Arvind Kejriwal: दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले अरविंद केजरीवाल ने बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा है कि आम आदमी पार्टी दिल्ली में किसी पार्टी से गठबंधन नहीं करेगी। राष्ट्रीय स्तर पर उनकी पार्टी इंडिया गठबंधन का हिस्सा बनी रहेगी। बता दें, इससे पहले कांग्रेस पार्टी भी दिल्ली में अकेले विधानसभा चुनाव लड़ने का ऐलान कर चुकी है। ऐसे में इंडिया गठबंधन में शामिल दोनों पार्टियों के बीच यह मुकाबला काफी दिलचस्प हो सकता है।
इस दौरान अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली की कानून व्यवस्था को लेकर केंद्र सरकार से कड़े सवाल किए। उन्होंने शनिवार को पद यात्रा के दौरान उनपर तरल पदार्थ फेंके जाने के मामले में केंद्र सरकार से कार्रवाई की मांग की। आप प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने कहा, हम कानून-व्यवस्था से जुड़े मुद्दे उठाते रहे हैं और केंद्र से इस मामले में कार्रवाई की उम्मीद है। उन्होंने कहा, मुझ पर फेंका गया तरल पदार्थ हानिरहित था, लेकिन यह हानिकारक हो सकता था।
विधायक की गिरफ्तारी का उठाया मुद्दा
अरविंद केजरीवाल ने कहा, कल हमारे एक विधायक को गिरफ्तार कर लिया गया। उस विधायक का कसूर यह था कि वह गैंगस्टर्स का पीड़ित था। उसके पास भी फिरौती व अलग-अलग तरह से गैंगस्टर्स की कॉल आ रही थी। आज से डेढ़ साल पहले उसके पास एक कॉल आई थी, जिसकी बाकायदा उसने लिखित शिकायत दिल्ली पुलिस को कि उसके पास कपिल सांगवान उर्फ नंदू की धमकी भरी कॉल आ रही हैं। केजरीवाल ने कहा, मुझे उम्मीद थी कि मेरे द्वारा मुद्दे उठाए जाने पर अमित शाह जी गैंगस्टर्स व बलात्कारियों को गिरफ्तार करेंगे, लेकिन ऐसा नहीं हुआ और यहां तक कि मुझ पर भी हमला हो गया। केरजीवाल ने कहा, क्या मुझ पर हमले और मेरे विधायक की गिरफ्तारी के बाद दिल्ली के व्यापारी और महिलाएं सुरक्षित महसूस करेंगी।
