई से चार दिनों के बेहद महत्वपूर्ण सांगठनिक दौरे पर निकलने वाले हैं। अपने इस दौरे के पहले चरण में वे उत्तर प्रदेश (Nitin Nabin UP Visit) जाएंगे, जबकि दूसरे चरण में वे केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर का रुख करेंगे। पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद इन दोनों ही जगहों पर नितिन नबीन का यह पहला आधिकारिक और सांगठनिक दौरा है।

नितिन नवीन 4 और 5 जुलाई को दो दिवसीय दौरे पर उत्तर प्रदेश में रहेंगे। यूपी में बीजेपी की नई राज्य टीम के गठन के बाद उनका यह पहला दौरा है, जो बेहद मायने रखता है। इस दौरे का मुख्य उद्देश्य अगले साल होने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों के लिए पार्टी की रणनीति को मजबूत करना है।

जम्मू-कश्मीर में कार्यकर्ताओं और युवाओं से करेंगे सीधा संवाद

अपने दो दिनों के प्रवास के दौरान बीजेपी अध्यक्ष नवनिवेशित राज्य इकाई के पदाधिकारियों और वरिष्ठ नेताओं के साथ कई सांगठनिक बैठकें करेंगे। वे न केवल बीजेपी के जनप्रतितिधियों से मिलेंगे, बल्कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के सहयोगी दलों के नेताओं और विभिन्न क्षेत्रों की प्रमुख हस्तियों के साथ भी विचार-विमर्श करेंगे।

इसके अलावा, वे पार्टी के आधार स्तंभ माने जाने वाले 'शक्ति केंद्र संयोजक सम्मेलन' को भी संबोधित करेंगे, ताकि जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाया जा सके। यूपी का दौरा पूरा करने के बाद नितिन नबीन 6 और 7 जुलाई को जम्मू-कश्मीर के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे।

कार्यकर्ता सम्मेलन और जनसभा को करेंगे संबोधित

6 जुलाई को जम्मू पहुंचने पर वे सबसे पहले 'मैजेस्टिक ग्रैंड पैलेस' में बीजेपी के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। इसके बाद वे एक भव्य 'कार्यकर्ता सम्मेलन और जनसभा' को संबोधित करेंगे। जम्मू-कश्मीर के राजनीतिक परिदृश्य को देखते हुए नितिन नवीन की अध्यक्षता में बीजेपी की 'कोर ग्रुप' की एक अहम बैठक भी होगी। इस बैठक में घाटी और जम्मू क्षेत्र की मौजूदा राजनीतिक और सांगठनिक स्थिति की समीक्षा की जाएगी और भविष्य के रोडमैप पर मुहर लगेगी।

दौरे के दूसरे दिन यानी 7 जुलाई को बीजेपी अध्यक्ष 'युवा संवाद' कार्यक्रम के जरिए वहां के युवाओं से सीधा संपर्क साधेंगे। साथ ही, वे पार्टी के सांसदों और विधायकों (MPs & MLAs) के साथ अलग से बैठकें कर संगठन और जन प्रतिनिधियों के बीच बेहतर तालमेल बिठाने पर चर्चा करेंगे। कुल मिलाकर, नितिन नवीन का यह दौरा बीजेपी के सांगठनिक ढांचे को और अधिक आक्रामक और मजबूत बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article