BJP Central Team Reshuffle: भाजपा की केंद्रीय टीम में फेरबदल की अटकलों के बीच पार्टी अध्यक्ष नितिन नवीन ने गुरुवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। सूत्रों के मुताबिक, अमित शाह के आवास पर हुई करीब तीन घंटे की बैठक में भाजपा के महासचिव (संगठन) बी.एल. संतोष भी मौजूद रहे।
हालांकि, इस मुलाकात को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई, लेकिन इसमें कई मुद्दों पर चर्चा हुई, जिनमें भाजपा के नए राष्ट्रीय पदाधिकारियों की टीम के गठन का विषय भी शामिल था।
नई टीम में युवाओं और वरिष्ठों का होगा संगम!
सूत्रों के मुताबिक, जनवरी में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बने नितिन नवीन के नेतृत्व वाली भाजपा की नई केंद्रीय टीम में 'वरिष्ठ और युवा नेताओं' को जगह मिलने की संभावना है।
उन्होंने यह भी कहा कि सरकार में पद संभाल रहे कुछ नेताओं को भी पार्टी में शामिल किया जा सकता है और उन्हें अहम जिम्मेदारियां सौंपी जा सकती हैं। सूत्रों ने बताया कि भाजपा की नई केंद्रीय टीम में शामिल किए जाने वाले नेताओं के नामों की घोषणा जल्द ही की जाएगी।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: राम मंदिर दान नेटवर्क पर बड़ा खुलासा! चंपत राय के गेस्ट हाउस के अंदर TIMES NOW का स्टिंग, बिना बिल सोना-चांदी लेने की बात
केंद्रीय मंत्रिमंडल में भी जल्द हो सकता है फेरबदल
वहीं, पीएम मोदी के नेतृत्व वाली सरकार की मंत्रिपरिषद में जल्द फेरबदल होने की संभावना जताई जा रही है। सूत्रों के मुताबिक, केंद्रीय मंत्रिपरिषद में फेरबदल भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन के नेतृत्व में पार्टी की नयी टीम की घोषणा के साथ होने वाला है।
भाजपा का शीर्ष नेतृत्व पदाधिकारियों की सूची को अंतिम रूप दे चुका है और 'नितिन नवीन की टीम' की घोषणा जल्द होने की संभावना है। सूत्रों के अनुसार, भाजपा अध्यक्ष ने हाल ही में कुछ केंद्रीय राज्य मंत्रियों के साथ भी विचार-विमर्श किया था। इस बात की प्रबल संभावना है कि कुछ केंद्रीय मंत्रियों को भाजपा में संगठनात्मक भूमिकाएं संभालने के लिए भेजा जाएगा और पार्टी के पदाधिकारियों को मोदी मंत्रिमंडल में शामिल किया जाएगा।
