Assam CM Big Statement: असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने बुधवार को असम आंदोलन के शहीद दिवस के मौके पर गुवाहाटी के बोरागांव में स्वाहिद स्मारक के उद्घाटन के दौरान लोगों से कहा कि वे राज्य में किसी भी 'अज्ञात व्यक्ति' को नौकरी पर न रखें और जमीन न बेचें।
असम के CM ने स्वाहिद स्मारक को उन शहीदों को समर्पित किया जो 1979 में बांग्लादेश से असम में घुसे घुसपैठियों के खिलाफ खड़े हुए थे। उन्होंने कहा, 'हमने 10 दिसंबर 2019 को जातीय स्वाहिद स्मारक की नींव रखी थी। उस समय सर्बानंद सोनोवाल मुख्यमंत्री थे। आज, हमने असम आंदोलन के शहीदों की याद में एक सुंदर स्वाहिद स्मारक समर्पित किया है।'
'अनजान लोगों को नौकरी न दें ...'
हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा, '10 दिसंबर हमारे लिए एक पवित्र दिन है, एक नया संकल्प लेने का दिन। मैं असम और देश के लोगों से आग्रह करता हूं कि वे अपनी जमीन अनजान लोगों को न बेचें। अपनी इंडस्ट्रीज, बिजनेस जगहों पर अनजान लोगों को नौकरी न दें और अपनी जमीन पर खेती करने के लिए अनजान लोगों को न लाएं।'
असम के CM ने उस समय एक ऑडिटोरियम बनने की भी जानकारी दी और एक डिजिटल लाइब्रेरी के प्लान के बारे में बताया। उन्होंने कहा, 'यहां 500 सीटों की कैपेसिटी वाला एक ऑडिटोरियम बन रहा है। मेरा सपना है कि असम मूवमेंट और असमिया हिस्ट्री की एक डिजिटल लाइब्रेरी बनाई जाए, जहां हम अपने समुदाय के 5000 साल पुराने इतिहास को देख सकें।' मुख्यमंत्री के मुताबिक, स्वाहिद स्मारक और स्वाहिद स्तंभ पचिम बोरागांव में 150 बीघा से ज्यादा जमीन पर 170 करोड़ रुपये में बनाए गए।
