'दिल्ली दरबार' पहुंची महाराष्ट्र की लड़ाई, भड़के राउत बोले- यह राज्य की बदनामी का है षडयंत्र

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Apr 25, 2022, 10:50 AM IST

महाराष्ट्र में इन दिनों सियासी संग्राम छिड़ा हुआ है। शिवसेना के प्रवक्ता और सांसद संजय राउत ने बीजेपी पर हमला करते हुए कहा है कि ये लोग राज्य को बदनाम करने का प्रयास कर रहे हैं।

'दिल्ली दरबार' पहुंची महाराष्ट्र की लड़ाई, भड़के राउत बोले- यह राज्य की बदनामी का है षडयंत्र

नई दिल्ली: महाराष्ट्र में सियासी संग्राम छिड़ा हुआ है। इस बीच बीजेपी नेता किरीट सोमैया पर हुए हमले के बाद बीजेपी प्रतिनिधिमंडल आज दिल्ली पहुंचकर गृह सचिव से मुलाकात कर रहा है। बीजेपी की इस मुलाकात पर शिवसेना भड़क गई है। शिवसेना नेता संजय राउत ने बीजेपी पर हमला करते हुए कहा, 'ये महाराष्ट्र की बदनामी का षडयंत्र है, अगर आपकी कोई समस्या है तो आप महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री, महाराष्ट्र के गृह मंत्री से मिलिए। उत्तर प्रदेश में 3 महीने में 17 दुष्कर्म और हत्याएं हुई तो वहां राष्ट्रपति शासन लगाएंगे क्या? संजय पांडेय एक सक्षम अधिकारी है'

बीजेपी पर भड़के राउत

राउत ने कहा, ' 2-4 लोगों के साथ एक प्रतिनिधिमंडल (दिल्ली) जा रहा है और महाराष्ट्र में क्या हुआ? किसी ने थोड़ा खून बहाया (बीजेपी नेता किरीट सोमैया का जिक्र करते हुए)... दिक्कत हो तो महाराष्ट्र के सीएम से मिलो, लेकिन तुम दिल्ली जा रहे हो, यह क्या है? यूपी ने 3 महीने में 17 रेप और मर्डर केस देखे, इसलिए राज्य खुद कानून-व्यवस्था संभालेगा। योगी जी काफी कुशल हैं। इसी तरह, महाराष्ट्र उद्धव ठाकरे के नेतृत्व में है; ये लोग महाराष्ट्र का अपमान कर ड्रामा कर रहे हैं।'

बीजेपी प्रतिनिधिमंडल पहुंचा दिल्ली

आपको बता दें कि महाराष्ट्र की लड़ाई अब दिल्ली पहुंच चुकी है। राणा दंपति की गिरफ्तारी और किरीट सोमैया पर हुए हमले को लेकर महाराष्ट्र बीजेपी नेताओं का डेलीगेशन दिल्ली पहुंचा था। किरीट सोमैया के नेतृत्व में इस प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय गृह सचिव से मुलाकात की। वहीं महाराष्ट्र में हनुमान चालीसा और लाउडस्पीकर को लेकर राजनीति बढ़ गई है। हनुमान चालीसा पढ़ने के ऐलान के बाद गिरफ्तार नवनीत राणा, रवि राणा को कोर्ट ने 14 दिन के लिए जेल भेज दिया है।

End of Article