देश

बांकीपुर से चुनाव लड़ेंगे प्रशांत किशोर, नितिन नवीन के गढ़ में BJP को देंगे चुनौती; 11 जुलाई को दाखिल करेंगे नामांकन

बिहार की राजनीति में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। जन सुराज पार्टी ने अपने संस्थापक प्रशांत किशोर को पटना की बांकीपुर विधानसभा सीट से उम्मीदवार घोषित किया है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती ने इसकी आधिकारिक घोषणा की। प्रशांत किशोर 11 जुलाई को अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। उम्मीदवार घोषित होने के बाद उन्होंने कहा कि वह पार्टी और जनता के भरोसे पर खरा उतरने की पूरी कोशिश करेंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि बांकीपुर सीट पर जीत मिलने से जन सुराज पार्टी बिहार की राजनीति में और मजबूत होगी।

Image

जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर पटना की बांकीपुर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे।

Photo : Twitter

Prashant Kishor: बिहार की राजनीति में बड़ा सियासी ऐलान हुआ है। जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर पटना की बांकीपुर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती ने इसकी आधिकारिक घोषणा की। घोषणा के मुताबिक, प्रशांत किशोर 11 जुलाई को बांकीपुर विधानसभा सीट के लिए अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। लंबे समय से इस बात की चर्चा थी कि पीके किस सीट से चुनावी मैदान में उतरेंगे। अब पार्टी ने इस पर मुहर लगा दी है।

उम्मीदवार घोषित किए जाने के बाद प्रशांत किशोर ने कहा कि पार्टी ने उन पर जो भरोसा जताया है, वह उस पर पूरी तरह खरा उतरने की कोशिश करेंगे। उन्होंने कहा कि यदि वह बांकीपुर सीट से जीत दर्ज करते हैं, तो इससे बिहार में जन सुराज पार्टी और अधिक मजबूत होगी।

बता दें कि प्रशांत किशोर पिछले कुछ समय से बिहार में जन सुराज अभियान के जरिए राजनीतिक आधार मजबूत करने में जुटे हैं। अब बांकीपुर सीट से उनका चुनाव लड़ना बिहार की राजनीति में एक अहम मुकाबले के रूप में देखा जा रहा है। सभी की नजरें इस सीट पर होने वाले चुनाव और उसके नतीजों पर टिकी रहेंगी।

कांग्रेस की ओर से प्रशांत किशोर को समर्थन देने का संकेत

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की सीट बांकीपुर में उपचुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। बांकीपुर उपचुनाव में जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर के चुनाव लड़ने का फैसला लिया है। कांग्रेस की ओर से प्रशांत किशोर को समर्थन देने का संकेत दिया गया है, वहीं राजद के फैसले का इंतजार है।

पटना की बांकीपुर विधानसभा सीट बीजेपी के लिए गढ़ कही जाती है। यहां पिछले कई दशक से बीजेपी लगातार जीतती रही है। नितिन नवीन के राज्यसभा जाने के बाद बांकीपुर में उपचुनाव होना है। उपचुनाव को लेकर सभी दल अपनी तैयारियों में जुटे हैं। प्रशांत किशोर के भी इस बार बांकीपुर से उपचुनाव लड़ने का फैसला लिया गया है।

कांग्रेस नेता ने सिंगल कैंडिडेट उतारने का सुझाव दिया

बांकीपुर उपचुनाव में जन सुराज के प्रशांत किशोर के चुनाव मैदान में उतरने के फैसले के बीच कांग्रेस नेता ऋषि मिश्रा ने विपक्ष के वहां सिंगल कैंडिडेट उतारने का सुझाव दिया है। उन्होंने कहा कि प्रशांत किशोर बांकीपुर से चुनाव लड़ने जा रहे हैं तो उन्हें कांग्रेस हाईकमान और राजद नेताओं के बात करनी चाहिए। ऋषि मिश्रा ने कहा कि बीजेपी को चुनौती देने के लिए सभी विपक्षी दलों को मिलकर एक उम्मीदवार उतारना चाहिए। यदि प्रशांत किशोर को लड़ रहे हैं तो सभी विपक्षी दलों को उनकी मदद करनी चाहिए।

प्रशांत किशोर के चुनाव लड़ने पर फैसला जल्द

बांकीपुर उपचुनाव में प्रशांत किशोर चुनाव मैदान में उतरेंगे , इसका फैसला पार्टी की ओर से ले लिया गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार जन सुराज पार्टी की कोर कमेटी की बैठक में बांकीपुर उपचुनाव को लेकर फैसला लिया गया।

प्रशांत किशोर के मैदान में उतरने से मुकाबला होगा दिलचस्प

नितिन नवीन की ओर से खाली की गई सीट से प्रशांत किशोर की ओर से चुनाव मैदान में उतरने का फैसला लिए जाने से मुकाबला दिलचस्प हो जाएगा। कांग्रेस नेता की ओर से प्रशांत किशोर के समर्थन में पैरवी किए जाने के बाद अब राजद के भी फैसले का इंतजार है। हालांकि कांग्रेस नेता ऋषि मिश्रा के सुझाव को पूरी पार्टी का फैसला नहीं माना जा सकता है। वहीं राजद की ओर से लालू-तेजस्वी यादव इस संबंध में अंतिम फैसला लेंगे।

क्या है इस सीट का सियासी महत्व?

बांकीपुर सीट के बहाने भाजपा 'कायस्थ किला' बचाने की रणनीति में जुटी है। बिहार की सबसे हाई-प्रोफाइल विधानसभा सीटों में शामिल पटना की बांकीपुर सीट पर उपचुनाव का बिगुल बज चुका है। भाजपा के वरिष्ठ नेता नितिन नवीन के राज्यसभा सदस्य चुने जाने के बाद विधानसभा से इस्तीफा देने के कारण यह सीट खाली हुई है। ऐसे में इस सीट पर होने वाला उपचुनाव सिर्फ एक विधायक चुनने तक सीमित नहीं है, बल्कि भाजपा के शीर्ष नेतृत्व की प्रतिष्ठा और संगठनात्मक मजबूती की भी बड़ी परीक्षा माना जा रहा है।

कायस्थ बहुल मानी जाने वाली इस सीट पर भाजपा के संभावित उम्मीदवारों में इसी समुदाय के नेताओं के नाम सबसे ज्यादा चर्चा में हैं। पूर्व विधान परिषद सदस्य प्रो. रणवीर नंदन, भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री ऋतुराज सिन्हा और पार्टी प्रवक्ता अजय आलोक को प्रमुख दावेदार माना जा रहा है। वर्तमान में रणवीर नंदन बिहार राज्य धार्मिक न्यास परिषद के अध्यक्ष हैं। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) से उनकी लंबे समय से वैचारिक और सांस्कृतिक जुड़ाव को भी उनकी मजबूत दावेदारी की वजह माना जा रहा है।

Saket kumar
साकेत कुमारauthor

साकेत कुमार के पास मीडिया इंडस्ट्री में काम करने का 18 वर्षों का लंबा अनुभव है। वर्तमान में वह Times Now Navbharat के पटना ब्यूरो प्रमुख के रूप में कार्यरत हैं और बिहार की राजनीति, प्रशासन, सामाजिक मुद्दों और ग्राउंड रिपोर्टिंग में गहरी पकड़ रखते हैं। उन्होंने अपने करियर के दौरान कई महत्वपूर्ण खबरों को कवर किया है और निष्पक्ष, तथ्यपरक और सटीक रिपोर्टिंग के लिए जाने जाते हैं। साकेट की रिपोर्टिंग में जमीनी हकीकत, गहन रिसर्च और दर्शकों तक सटीक जानकारी पहुंचाने की प्रतिबद्धता साफ दिखाई देती है।

और पढ़ें
End of Article