देश

बिहार चुनाव से पहले बाहुबली अनंत सिंह को बड़ी राहत, कोर्ट ने सिगरेट- मोबाइल मामले में कर दिया बरी; क्या है ये मामला?

बिहार चुनाव से पहले मोकामा के पूर्व विधायक अनंत सिंह को पटना की एमपी-एमएलए स्पेशल कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। उन्हें जेल में मोबाइल और सिगरेट रखने के मामले में सबूतों के अभाव के कारण बरी कर दिया गया। यह मामला 2022 में बेऊर जेल में हुई छापेमारी से जुड़ा था, जब उनके खिलाफ आईपीसी की धारा 188, 414, 353 और प्रिजनर एक्ट की धारा 52 के तहत केस दर्ज किया गया था। अभियोजन पक्ष ने पांच गवाहों का बयान दर्ज कराया, लेकिन आरोप साबित नहीं हो सके।

Image

पूर्व विधायक अनंत सिंह को पटना कोर्ट से मिली राहत।(फोटो सोर्स: अनंत सिंह एक्स हैंडल)

Photo : Twitter

Bihar Election: बिहार चुनाव से पहले मोकामा के पूर्व विधायक अनंत सिंह (Anant Singh) को पटना की एमपी-एमएलए स्पेशल कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। दरअसल, मामला जेल में मोबाइल और सिगरेट रखने से जुड़ा था। सबूतों के अभाव की वजह से उन्हें कोर्ट ने बरी कर दिया है। स्पेशल कोर्ट के जज अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी पंकज कुमार मालवीय की अदालत ने गुरुवार को फैसला सुनाया।

इन धाराओं के तहत हुआ था मामला दर्ज

मामला साल 2022 में पटना के बेऊर जेल में हुई छापेमारी से जुड़ा था। अनंत सिंह के खिलाफ बेउर थाने में आईपीसी की धारा 188, 414, 353 और प्रिजनर एक्ट की धारा 52 के तहत केस दर्ज किया गया था। आरोप के मुताबिक, 6 अप्रैल 2022 को बेऊर जेल में छापेमारी के दौरान मोबाइल फोन, सिगरेट एवं अन्य आपत्तिजनक सामान बरामद किए गए थे।

अगस्त में जेल से आए थे बाहर

मामले में अभियोजन पक्ष ने पांच गवाहों का बयान दर्ज करवाया था, लेकिन आरोप साबित नहीं हो सका। इससे पहले उन्हें एके 47 केस में भी पटना हाईकोर्ट से जमानत मिल चुकी है। हालांकि, इस साल जनवरी में सोनू-मोनू गैंग के साथ हुई फायरिंग के मामले में वे कुछ महीने जेल में रहे। बीते अगस्त महीने में जमानत मिलने के बाद वे जेल से बाहर आए थे।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!