देश

मुझे विलन साबित करने की कोशिश- खरगे की नसीहत के बाद बैकफुट पर इमरान मसूद, लगे सफाई देने

कांग्रेस सांसद और कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद के अनुसार, उन्हें पार्टी के हित की बात करने पर 'विलन' साबित करने की कोशिश की जा रही है।

Image

कांग्रेस नेता इमरान मसूद (फोटो- Imranmasoodinc)

नई दिल्ली, 27 नवंबर: उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस के बीच होने वाले संभावित चुनावी गठबंधन और सीट बंटवारे को लेकर सियासी पारा चढ़ गया है। कांग्रेस सांसद और पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद ने सीट बंटवारे पर मल्लिकार्जुन खरगे की नसीहत के बाद सफाई देते हुए कहा है कि उन्हें अब विलेन बनाने की कोशिश की जा रही है। अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए इमरान मसूद ने कहा कि वे अपनी पार्टी के हित और उसकी उन्नति के लिए लड़ रहे हैं, जिसके लिए वे अपनी जान भी कुर्बान करने को तैयार हैं।

सपा के इमरान मसूद ने घेरा

मसूद ने सवाल उठाया कि क्या भाजपा को सत्ता से हटाने की सारी जिम्मेदारी सिर्फ उन्हीं के कंधों पर है? उन्होंने 2022 के विधानसभा चुनावों का जिक्र करते हुए कहा कि तब मुसलमानों ने एकतरफा होकर वोट दिया था, इसके बावजूद हार का सामना क्यों करना पड़ा? उन्होंने सहयोगी दल की ओर इशारा करते हुए कहा कि यह जिम्मेदारी उनके कंधों पर ज्यादा है। संभावित सीट बंटवारे के आंकड़ों पर तंज कसते हुए मसूद ने कहा, "ये 26 सीटें जो आपने हमें दी हैं, इनका नतीजा आप खुद उठा लीजिए। ये जो आप हमें दे रहे हैं, हम इसका क्या करेंगे, ये आपको मुबारक। इसका हमसे कोई लेना-देना नहीं है। हमें लड़ने के लिए सम्मानजनक हिस्सेदारी चाहिए- गुणवत्ता और मात्रा दोनों चाहिए।"

खरगे ने दी नसीहत

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने एक दिन पहले ही इमरान मसूद को नसीहत देते हुए कहा था कि उन्हें जमीन पर सामूहिक रूप से काम करना होगा। समाजवादी पार्टी के साथ सीट बंटवारे को लेकर पार्टी के भीतर जारी इस बहस के बीच कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने गुरुवार को सधा हुआ बयान दिया। 'संविधान रक्षा सम्मेलन' को संबोधित करते हुए खरगे ने इमरान मसूद की शैली की तारीफ की, लेकिन संगठन की मजबूती को सर्वोपरि बताया।

खरगे ने कहा कि इमरान मसूद संसद में और टेलीविजन पर बहुत उत्साह और जोरदार तरीके से अपनी व पार्टी की बातें रखते हैं और उन्हें मनवाने की कोशिश करते हैं। मसूद के मुखर बयानों के संदर्भ में कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, "सिर्फ बयान देने से ज्यादा, हमें जमीन पर काम करना होगा। पार्टी तभी आगे बढ़ेगी जब उसके नेता और कार्यकर्ता मिलकर काम करेंगे। जितना ज्यादा हम मिलकर काम करेंगे, उतना ही आगे बढ़ेंगे।"

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article