देश

जुबीन की मौत को लेकर सिंगापुर पुलिस गंभीरता से कर रही जांच, हमने भी सभी महत्वपूर्ण जानकारी भेजी: सीएम हिमंत

मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने कहा कि सिंगापुर पुलिस ने गायक जुबीन गर्ग की मौत के सिलसिले में कुछ 'महत्वपूर्ण जानकारी' मांगी है। मुख्यमंत्री ने हालांकि स्पष्ट नहीं किया कि सिंगापुर ने गर्ग के परिवार से क्या जानकारी मांगी है। प्रसिद्ध गायक की 19 सितंबर को सिंगापुर में समुद्र में तैरते समय मौत हो गई थी।

Image

जुबीन की मौत को लेकर सिंगापुर पुलिस गंभीरता से कर रही जांच: सीएम हिमंत (Photo-ANI)

Singer Zubeen Garg Death: असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने रविवार को कहा कि सिंगापुर पुलिस ने गायक जुबीन गर्ग की मौत के सिलसिले में कुछ 'महत्वपूर्ण जानकारी' मांगी है। शर्मा ने यहां एक समारोह से इतर पत्रकारों से कहा कि असम सरकार ने पहले ही आवश्यक जानकारी एकत्र कर सिंगापुर के अधिकारियों को भेज दी है।

'सिंगापुर पुलिस कर रही गंभीरता से जांच'

उन्होंने कहा, 'कल (शनिवार को) सिंगापुर पुलिस ने उनके (जुबीन) परिवार से कुछ महत्वपूर्ण जानकारी मांगी थी। हमने परिवार से जानकारी एकत्र कर सिंगापुर के अधिकारियों को भेज दी है। वे मामले की गंभीरता से जांच कर रहे हैं।'

क्या है पूरा मामला?

मुख्यमंत्री ने हालांकि स्पष्ट नहीं किया कि सिंगापुर ने गर्ग के परिवार से क्या जानकारी मांगी है। प्रसिद्ध गायक की 19 सितंबर को सिंगापुर में समुद्र में तैरते समय मौत हो गई थी। गर्ग 'नॉर्थ ईस्ट इंडिया फेस्टिवल' के चौथे संस्करण में भाग लेने सिंगापुर गए थे। भारत सरकार ने पहले सिंगापुर के साथ पारस्परिक कानूनी सहायता संधि का हवाला देते हुए गर्ग की मौत के मामले की जांच में सहयोग की मांग की थी।

चचेरे भाई के साथ असम के DSP की भी गिरफ्तारी

गर्ग की पिछले महीने सिंगापुर में मौत के मामले में उनके चचेरे भाई और असम पुलिस के डीएसपी संदीपन गर्ग को बुधवार को गिरफ्तार किया गया। डीएसपी पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है, जिसमें गैर इरादतन हत्या, आपराधिक साजिश और लापरवाही से मौत शामिल है। यह इस मामले में पांचवीं गिरफ्तारी थी।

इससे पहले, 'नॉर्थ ईस्ट इंडिया फेस्टिवल' के मुख्य आयोजक श्यामकानु महंत, गायक के प्रबंधक सिद्धार्थ शर्मा और उनके बैंड के दो सदस्यों शेखर ज्योति गोस्वामी और अमृतप्रभा महंत को गिरफ्तार किया गया था।

Nitin Arora
नितिन अरोड़ाauthor

नितिन अरोड़ा टाइम्स नाउ नवभारत में न्यूज डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया में उनका 6 वर्षों का अनुभव है। वह राजनीति, देश–विदेश की बड़ी घटनाओं और समसामयिक मुद्दों को गहराई से समझकर उन्हें सटीक और सरल भाषा में प्रस्तुत करने में माहिर हैं। उन्होंने अपने करियर में लगातार करंट अफेयर्स, पॉलिटिकल डेवलपमेंट्स, डिप्लोमैटिक घटनाएं और डिफेंस सेक्टर से जुड़े विषयों पर प्रभावशाली कॉन्टेंट तैयार किया है और अबतक 6 हजार से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं। विभिन्न टॉपिक्स पर एक्सप्लेनेर, डेटा-आधारित रिपोर्ट्स और विश्लेषणात्मक कॉपी लिखने में उनकी मजबूत पकड़ है।

और पढ़ें
End of Article