Crude Oil Prices: आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने गुरुवार को आरोप लगाया कि केंद्र सरकार तेल कंपनियों को ''अनुचित मुनाफा'' कमाने का मौका दे रही है और ईंधन की कीमतों में कमी की जानी चाहिए। केजरीवाल ने कहा कि सरकार को पेट्रोल की कीमत 102 रुपये प्रति लीटर से घटाकर 82 रुपये प्रति लीटर करनी चाहिए।
'पेट्रोल-डीजल की कीमत कम करें सरकार'
उन्होंने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, ''अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की प्रति बैरल कीमत घटी है, लेकिन भारत में इस वर्ष मई से पेट्रोल की कीमत 102 रुपये प्रति लीटर बनी हुई है। मेरी मांग है कि पेट्रोल का दाम घटाकर 82 रुपये प्रति लीटर किया जाए और डीजल की कीमत भी कम की जाए।'' उन्होंने कहा कि यदि पेट्रोल और डीजल की कीमतें घटाई जाती हैं तो महंगाई भी कम होगी।
उन्होंने कहा कि देश में 82 रुपये में शुद्ध पेट्रोल मिलना चाहिए, न ही ई20। उन्होंने कहा कि कच्चे तेल की कीमत को अगर रुपये में बदला जाए तो कच्चे तेल की कीमत 42 रुपये प्रति लीटर है। इसके ऊपर जितने चार्जेस है, मैंने उन्हें कम नहीं किया है। जिसमें रिफाइनिंग, ओएमसी मार्जिंग, ट्रांसपोर्ट, सेंट्रल टैक्स, राज्य का वैट, डीलर कमीशन मिलाकर पेट्रोल की कीमत 82 रुपये प्रति लीटर के हिसाब से मिलना चाहिए और अगर ई20 कर दिया जाए तो 70 रुपये प्रति लीटर मिलना चाहिए।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: सरकारी मैगजीन में आंबेडकर की छपी उल्टी तस्वीर! महाराष्ट्र विधानसभा में गर्माया मुद्दा; CM फडणवीस ने दिया कार्रवाई का आश्वासन
'कच्चे तेल की कीमतों में 6 बार आई गिरावट'
केजरीवाल ने कहा, ''2014 से अब तक अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में कम-से-कम छह बार गिरावट आई, लेकिन सरकार ने देश में पेट्रोल के दाम नहीं घटाए। उन वर्षों में कमाए गए 'बंपर मुनाफे' का क्या किया गया? कंपनियों को अनुचित मुनाफा नहीं कमाने देना चाहिए, लेकिन मौजूदा ऊंची कीमतों के कारण यही हो रहा है।''
