देश

BJP Foundation Day: बीजेपी के स्थापना दिवस पर PM मोदी का पार्टी कार्यकर्ताओं को खास मैसेज, अमित शाह और CM योगी ने क्या कहा?

BJP Foundation Day: बीजेपी के 47वें स्थापना दिवस पर पीएम मोदी ने कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पार्टी हमेशा “इंडिया फर्स्ट” के सिद्धांत पर चलती रही है और समाज सेवा में अग्रणी रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं के समर्पण और सुशासन के प्रति उनकी प्रतिबद्धता की सराहना की। इसके अलावा, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और सीएम योगी आदित्यनाथ ने भी पार्टी कार्यकर्ताओं को स्थापना दिवस की बधाई दी।

Image

बीजेपी के 47वें स्थापना दिवस के अवसर पर पीएम मोदी, अमित शाह ने दी पार्टी कार्यकर्ताओं को बधाई। PTI

Photo : PTI

BJP Foundation Day: बीजेपी के 47वें स्थापना दिवस के अवसर पर पीएम मोदी ने पार्टी कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं दी। पीएम मोदी ने एक्स हैंडल के जरिए एक पोस्ट करते हुए लिखा,"हमारी पार्टी हमेशा से 'भारत प्रथम' के सिद्धांत से प्रेरित होकर समाज सेवा में अग्रणी रही है। हमारे कार्यकर्ता निस्वार्थ सेवा, अटूट समर्पण और सुशासन के प्रति गहरी लगन के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने जमीनी स्तर पर अथक परिश्रम किया है, यह सुनिश्चित करते हुए कि अधिक से अधिक लोग हमारी विचारधारा और कार्य से जुड़े रहें। हम उन अनगिनत कार्यकर्ताओं को भी याद करते हैं जिनके समर्पण, बलिदान और दृढ़ता ने दशकों से पार्टी के विकास को आकार दिया है।"

पीएम मोदी ने आगे लिखा," भाजपा एक ऐसी पार्टी है जो जन कल्याण को अपने दृष्टिकोण के केंद्र में रखती है। यह केंद्र और विभिन्न राज्यों में हमारे कार्यों में परिलक्षित होता है। भाजपा एक विकसित भारत के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है। हमारी सामूहिक प्रतिबद्धता इस दृष्टिकोण को आगे बढ़ाती रहे और भारत को प्रगति और समृद्धि की नई ऊंचाइयों पर ले जाए।"

भाजपा का हर कार्यकर्ता दिन-रात राष्ट्र-सेवा में समर्पित : अमित शाह

इससे पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट किया। उन्होंने लिखा, चाहे देश की सीमाओं को सुरक्षित करना हो, आंतरिक सुरक्षा को मजबूत बनाना हो, विकास के नए मानदंड स्थापित करना हो या भारतीय संस्कृति की ऐतिहासिकता और प्राण तत्व को पुन: जागृत करना हो - भाजपा ने अपने इन सभी संकल्पों को चरितार्थ करके दिखाया है।"

उन्होंने आगे लिखा, "भाजपा का मूल मंत्र हमेशा स्पष्ट रहा है – ‘Nation First, Party Next, Self Last’। इसी मूल भावना के साथ भाजपा का हर कार्यकर्ता दिन-रात राष्ट्र-सेवा में समर्पित है। भाजपा के स्थापना दिवस के अवसर पर मैं उन सभी महानुभावों को नमन करता हूं, जिन्होंने ऋषि दधीचि के समान राष्ट्रहित सर्वोपरि के महान यज्ञ में अपना सर्वस्व अर्पण कर भाजपा को एक विराट वटवृक्ष बनाने में अहम योगदान दिया है।"

सीएम योगी ने भी दी बधाई

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी भाजपा कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए पार्टी को केवल राजनीतिक संगठन नहीं बल्कि एक जीवंत वैचारिक परंपरा बताया। उन्होंने कहा कि पार्टी का विकास शक्ति या सत्ता तक सीमित नहीं है, बल्कि इसकी यात्रा 'अंत्योदय से राष्ट्रोदय' तक फैली है। योगी ने लिखा 'भाजपा का यह राष्ट्रवादी परिवार आज एक विशाल वटवृक्ष बन गया है, जो सेवा, मूल्यों और समर्पण के संकल्प के साथ 1.45 अरब देशवासियों की आकांक्षाओं को सशक्त कर रहा है। यह केवल सत्ता का सफर नहीं, बल्कि विचारधारा और मूल्य आधारित यात्रा है।'

बताते चलें कि 6 अप्रैल 1980 को बीजेपी की स्थापना हुई थी। इस मौके पर देश के अलग अलग जिलों में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं द्वारा कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article