Bengal New CM: पश्चिम बंगाल में कौन बनेगा सीएम और कितने होंगे मंत्री, ये सब तय करने के लिए भाजपा महासचिव सुनील बंसल (Sunil Bansal) को दिल्ली बुलाया गया है। सुनील बंसल को बंगाल में भाजपा की जीत का 'आर्किटेक्ट' कहा जा रहा है। दिल्ली में सुनील बंसल की मुलाकात बीजेपी के शीर्ष नेतृत्व से होगी, जहां बंगाल में नई सरकार को लेकर फैसले लिए जाने हैं।
दोपहर बाद दिल्ली पहुंचेंगे सुनील बंसल
मिली जानकारी के अनुसार आज दोपहर बाद कोलकाता से दिल्ली के लिए सुनील बंसल रवाना होंग। जहां बंगाल में आगे की रणनीति, शपथ ग्रहण कार्यक्रम समेत विधायक दल की बैठक आदि को फाइनल करने के लिए गृहमंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन के साथ मुलाकात करेंगे। इसके बाद सुनील बंसल कोलकाता लौट जाएंगे।
बंगाल में बीजेपी जीती है 206 सीटें
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में सोमवार को 206 सीटें जीतकर दो-तिहाई से अधिक बहुमत हासिल कर इतिहास रच दिया और तृणमूल कांग्रेस के 15 साल के शासन का अंत कर दिया। पश्चिम बंगाल की 294 सदस्यीय विधानसभा में बहुमत का आंकड़ा 148 है। हालांकि, फाल्टा में मतदान रद्द होने के कारण 293 निर्वाचन क्षेत्रों के मतों की गिनती हुई और इस वजह से फिलहाल बहुमत का आंकड़ा 147 है।
पश्चिम बंगाल में भाजपा ने सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस के पारंपरिक गढ़ों में सेंध लगाई और शहरी एवं ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में अपना जनाधार बढ़ाया। इस जीत के साथ, भाजपा राज्य में पहली बार सरकार बनाएगी। निर्वाचन आयोग के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, भाजपा ने 206 सीटें जीत लीं हैं।
बंगाल में बढ़ता गया बीजेपी की जनाधार
वर्ष 2011 में लगभग चार प्रतिशत के मामूली वोट शेयर से, भाजपा 2019 में लगभग 40 प्रतिशत तक पहुंच गई और फिर 2021 के विधानसभा चुनावों में 77 सीटें हासिल करके वामपंथी और कांग्रेस को पछाड़ते हुए टीएमसी के प्रमुख प्रतिद्वंद्वी के रूप में उभरी।
