देश

'दो खेमों में बंट गई है पार्टी, अब राहुल बनाम प्रियंका में लड़ाई'; कांग्रेस की अंदरूनी कलह पर भाजपा का हमला

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कहा कि कांग्रेस दो हिस्सों में बंट गई है। पहले हम ऐसा कर्नाटक, राजस्थान और तेलंगाना में देखते थे। लेकिन अब राष्ट्रीय स्तर पर विभाजन हो गया है। अब राहुल गांधी की कांग्रेस बनाम प्रियंका की कांग्रेस की लड़ाई है।

Image

शहजाद पूनावाला ने कांग्रेस पर जमकर साधा निशाना

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

कांग्रेस की अंदरूनी कलह बाहर आ चुकी है। शशि थरूर के बाद देश की सबसे पुरानी पार्टी के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने बीते दिनों प्रधानमंत्री मोदी और आरएसएस की तारीफ की। जिसके बाद देश के राजनीतिक हलकों में सियासी बयानबाजी तेज हो गई। भाजपा ने इसे राहुल के नेतृत्व का खुला विरोध करार दिया था। इस बीच, भाजपा ने आरोप लगाया है कि कांग्रेस दो गुटों में बंट गई है जिनमें एक प्रियंका गांधी वाड्रा का गुट है और दूसरा उनके भाई राहुल गांधी का है। इतना ही नहीं कांग्रेस के भीतर राहुल गांधी के स्थान पर किसी और को लाने की मांग तेजी से बढ़ रही है।

'राहुल गांधी की कांग्रेस बनाम प्रियंका की कांग्रेस की लड़ाई'

भाजपा ने हाल ही में आरोप लगाया था कि लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल विदेशी सरजमीं पर भारत के खिलाफ बोलते हैं और देश को बदनाम करते हैं। वह इस तथ्य से घबराए हुए हैं कि उनकी पार्टी के सहयोगी और यहां तक कि परिवार के सदस्य भी उन पर अविश्वास दिखा रहे हैं। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कहा कि कांग्रेस दो हिस्सों में बंट गई है। पहले हम ऐसा कर्नाटक, राजस्थान और तेलंगाना में देखते थे। लेकिन अब राष्ट्रीय स्तर पर विभाजन हो गया है। अब राहुल गांधी की कांग्रेस बनाम प्रियंका की कांग्रेस की लड़ाई है।

'कांग्रेस अब और भी ज्यादा ‘टुकड़े-टुकड़े’ के मूड में आ गई'

पूनावाला ने आरोप लगाया कि कांग्रेस में फूट तब खुलकर सामने आई जब पार्टी के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की प्रशंसा की। पहले इमरान मसूद, रॉबर्ट वाड्रा और अन्य नेताओं जैसे प्रियंका के खेमे वाले लोग राहुल गांधी पर हमला कर रहे थे। राहुल गांधी पर परोक्ष रूप से निशाना साधने वाले दिग्विजय सिंह के उस बयान के बाद कांग्रेस अब और भी ज्यादा ‘टुकड़े-टुकड़े’ के मूड में आ गई है।

भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि राहुल गांधी के खेमे में शामिल कांग्रेस के नेता जैसे मणिकम टैगोर और रेवंत रेड्डी, दिग्विजय सिंह पर हमला कर रहे हैं। वे आरएसएस पर भी हमला कर रहे हैं और उसे अपशब्द कह रहे हैं जबकि सोनिया गांधी और राहुल गांधी की प्रशंसा कर रहे हैं।

पूनावाला ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सलमान खुर्शीद ने सिंह के समर्थन में कहा कि दिग्विजय सिंह शत प्रतिशत सही हैं। इसलिए यह बात बिल्कुल स्पष्ट है कि कांग्रेस में कोई मिशन और विजन नहीं है। पार्टी में सिर्फ भ्रम और फूट है। कांग्रेस आज दो हिस्सों में बंट गई है। रेवंत रेड्डी और अन्य राहुल गांधी के खेमे में हैं, जबकि दिग्विजय सिंह, सलमान खुर्शीद और अन्य नेता प्रियंका गांधी के खेमे में हैं।

‘राहुल हटाओ, प्रियंका लाओ'

पूनावाला ने आरोप लगाया कि कांग्रेस में एक ‘बड़ी लॉबी’ है जो राहुल गांधी को गंभीरता से नहीं लेती। वे कह रहे हैं ‘राहुल हटाओ, प्रियंका लाओ। या फि किसी को भी लाओ और कांग्रेस बचाओ। पार्टी में यह आंदोलन तेजी से बढ़ रहा है।

दिग्विजय सिंह ने क्या पोस्ट किया था

बता दें कि दिग्विजय सिंह ने पिछले शनिवार को ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में आरएसएस-भाजपा की संगठनात्मक शक्ति की प्रशंसा करते हुए नरेन्द्र मोदी की एक पुरानी तस्वीर साझा की थी। इसमें उन्होंने यह भी लिखा था कि कैसे एक जमीनी स्तर का कार्यकर्ता अपने नेताओं के चरणों में बैठकर मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री बन गया। हालांकि, उन्होंने बाद में सफाई देते हुए कहा कि वह आरएसएस तथा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की नीतियों के धुर विरोधी हैं और उन्होंने सिर्फ संगठन की तारीफ की है।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article