अयोध्या में रविवार को भव्य दीपोत्सव मनाया गया। पीएम मोदी भी इस कार्यक्रम में शामिल हुए और उन्होंने ही दीपोत्सव कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कहा कि आज दिव्य रामरस के अमृत प्रकाश से दीप्त होकर मां सरयू का तट 'राममय' हो गया है।
मुख्यमंत्री ने दीपोत्सव को लेकर अयोध्या सहित पूरे देश में छाये हर्ष के माहौल को गोस्वामी तुलसीदास जी के दोहे के साथ व्यक्त किया। उन्होंने कहा- "अवधपुरी प्रभु आवत जानी, भई सकल सोभा कै खानी।" मुख्यमंत्री ने कहा कि इस साल हम दीपोत्सव का छठा संस्करण मना रहे हैं और आज पूरी अयोध्या नगरी भगवान श्रीराम के साथ-साथ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आगमन से और भी ज्यादा उत्साहित है। कभी त्रेता युग में दीपावली का आयोजन अयोध्या वासियों ने भगवान श्रीराम के 14 वर्ष के वनवास के बाद जिस उत्साह और उमंग के साथ आयोजित किया था। आज वह उत्साह पूरे देश में रोशनी के पर्व दीपावली के रूप में दिखायी देता है।
अपने संबोधन में सीएम योगी ने विपक्ष पर भी जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि कभी राजनीति के लिए कुछ लोगों ने अयोध्या को वीरान बना दिया था, मगर जिस नगरी को स्वयं प्रभु श्रीराम ने 'सुहावनी' बताया हो, वो लंबे समय तक भला वीरान कैसे रह सकती है। आज रामराज्य के संकल्प के महा उत्सव के रूप में दीपोत्सव मनाया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पिछले साढ़े आठ साल से मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के आदर्शों को अपने जीवन में उतारने वाले और उसी के अनुरूप देश में रामराज्य की परिकल्पना को साकार करने वाले राजनेता हैं। मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि आज अयोध्या में भव्य श्रीराम मंदिर निर्माण हो रहा है, चाहे महाकाल का लोक हो, काशी में भगवान विश्वनाथ का भव्य धाम का बन चुका है। उत्तराखंड के चार धामों के पुनरोद्धार का कार्य किस रूप में हो रहा है, ये हर भारतवासी को गौरव की अनुभूति कराता है। ये सब साकार हुआ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में। आज विंध्यवासिनी धाम का पुनरोद्धार कॉरीडोर के रूप में युद्धस्तर पर चल रहा है। रामायण सर्किट, कृष्णा सर्किट, बौद्ध परिपथ की बात हो या देशभर में शक्तिपीठों के पुनरोद्धार का कार्य। ये सब अपनी विरासत का सम्मान ही तो है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज प्रधानमंत्री देश के किसी भी कोने में जाते हैं पूरा भारत एक साथ उनके नेतृत्व में बोलता, डोलता और चलता हुआ दिखायी देता है। यहां पर प्रभु श्रीराम के अभिषेक के साथ पीएम का जुड़ना पूरे भारतवासियों को अभिभूत कर रहा है। हर व्यक्ति जानता है कि 500 वर्ष के बाद श्रीराम के भव्य मंदिर के कार्यक्रम को आगे बढ़ाने के लिए जिस संकल्प की आवश्यक्ता थी वह संकल्प आज साकार हुआ है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का नेतृत्व प्रभु श्री राम के आदर्शो के अनुरूप भारत को विकास की नयी ऊंचाइयों तक पहुंचाने का कार्य कर रहा है।
रविवार को दीपोत्सव से पहले रामकथा पार्क में भगवान श्रीराम के राज्याभिषेक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, उत्तर प्रदेश के दोनों उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और केशव प्रसाद मौर्य सहित प्रदेश के कई मंत्री, श्री राम जन्मभूमि तीथ क्षेत्र न्यास के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में साधु संतगण मौजूद रहे।
