तिहाड़ की जेल नंबर 2 की एक कोठरी में बंद दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के पड़ोसियों में अंडरवर्ल्ड डॉन छोटा राजन, कुख्यात गैंगस्टर नीरज बवाना और आतंकवादी जियाउर रहमान हैं गौर हो कि अब खत्म हो चुकी शराब नीति मामले में आप संयोजक को न्यायिक हिरासत में भेजे जाने के बाद केजरीवाल अगले दो सप्ताह तक तिहाड़ जेल में रहेंगे।
गौर हो कि छोटा राजन दाऊद इब्राहिम का कट्टर प्रतिद्वंद्वी बनने से पहले कभी उसका करीबी सहयोगी था। नीरज बवाना एक कुख्यात गैंगस्टर है जिसके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास और जबरन वसूली के 40 से अधिक मामले दर्ज हैं। जियाउर रहमान एक कथित इंडियन मुजाहिदीनऑपरेटिव है।
इसी मामले में पिछले साल गिरफ्तार किए गए आप नेता संजय सिंह पहले जेल नंबर 2 में बंद थे, लेकिन हाल ही में उन्हें जेल नंबर पांच में स्थानांतरित कर दिया गया था, केजरीवाल के पूर्व डिप्टी मनीष सिसोदिया जेल नंबर एक में बंद हैं, जबकि बीआरएस नेता के कविता महिला अनुभाग की जेल नंबर 6 में हैं।
कैसे बीती तिहाड़ जेल में अरविंद केजरीवाल की रात
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल जेल में हैं। दिल्ली की तिहाड़ जेल नंबर-2 में बंद सीएम केजरीवाल की सेल में बेचैनी भरी पहली रात गुजरी।जेल नंबर-2 पर सुरक्षाकर्मियों का लगातार कड़ा पहरा रहता है। जरूरत पड़ने पर त्वरित प्रतिक्रिया दल हस्तक्षेप करने के लिए तैयार रहते हैं।
सीमेंट के प्लेटफॉर्म पर आराम करते हुए कुछ समय बिताया
सूत्रों के अनुसार, सीएम केजरीवाल ने सीमेंट के एक प्लेटफॉर्म पर आराम करते हुए कुछ समय बिताया और देर रात उन्हें अपने सेल में टहलते हुए देखा गया। सीएम केजरीवाल को लंच में घर का बना खाना दिया गया। उन्हें लंच और डिनर के लिए घर का बना भोजन खाने की अनुमति है।
केजरीवाल को दिल्ली सरकार के अधिकारियों से भी मिलने की अनुमति है। जेल नंबर-2 में लगभग 650 कैदी हैं, जिनमें से लगभग 600 को दोषी ठहराया जा चुका है।
सीएम केजरीवाल को टीवी देखने की भी अनुमति
केजरीवाल हफ्ते में दो बार परिवार के सदस्यों से भी मिल सकते हैं, लेकिन उनके नाम उस लिस्ट में होने चाहिए जिसे जेल सुरक्षा द्वारा मंजूरी दी गई है। मधुमेह से पीड़ित सीएम केजरीवाल की हर रोज स्वास्थ्य जांच की जाएगी। सीएम केजरीवाल को टीवी देखने की भी अनुमति है। सीएम के लिए जेल की निर्धारित गतिविधियों को छोड़कर समाचार, मनोरंजन और खेल देखने के लिए 18 से 20 चैनल उपलब्ध हैं।
