Ajit Pawar Plane Crash: महाराष्ट्र उपमुख्यमंत्री अजित पवार सहित पांच लोगों की बुधवार को विमान दुर्घटना में मौत हो गई। अजित पवार जिस विमान में सवार थे वह बारामती एयरपोर्ट पर उतरने का प्रयास करते समय रनवे से उतर गया और उसमें आग लग गई। इस हादसे के बाद महाराष्ट्र सरकार ने 3 दिन के राजकीय शोक का ऐलान किया गया है।
कब होगा अंतिम संस्कार
अजित पवार का बारामती के विद्या प्रतिष्ठान में गुरुवार को अंतिम संस्कार होगा। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, अजित पवार का पार्थिव शरीर शाम 5 बजे से अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा। अंतिम यात्रा गुरुवार सुबह 9 बजे निकलेगी और अंतिम संस्कार सुबह 11 बजे विद्या प्रतिष्ठान मैदान में होगा।
PM मोदी ने शरद पवार से की बात
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को राकांपा (एसपी) प्रमुख शरद पवार से बात की और उनके भतीजे एवं उपमुख्यमंत्री अजित पवार के निधन पर शोक जताया।अधिकारियों ने बताया, ''प्रधानमंत्री ने शरद पवार से बात की और अजित पवार के निधन पर अपनी संवेदना व्यक्त की।'' इससे पहले पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा था कि अजित पवार आम लोगों के नेता थे और जमीनी स्तर पर उनकी पकड़ काफी मजबूत थी।
पीएम मोदी ने कहा था, ''अजित पवार जननेता थे और उनका जमीनी स्तर पर गहरा जुड़ाव था। महाराष्ट्र की जनता की सेवा में वह हमेशा समर्पित रहे और एक परिश्रमी नेता के रूप में उनका व्यापक सम्मान था।''
राजकीय शोक का ऐलान
महाराष्ट्र सरकार ने समूचे राज्य में तीन दिन के राजकीय शोक की घोषणा की। सामान्य प्रशासन विभाग के प्रोटोकॉल अनुभाग द्वारा जारी एक संदेश में कहा गया है कि अजित पवार का निधन 28 जनवरी की सुबह हुआ। विभाग ने एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा, सरकार के निर्देशों के अनुसार 28 जनवरी से 30 जनवरी तक राजकीय शोक मनाया जाएगा और इस दौरान उन सभी भवनों पर राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा जहां इसे नियमित रूप से फहराया जाता है।
