देश

दिखने लगा असर...आंशिक रूप से हटाए गए ममता बनर्जी के आवास के बाहर लगे बैरिकेड

West Bengal Election Results: अधिकारी के मुताबिक, आदेश में बैरिकेड हटाने की कोई वजह नहीं बताई गई है। उन्होंने कहा, हमने उच्च अधिकारियों के निर्देशों का पालन किया है।

Image

ममता बनर्जी के आवास के बाहर बैरीकेड हटने लगे

Photo : PTI

Mamata Banerjee Defeated: दक्षिण कोलकाता में हरीश चटर्जी स्ट्रीट पर निवर्तमान मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के आवास के बाहर एक दशक से अधिक समय से लगे बैरिकेड मंगलवार को आंशिक रूप से हटा दिये गए। यह कदम तृणमूल कांग्रेस के पश्चिम बंगाल की सत्ता गंवाने और भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र में ममता की हार के एक दिन बाद उठाया गया। मंगलवार को पुलिसकर्मियों को नीले और सफेद रंग के बैरिकेड को हटाते हुए देखा गया, जिनके जरिये 30बी स्थित उनके आवास के पास की सड़क पर आम जनता की आवाजाही को प्रतिबंधित कर दिया गया था।

ए स्मार्ट बैरिकेड हटाने के निर्देश मिले

हालांकि, कोलकाता पुलिस की ओर से इस सिलसिले में कोई आधिकारिक अधिसूचना जारी नहीं की गई थी, लेकिन मौके पर मौजूद एक अधिकारी ने कहा कि उन्हें मंगलवार सुबह ममता के आवास के बाहर लगाए गए स्मार्ट बैरिकेड हटाने के निर्देश दिए गए। अधिकारी के मुताबिक, आदेश में बैरिकेड हटाने की कोई वजह नहीं बताई गई है। उन्होंने कहा, हमने उच्च अधिकारियों के निर्देशों का पालन किया है।

हालांकि, वहां पुलिस चौकी अभी भी मौजूद है, लेकिन इलाके में उच्च स्तरीय सुरक्षा तैनाती में स्पष्ट रूप से कमी आई है। भबानीपुर विधानसभा क्षेत्र के कालीघाट इलाके में स्थित हरीश चटर्जी स्ट्रीट एक उच्च सुरक्षा क्षेत्र रही है, जहां प्रवेश करने वाले हर वाहन की जांच की जाती थी। एक स्थानीय निवासी ने बताया कि उन्हें (निवासियों) अपने घर की ओर जाने के लिए अक्सर पहचान पत्र दिखाने पड़ते थे। निवासी ने कहा कि हालांकि, मंगलवार सुबह प्रतिबंधों में काफी ढील दे दी गई और बैरिकेड को आंशिक रूप से हटा दिया गया।

ममता ने क्या-क्या कहा?

इससे पहले आज ममता बनर्जी ने हार मानने से इनकार करते हुए कहा कि उन्हें हराया गया है। ममता बनर्जी ने कहा, बंगाल में यह(वोट चोरी) और ज्यादा हुआ क्योंकि हमने बहुत कड़ी लड़ाई लड़ी। हमारी लड़ाई सीधे तौर पर भाजपा के साथ नहीं थी, हमारी लड़ाई चुनाव आयोग के साथ थी। अगर चुनाव आयोग बिक जाए, न्यायपालिका से न्याय न मिले, इतने लोगों को SIR के नाम पर निकाल दिया जाए, अधिकारी एकतरफा काम करें...आप मुझे बताएं कि EVM मशीन में मतदान के बाद भी चार्ज 90-95 कैसे रहा जो 40 से नीचे होता है?... उन्होंने मतदान केंद्र में मुझे जाने नहीं दिया, उन्होंने केंद्रीय बलों और चुनाव अधिकारियों के माध्यम से हमारे कार्यकर्ताओं को टॉर्चर किया... धक्का मारते मारते मुझे बाहर निकाला गया, हमारे एजेंट को मारा गया।

ममता ने लगाए बड़े आरोप

पश्चिम बंगाल की निवर्तमान मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा, पहले चरण की मतगणना के बाद, वे कहने लगे कि भाजपा को 195-200 सीटें मिल रही हैं। आपने फाइनल रिजल्ट का इंतजार नहीं किया। आपने 5-6 चरण का भी इंतजार नहीं किया। प्रेस मीडिया के साथ उस प्रचार के बाद, भाजपा पोलिंग स्टेशन के अंदर गई और उन्होंने लोगों, काउंटिंग एजेंट्स को पीटना शुरू कर दिया। जब मुझे पता चला कि सभी काउंटिंग एजेंट्स हटा लिए गए हैं, तो मैं लगभग 30,000 से आगे चल रही थी और लगभग 5 राउंड बाकी थे। हमें 32,000 से अधिक मिलना चाहिए था। फिर BJP कैंडिडेट 200 CRPF जवानों और 200 बाहरी गुंडों के साथ अंदर गया, फिर उन्होंने हमारे लोगों को पीटा। महिलाओं को भी नहीं बख्शा गया और उन्होंने सारे फॉर्म छीन लिए। जब मुझे पता चला, तो मैं वहां गई। उन्होंने मेरी कार रोक दी लेकिन मैंने दूसरा रास्ता लिया। जब मैं अंदर गई, तो CRPF ने मुझसे कहा कि मुझे जाने की इजाजत नहीं है। मैंने कहा कि मैं एक उम्मीदवार हूं...फिर मैंने RO से शिकायत की कि सामान्य हालात होने तक मतगणना तुरंत रोक दी जाए। मैंने DEO को देखा। मुझे पता है कि वह 15 दिन पहले किसी को संदेश किया था कि 'काउंटिंग में खेला होगा'...मैं कुछ मिनट के लिए अंदर गई। उन्होंने मेरे साथ मारपीट की। उस समय CCTV बंद था।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article