Sidhu Moose Wala: सिद्धू मूसेवाला के पिता ने चुनाव लड़ने की अफवाहों का किया खंडन, कहा- मेरी ऐसी कोई मंशा नहीं

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jun 5, 2022, 09:49 AM IST

Sidhu Moose Wala: सिद्धू मूसेवाला के पिता ने शनिवार को कहा कि उनका चुनाव लड़ने का कोई इरादा नहीं है। साथ ही उन्होंंने हाथ जोड़कर ऐसी अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील भी की।

Sidhu Moose Wala: सिद्धू मूसेवाला के पिता ने चुनाव लड़ने की अफवाहों का किया खंडन, कहा- मेरी ऐसी कोई मंशा नहीं
Photo Credit: ANI

Sidhu Moose Wala: दिवंगत पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला के पिता ने पंजाब में उनके चुनाव लड़ने के बारे में सोशल मीडिया पर चल रही अफवाहों का खंडन करते हुए शनिवार को कहा कि उनका ऐसा करने का कोई इरादा नहीं है। शनिवार को अपने बेटे के यूट्यूब चैनल पर 55 सेकेंड के एक वीडियो में सिद्धू मूसेवाला के पिता हाथ जोड़कर दर्शकों से ऐसी अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील करते नजर आए।

मूसेवाला के पिता ने कहा, चुनाव लड़ने का मेरा कोई इरादा नहीं

उन्होंने कहा कि मैं आपको बताना चाहता हूं कि सोशल मीडिया पर जो हो रहा है उससे मैं दुखी हूं। कई तरह की अफवाहें चल रही हैं, इस पर विश्वास न करें। मैंने हाल ही में अपने बेटे को खो दिया है और मेरा चुनाव लड़ने का कोई इरादा नहीं है। साथ ही कहा कि आठ जून को प्रार्थना सभा है, मैं तब आपके सवालों का जवाब दूंगा। मैं अभी बात करने की स्थिति में नहीं हूं। 

सिद्धू मूसेवाला के परिवार से मिले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह

इससे पहले दिन में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने चंडीगढ़ में दिवंगत पंजाबी सिंगर के परिवार के सदस्यों से मुलाकात की। पंजाब सरकार की ओर से सुरक्षा में कटौती के एक दिन बाद 29 मई को पंजाब के मानसा जिले के जवाहरके गांव में अज्ञात हमलावरों ने सिंगर से नेता बने सिद्धू मूसेवाला की गोली मारकर हत्या कर दी थी। विरोध प्रदर्शनों के बीच शुक्रवार को पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भी सिद्धू मूसेवाला के परिवार से उनके मनसा स्थित आवास पर मुलाकात की। उसी दिन पंजाब के एक बीजेपी नेता ने मूसेवाला की हत्या की सीबीआई से जांच कराने की मांग करते हुए सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया।

मूसेवाला के शरीर पर 19 गोलियां लगी थीं और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के अनुसार गोली लगने के 15 मिनट के अंदर उनकी मौत हो गई। पंजाब सरकार ने गुरुवार को पंजाब और हरियाणा हाई कोर्ट को बताया कि वह 7 जून से सभी 424 लोगों को फिर से सुरक्षा बहाल करेगी, जिसे अमृतसर घलुघरा कार्यक्रम के लिए अस्थाई रूप से वापस ले लिया गया था।

End of Article