Bihar Assembly Polls: बिहार में चल रहे SIR अभियान के दौरान BLO ने घर-घर जाकर जांच के दौरान बड़ी संख्या में नेपाल, बांग्लादेश और म्यांमार के नागरिकों को पाया है। सूत्रों के अनुसार, इन लोगों ने आधार कार्ड, निवास प्रमाण पत्र, राशन कार्ड समेत सभी जरूरी दस्तावेज भी बनवा लिए थे। चुनाव आयोग के सूत्रों के अनुसार 1 अगस्त से 30 अगस्त 2025 के बीच इन मामलों की पूरी जांच की जाएगी। यदि जांच में यह तथ्य सही पाए गए, तो ऐसे व्यक्तियों के नाम अंतिम मतदाता सूची में शामिल नहीं किए जाएंगे। यह अंतिम सूची 30 सितंबर 2025 को प्रकाशित की जाएगी। राज्य में इस वर्ष के अंत में विधानसभा चुनाव होंगे।
80% से अधिक मतदाताओं ने जमा किए गणना फॉर्म
इस बीच, भारत निर्वाचन आयोग (ECI) ने कहा कि शनिवार शाम तक बिहार में 80.11 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने फॉर्म जमा कर दिए हैं। आयोग निर्धारित समय 25 जुलाई से पहले गणना फॉर्म (ईएफ) का संग्रह पूरा करने के लिए आगे बढ़ रहा है। ईसीआई ने कहा कि 77895 बीएलओ और जमीनी स्तर पर 20603 नए नियुक्त बीएलओ के साथ, ईसीआई 25 जुलाई 2025 की निर्धारित समय सीमा से पहले गणना फॉर्म (ईएफ) का संग्रह पूरा करने के लिए आगे बढ़ रहा है। इस उद्देश्य के लिए सीईओ द्वारा सभी 243 विधानसभा क्षेत्रों में 38 जिला चुनाव अधिकारियों (डीईओ), निर्वाचक पंजीकरण अधिकारियों (ईआरओ) और 963 सहायक ईआरओ (एईआरओ) सहित फील्ड स्तरीय टीमों की बारीकी से निगरानी की जा रही है।
एजेंसी इनपुट के साथ
