देश

'E20 सही है, ये कहना ही पड़ेगा...', केजरीवाल का सरकार पर तंज, ट्रंप-पुतिन की पुलिस का दिया अनोखा उदाहरण

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने मोदी सरकार की E20 फ्यूल नीति पर निशाना साधा है। उन्होंने एक कहानी के जरिए आरोप लगाया कि सरकार लोगों की आवाज दबा रही है और सवाल उठाने वालों के सोशल मीडिया अकाउंट्स हटाए जा रहे हैं।

Image

केजरीवाल ने अनोखे अंदाज में बोला हमला (फोटो: X/@ArvindKejriwal)

देश में पेट्रोल के साथ 20 प्रतिशत इथेनॉल मिलाए जाने यानी E20 फ्यूल नीति को लेकर राजनीति गरमा गई है। दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (AAP) के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने केंद्र सरकार की इस नीति और उसके क्रियान्वयन के तरीके पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। केजरीवाल का आरोप है कि सरकार E20 नीति के विरोध में उठने वाली आवाजों को जबरन दबाने का काम कर रही है।

सोशल मीडिया पर जारी एक वीडियो में अरविंद केजरीवाल ने चुटीले अंदाज में एक काल्पनिक कहानी सुनाते हुए सरकार की कार्यशैली पर कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि देश में आज माहौल ऐसा बना दिया गया है कि 140 करोड़ लोगों को मजबूर किया जा रहा है कि वे कहें "E20 पूरी तरह सही है"। केजरीवाल ने दावा किया कि जो भी व्यक्ति E20 ईंधन से गाड़ियों में आ रही दिक्कतों पर सवाल उठाता है, उसके सोशल मीडिया पोस्ट डिलीट कर दिए जाते हैं, वीडियो हटा दिए जाते हैं और उन पर कानूनी कार्रवाई की धमकी दी जाती है।

पेट्रोल पंपों पर उपलब्ध हो पारंपरिक पेट्रोल का विकल्प-अरविंद केजरीवाल

उन्होंने मांग की कि जनता को अपनी पसंद का पेट्रोल चुनने का अधिकार मिलना चाहिए और पारंपरिक पेट्रोल का विकल्प भी पेट्रोल पंपों पर उपलब्ध होना चाहिए। दूसरी तरफ, केंद्र सरकार और पेट्रोलियम मंत्रालय ने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। मंत्रालय का कहना है कि सोशल मीडिया पर फैलाई जा रही कई खबरें भ्रामक हैं और उनका मकसद केवल लोगों के मन में भ्रम पैदा करना है। सरकार के मुताबिक, इथेनॉल ब्लेंडिंग प्रोग्राम एक वैज्ञानिक प्रक्रिया है, जिसे काफी जांच-परख के बाद लागू किया गया है।

सरकार ने क्या कहा?

पेट्रोलियम मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि 2003 में शुरू हुई इस योजना का मुख्य उद्देश्य भारत की विदेशी तेल पर निर्भरता कम करना, पर्यावरण को स्वच्छ बनाना और ऊर्जा सुरक्षा को बढ़ाना है। 2023 से चरणबद्ध तरीके से E20 पेट्रोल बाजार में उतारा गया है। सरकार और तेल कंपनियां लगातार इसकी गुणवत्ता और गाड़ियों पर इसके असर की निगरानी कर रही हैं। मंत्रालय का दावा है कि E20 पेट्रोल के इस्तेमाल से गाड़ियों के इंजन खराब होने या बड़े पैमाने पर ब्रेकडाउन की कोई शिकायत सामने नहीं आई है।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article