देश

गुजरात, केरल और बंगाल समेत चार राज्यों की 5 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव का ऐलान, 23 जून को आएंगे नतीजे

चुनाव आयोग ने आगामी उपचुनाव का शेड्यूल जारी करते हुए बताया कि चुनाव प्रक्रिया की शुरुआत 26 मई 2025 (सोमवार) को राजपत्र अधिसूचना जारी होने के साथ होगी।

Image

विधानसभा उपचुनाव 2025 की तारीखों का ऐलान

Photo : PTI

Assembly Bypolls in 5 Constituencies: भारत निर्वाचन आयोग (ईसीआई) ने गुजरात, केरल, पंजाब और पश्चिम बंगाल की पांच विधानसभा सीटों पर उप-चुनाव की घोषणा कर दी है। 19 जून को मतदान होगा, जबकि 23 जून को मतगणना होगी। भारत निर्वाचन आयोग ने रविवार को आधिकारिक एक्स अकाउंट पर एक पोस्ट शेयर कर चार राज्यों केरल, गुजरात, पंजाब और पश्चिम बंगाल की पांच विधानसभा क्षेत्रों में उपचुनाव की घोषणा की है। ईसीआई ने बताया कि गुजरात के कादी (एससी) और विसावदर विधानसभा, केरल की निलंबूर, पंजाब की लुधियाना और पश्चिम बंगाल की कालीगंज विधानसभा सीटों पर उपचुनाव होगा।

आगामी उपचुनाव का शेड्यूल जारी

चुनाव आयोग ने आगामी उपचुनाव का शेड्यूल जारी करते हुए बताया कि चुनाव प्रक्रिया की शुरुआत 26 मई 2025 (सोमवार) को राजपत्र अधिसूचना जारी होने के साथ होगी। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख 2 जून (सोमवार) तय की गई है, जबकि 3 जून (मंगलवार) को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। उम्मीदवार 5 जून (गुरुवार) तक अपना नाम वापस ले सकेंगे। इसके बाद 19 जून 2025 (गुरुवार) को मतदान कराया जाएगा। मतदान के बाद 23 जून (सोमवार) को वोटों की गिनती होगी। चुनाव आयोग के अनुसार, 25 जून 2025 (बुधवार) तक पूरी चुनाव प्रक्रिया संपन्न कर ली जाएगी।

चुनाव- तारीख और दिन

राजपत्र अधिसूचना जारी होने की तारीख: 26 मई 2025 (सोमवार)

नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख: 2 जून 2025 (सोमवार)

नामांकन पत्रों की जांच की तारीख: 3 जून 2025 (मंगलवार)

उम्मीदवारी वापस लेने की आखिरी तारीख: 5 जून 2025 (गुरुवार)

मतदान की तारीख: 19 जून 2025 (गुरुवार)

वोटों की गिनती की तारीख: 23 जून 2025 (सोमवार)

चुनाव प्रक्रिया पूरी होने की अंतिम तारीख: 25 जून 2025 (बुधवार)

यह उपचुनाव संबंधित क्षेत्र में प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक माना जा रहा है। चुनाव आयोग ने सभी राजनीतिक दलों और मतदाताओं से शांतिपूर्ण और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने की अपील की है। बता दें कि जिन राज्यों में विधानसभा चुनाव होने हैं, सभी जगहों पर अलग-अलग पार्टियों की सरकारें हैं। बंगाल में टीएमसी, गुजरात में भाजपा, पंजाब में 'आप' और केरल में सीपीआई (एम) की सरकार है। (आईएएनएस इनपुट)

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article