देश

कांग्रेस में बड़ा फेरबदल! शक्ति सिंह गोहिल को मिली गुजरात की कमान, हरियाणा-दिल्ली में प्रभारी तो मुंबई में अध्यक्ष बदले

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलEdited by: शिशुपाल कुमार
  • Updated Jun 9, 2023, 09:20 PM IST

Congress Reshuffle: कांग्रेस ने सांसद वी वैथिलिंगम को पुडुचेरी प्रदेश कांग्रेस कमेटी और महाराष्ट्र सरकार की पूर्व मंत्री वर्षा गायकवाड को मुंबई क्षेत्रीय कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष नियुक्त किया है।

Image

कांग्रेस ने शक्ति सिंह गोहिल को बनाया गुजरात का अध्यक्ष

Photo : ANI

Congress Reshuffle: कर्नाटक में जीत से उत्साहित कांग्रेस ने कई राज्यों के संगठन में फेरबदल किया है। गुजरात से लेकर हरियाणा तक और दिल्ली से मुंबई तक में ये फेरबदल हुए हैं। गुजरात के बड़े नेताओं में शुमार शक्ति सिंह गोहिल को गुजरात कांग्रेस का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वहीं दिल्ली और हरियाणा के लिए कांग्रेस ने दीपक बाबरिया को प्रभारी बनाया है।

शक्ति सिंह गोहिल की जगह पर दीपक प्रभारी

कांग्रेस ने राज्यसभा सांसद शक्तिसिंह गोहिल की जगह पर दीपक बाबरिया को हरियाणा और दिल्ली का प्रभारी नियुक्त किया है। कांग्रेस पार्टी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने गोहिल और बाबरिया की नियुक्ति की। गुजरात विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष रह चुके गोहिल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष के तौर पर जगदीश ठाकोर का स्थान लेंगे।

मुंबई समेत यहां भी फेरबदल

गुजरात से ताल्लुक रखने वाले बाबरिया को गोहिल के स्थान पर हरियाणा और दिल्ली का प्रभारी बनाया गया है। वह पहले मध्य प्रदेश के प्रभारी भी रह चुके हैं। कांग्रेस ने सांसद वी वैथिलिंगम को पुडुचेरी प्रदेश कांग्रेस कमेटी और महाराष्ट्र सरकार की पूर्व मंत्री वर्षा गायकवाड को मुंबई क्षेत्रीय कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष नियुक्त किया है।

पार्टी ने अपने दो नेताओं मंसूर अली खान और पीसी विष्णुनाथ को तेलंगाना के लिए अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव की जिम्मेदारी सौंपी है।

जल्द होगी गुजरात प्रभारी की घोषणा

कांग्रेस गुजरात के लिए जल्द ही नए प्रभारी की घोषणा कर सकती है। कांग्रेस के गुजरात प्रभारी रघु शर्मा ने 2022 के गुजरात विधानसभा चुनावों में पार्टी की सबसे बुरी हार के बाद इस्तीफा दे दिया था। साल 2022 के गुजरात विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को 182 में से सिर्फ 17 सीट पर जीत मिली थी। हार के बाद राज्य इकाई के अध्यक्ष जगदीश ठाकोर ने भी पद छोड़ने की पेशकश की थी।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article