देश

नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर BJP का देशव्यापी अभियान, 15–16 अप्रैल को हर लोकसभा क्षेत्र में पदयात्रा

नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर भारतीय जनता पार्टी देशभर में महिलाओं की बाइक रैलियां आयोजित करेगी। पार्टी का फोकस अधिक से अधिक महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करना है, ताकि यह अभियान जन-आंदोलन का रूप ले सके।

Image

बीजेपी का नारी वंदन अभियान

भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर देशभर में बड़ा जनसंपर्क अभियान चलाने की तैयारी की है। इस अभियान का मकसद केंद्र की मोदी सरकार द्वारा महिलाओं के लिए उठाए गए कदमों और योजनाओं को जनता तक व्यापक स्तर पर पहुंचाना है। बीजेपी की योजना के मुताबिक 15 और 16 अप्रैल को देश के हर लोकसभा क्षेत्र में ‘नारी शक्ति पदयात्रा’ निकाली जाएगी। इन पदयात्राओं के जरिए महिला आरक्षण और महिला सशक्तिकरण से जुड़े मुद्दों को जमीनी स्तर पर उठाया जाएगा।

महिलाओं की बाइक रैली और जनसंपर्क कार्यक्रम

अभियान के तहत देशभर में महिलाओं की बाइक रैलियां भी आयोजित की जाएंगी। पार्टी का फोकस अधिक से अधिक महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करना है, ताकि यह अभियान जन-आंदोलन का रूप ले सके।

‘लखपति दीदी’ को बनाया जाएगा चेहरा

BJP इस अभियान में ‘लखपति दीदी’ और केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित महिलाओं को जोड़ने जा रही है। इन महिलाओं के अनुभवों को सामने लाकर पार्टी महिला सशक्तिकरण की अपनी नीति को मजबूती से पेश करेगी।

100 शहरों में प्रेस कॉन्फ्रेंस

11 से 13 अप्रैल के बीच देश के करीब 100 शहरों में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की जाएंगी। इसके अलावा बड़े शहरों में एक से अधिक कार्यक्रम रखे जाएंगे, ताकि संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचे। करीब 15 प्रमुख शहरों में टाउन हॉल मीटिंग और महिला सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों में महिला वक्ताओं को प्राथमिकता दी जाएगी, जिससे महिलाओं की आवाज सीधे मंच पर सामने आए।

33% आरक्षण को बड़ी उपलब्धि के रूप में पेश करेगी बीजेपी

BJP 2029 से लागू होने वाले 33% महिला आरक्षण को अपनी बड़ी उपलब्धि के तौर पर प्रचारित कर रही है। पार्टी इसे महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने की दिशा में ऐतिहासिक कदम बता रही है।

संसद के विशेष सत्र से पहले माहौल बनाने की रणनीति

सूत्रों के मुताबिक, यह पूरा अभियान संसद के संभावित विशेष सत्र से पहले महिला आरक्षण के समर्थन में माहौल तैयार करने की रणनीति का हिस्सा है। गैर-BJP शासित राज्यों में इस अभियान की कमान केंद्रीय मंत्री संभालेंगे, जबकि BJP शासित राज्यों में मुख्यमंत्री खुद कार्यक्रमों का नेतृत्व करेंगे। BJP का यह अभियान सिर्फ राजनीतिक पहल नहीं, बल्कि महिला वोटर्स तक सीधा संवाद स्थापित करने की एक व्यापक रणनीति माना जा रहा है। आने वाले चुनावी परिदृश्य में इसका असर कितना होगा, इस पर सभी की नजर रहेगी।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और (आज की ताजा खबर) के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।

Himanshu Tiwari
हिमांशु तिवारी author

हिमांशु तिवारी एक पत्रकार हैं जिन्हें प्रिंट से लेकर इलेक्ट्रॉनिक्स तक का 16 साल का अनुभव है। मैंने अपना करियर क्राइम रिपोर्टर के रूप में शुरू किया था... और देखें

End of Article