TMC से इस्तीफा देने वाले शुभेंदु थामेंगे बीजेपी का दामन, अमित शाह की उपस्थिति में लेंगे सदस्यता!

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Dec 17, 2020, 03:28 PM IST

पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी सरकार के बेहद करीबी रहे सुवेंदु अधिकारी ने टीएमसी को अलविदा कह दिया है और जल्द ही वह भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने जा रहे हैं।

TMC से इस्तीफा देने वाले शुभेंदु थामेंगे बीजेपी का दामन, अमित शाह की उपस्थिति में लेंगे सदस्यता!

कोलकाता: पश्चिम बंगाल के पूर्व परिवहन और सिंचाई मंत्री और पूर्वी मिदनापुर जिले के तृणमूल कांग्रेस के दिग्गज नेता सुभेंदु अधिकारी (Suvendu Adhikari) जल्द ही बीजेपी में शामिल होगें। शुभेंदु ने बुधवार को राज्य के विधानसभा से औपचारिक रूप से इस्तीफा दे दिया था। माना जा रहा है कि शुभेंदु अधिकारी गृह मंत्री अमित शाह के 19 दिसंबर से शुरू होने वाले दो दिवसीय दौरे पर बीजेपी का हिस्सा बनेंगे और उनके साथ तृणमूल कांग्रेस के कई और नेता भी बीजेपी में शामिल होंगे।

और नेता भी होंगे शामिल!

 इस्तीफा देने के कुछ घंटे बाद शुभेंदु अधिकारी ने तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ सांसद सुनील मंडल और आसनसोल नगर निगम के प्रमुख जितेंद्र तिवारी समेत पार्टी के असंतुष्ट नेताओं के साथ मुलाकात की। माना जा रहा है कि शुभेंदु के साथ कई और दिग्गज टीएमसी नेता भी बीजेपी में शामिल हो सकते हैं। पीटीआई के मुताबिक बर्द्धमान पूर्व लोकसभा क्षेत्र के दो बार के सांसद मंडल ने अधिकारी का स्वागत किया। जितेंद्र तिवारी पांडवेश्वर विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं। इससे पहले ममता बनर्जी को भेजे अपने इस्तीफे में सुभेंदु अधिकारी ने तुरंत अपना इस्तीफा स्वीकार करने का आग्रह किया।

कौन हैं शुभेंदु
शुभेंदु अधिकारी को ममता बनर्जी के विश्वस्त नेताओं में से एक गिना जाता है लेकिन ममता के भतीजे अभिषेक बनर्जी के बढ़ते दखल की वजह से शुभेंदु अधिकारी खफा हो गए हैं और यह वजह रही कि उन्होंने पार्टी से दूरियां बढ़ानी शुरू कर दी है। शुभेंदु अधिकारी है वह नेता है जिन्होंने 2009 में नंदीग्राम में वाम मोर्चा की सरकार के खिलाफ भूमि अधिग्रहण विरोधी आंदोलन में ममता बनर्जी की मदद की थी और इसके बाद तृणमूल कांग्रेस 2011 में सत्ता में आयी। कहा जाता है कि शुभेंदु अदिकारी का कम से कम 3 दर्जन से अधिक विधानसभा सीटों पर सीधा प्रभाव है।

अगले साल हैं चुनाव

तृणमूल कांग्रेस सांसद कल्याण बनर्जी ने शुभेंदु अधिकारी के इस्तीफे पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, ‘यह राहत की बात है कि उन्होंने विधायक पद से इस्तीफा दे दिया। वह बहुत महत्वाकांक्षी हैं और अगला मुख्यमंत्री या उपमुख्यमंत्री बनना चाहते हैं। वह जा सकते हैं। हम ममता बनर्जी के नेतृत्व में अगला चुनाव जीतने के प्रति आश्वस्त हैं।’ आपको बता दें कि बंगाल में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं और चुनाव से पहले ही टीएमसी के कई नेता बीजेपी में शामिल हो चुके हैं।

End of Article