Delhi News: राजधानी दिल्ली में खुले मैनहोल और नालों की लापरवाही एक बार फिर एक मासूम की जिंदगी पर भारी पड़ गई है। बाहरी दिल्ली के नांगली विहार स्थित डैस गार्डन कॉलोनी के पास मंगलवार को एक 4 साल का बच्चा खेलते समय खुले मैनहोल में गिर गया। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया। मासूम को सकुशल बाहर निकालने के लिए राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF), दिल्ली फायर सर्विस (DFS), दिल्ली पुलिस, दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (DDMA) और सीमा सुरक्षा बल (BSF) की संयुक्त टीमों ने एक बड़ा रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया है।
पार्क में खेल रहा था मासूम
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित बच्चे की पहचान 4 वर्षीय इमरान के रूप में हुई है। मासूम के पिता खुर्शीद आलम ने मीडिया को बताया कि मेरा बेटा इमरान अपनी मां के साथ पार्क में खेलने आया था। खेलने के दौरान ही वह पास में स्थित सीवर की तरफ शौचालय के लिए चला गया। सीवर का मैनहोल पूरी तरह से खुला हुआ था, जिसमें वह अचानक संतुलन बिगड़ने से नीचेगिर गया। हम सब उसे बचाने के लिए गुहार लगा रहे हैं।
फायर ब्रिगेड के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि उन्हें सुबह लगभग 9:45 बजे मैनहोल में बच्चे के गिरने की पीसीआर कॉल मिली थी। सूचना मिलते ही दिल्ली फायर सर्विस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर प्राथमिक राहत कार्य शुरू किया।
चलाया जा रहा तलाश अभियान
घटनास्थल पर स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कई एजेंसियों की विशेषज्ञ टीमों को तैनात किया गया है। रेस्क्यू टीमें सीवर लाइन के अंदर पानी और गाद के बहाव को नियंत्रित करने के लिए सक्शन पंपों का इस्तेमाल कर रही हैं। इसके साथ ही भूमिगत सीवर पाइपलाइन के भीतर बच्चे का सुराग लगाने के लिए विशेष स्कैनिंग उपकरण लगाए गए हैं। मौके पर मौजूद उप-विभागीय मजिस्ट्रेट (SDM) रजत मल्होत्रा ने कहा, "कॉल मिलने के तुरंत बाद पूरा प्रशासन और NDRF की टीम हरकत में आ गई। बच्चे को सुरक्षित ढूंढ निकालने के लिए हर संभव तकनीकी और मानवीय प्रयास किए जा रहे हैं। जैसे ही कोई नया अपडेट मिलेगा, साझा किया जाएगा।"
