Priyanka Gandhi: चुनाव जीतने वाले MLAs को राजस्थान लाएगी कांग्रेस? प्रियंका के दौरे से उठे सवाल

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Mar 8, 2022, 07:02 AM IST

Priyanka Gandhi News : कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी सोमवार को जयपुर पहुंचीं। उनके इस दौरे के बाद अटकलों का बाजार गर्म हो गया है। सियासी गलियारों में चर्चा शुरू हो गई है कि 10 मार्च के चुनाव नतीजों के बाद कांग्रेस अपने विधायकों को राजस्थान लेकर आ सकती है।

Priyanka Gandhi: चुनाव जीतने वाले MLAs को राजस्थान लाएगी कांग्रेस? प्रियंका के दौरे से उठे सवाल
Photo Credit: PTI

Priyanka Gandhi : कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी सोमवार को जयपुर पहुंचीं। बताया जाता है कि वह 10 मार्च को आने वाले पांच राज्यों के विधानसभा नतीजों के बाद पार्टी की रणनीति एवं परिदृश्य पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से चर्चा करने पहुंचीं हैं। रिपोर्टों में इस बात की चर्चा है कि पार्टी चुनाव जीतने वाले अपने विधायकों को राजस्थान ला सकती है। कांग्रेस महासचिव के साथ पार्टी नेता राजीव शुक्ला भी थे। जयपुर एयरपोर्ट पर प्रियंका का स्वागत सीएम गहलोत, प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, पूर्व स्वास्थ्य मंत्री रघु शर्मा सहित अन्य नेताओं ने किया। 

जयपुर हवाईअड्डे पर गहलोत ने प्रियंका का स्वागत किया
जयपुर हवाईअड्डे पर संवाददाताओं से बातचीत में प्रियंका गांधी ने कहा, ‘उम्मीद है कि जनता ने सोच समझकर वोट किया होगा। जनता सही निर्णय लेगी।’उत्तर प्रदेश में अन्य पार्टियों के साथ गठबंधन पर पूछे गए सवाल का जवाब देते हुए उन्होंने कहा, ‘अभी जब परिस्थितियां बनेगी, तभी तो देखेंगे कि क्या होता है.. चुनाव के परिणाम आएंगे, उसके बाद पता चलेगा।’जिन राज्यों में विधानसभा चुनाव हुए है वहां से पार्टी विधायकों को राजस्थान लाए जाने की अफवाहों पर प्रियंका गांधी ने कहा कि यह तो भविष्य की बात है।

UP Chunav: प्रियंका की ऐसी सक्रियता, 167 रैलियां और 42 रोड शो कर कांग्रेस की स्टार प्रचारक के रूप में उभरीं


एक एनजीओ के कार्यक्रम में हिस्सा लेने पहुंचीं
अशोक गहलोत द्वारा प्रस्तुत बजट पर पूछे गये सवाल के जवाब में प्रियंका गांधी ने कहा ‘मैंने बजट नहीं देखा है। मैं उत्तर प्रदेश चुनाव में व्यस्त रही हूं। इसलिये इस पर कुछ कह नहीं पाऊंगी।’ बाद में गांधी ने एक होटल में स्वयंसेवी संस्थान (एनजीओ) द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में भाग लिया। सोमवार को पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों पर एग्जिट पोल आए। इसमें गोवा को छोड़कर कांग्रेस के लिए किसी भी राज्य में अच्छी खबर नहीं दिखी। एग्जिट पोल्स की मानें तो उसके हाथ से पंजाब फिसलता दिख रहा है। गोवा और उत्तराखंड में कांटे की टक्कर है। यूपी में उसे भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है। मणिपुर में भी वह भाजपा से पीछे है।

UP Chunav 2022: स्मृति ईरानी का तंज कहा- ये अद्भुत गठबंधन, सवाल करो अखिलेश से तो जवाब देती हैं प्रियंका


एग्जिट पोल से कांग्रेस को झटका
हालांकि, चुनाव नतीजों के बारे में यह एक तरह के अनुमान हैं। यदि एग्जिट पोल के अनुमान सही साबित होते हैं तो कांग्रेस पार्टी के लिए मुश्किल खड़ी हो सकती हैं। पंजाब में इस बार आम आदमी पार्टी की सरकार बन सकती है। पांच राज्यों के चुनाव नतीजे 10 मार्च को आएंगे। मंगलवार को लखनऊ में प्रियंका गांधी का कार्यक्रम है। वह अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर पार्टी की सभी 159 महिला उम्मीदवारों के साथ नजर आएंगी। यहां वह एक मार्च में हिस्सा लेंगी। 

End of Article