Mahagathbandhan Releases Special Manifesto: बिहार में चुनावी सरगर्मी बढ़ती जा रही है। इसी बीच महागठबंधन ने अतिपिछड़ा के लिए न्याय संकल्प स्पेशल मेनिफेस्टो जारी किया है। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और राजद नेता तेजस्वी यादव सहित कई विपक्षी नेताओं ने ने मेनिफेस्टो के पहले भाग का ऐलान किया है।
विपक्ष ने दावा किया है कि सरकार बनने के बाद अतिपिछड़ा वर्ग के लिए पंचायत तथा नगर निकाय में वर्तमान 20% आरक्षण को बढ़ाकर 30% किया जाएगा। आबादी के अनुपात में आरक्षण की 50% की सीमा को बढ़ाने हेतु, विधान मंडल पारित कानून को संविधान की नौवीं अनुसूची में शामिल करने के लिए केंद्र सरकार को भेजा जाएगा।
मेनिफेस्टो से जुड़ी मुख्य बातें:
- वहीं, नियुक्तियों की चयन प्रक्रिया में ‘Not Found Suitable (NFS)’ जैसी अवधारणा को अवैध घोषित किया जाएगा। अतिपिछड़ा वर्ग की सूची में अन्य या अति समावेशन (under- या over-inclusion) से संबंधित सभी मामलों को एक कमेटी बनाकर निपटाया जाएगा।
- एससी-एसटी की तर्ज पर अति पिछड़ा अत्याचार निवारण कानून बनाया जाएगा।
- अतिपिछड़ा, अनुसूचित जाति, जनजाति तथा पिछड़ा वर्ग के सभी आवासीय भूमिहीनों को शहरी क्षेत्रों में 3 डिसमिल तथा ग्रामीण क्षेत्रों में 5 डिसमिल आवासीय भूमि उपलब्ध कराई जाएगी।
- UPA सरकार द्वारा पारित ‘शिक्षा अधिकार अधिनियम’ (2010) के तहत निजी विद्यालयों में नामांकन हेतु आरक्षित सीटों का आधा हिस्सा अतिपिछड़ा, पिछड़ी जाति, अनुसूचित जाति और जनजाति के बच्चों हेतु सुनिश्चित किया जाएगा।
- 25 करोड़ रुपये तक के सरकारी कर्ज़/आर्थिक कार्यों में अतिपिछड़ा, अनुसूचित जाति, जनजाति और पिछड़ी जाति के लिए 50% आरक्षण का प्रावधान किया जाएगा।
- संविधान की धारा 15(5) के अंतर्गत राज्य के सभी निजी शिक्षण संस्थानों के नामांकन हेतु आरक्षण लागू किया जाएगा।
- आरक्षण के दुरुपयोग के रोक हेतु उच्च अधिकार प्राप्त आरक्षण नियामक प्राधिकरण का गठन किया जाएगा, और जातियों की आरक्षण सूची में कोई भी परिवर्तन केवल विधान मंडल की अनुमति से ही संभव होगा।
बिहार में हुई CWC की बैठक
बता दें कि आज (बुधवार) पटना में कांग्रेस कार्यसमिति (CWC) की बैठक बुधवार को आयोजित की गई। लगभग साढ़े 4 घंटे चली इस बैठक में पार्टी ने कई राजनीतिक, कूटनीतिक और सामाजिक प्रस्ताव पास हुए। संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा कि तेलंगाना में कार्य समिति बैठक के 2 माह बाद कांग्रेस की सरकार बनी थी। बिहार में भी बैठक के दो माह के अंदर सरकार बनेगी। ठक में राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खरगे, सलमान खुर्शीद और सचिन पायलट जैसे दिग्गज नेता शामिल हुए। हालांकि, इस बैठक में प्रियंका गांधी और सोनिया गांधी नहीं आईं।
