Rhea Chakraborty Arrested : NCB ने रिया चक्रवर्ती को किया अरेस्ट, आज शाम होगा मेडिकल टेस्ट

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Sep 8, 2020, 04:24 PM IST

Rhea Chakraborty Arrest News : नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) ने सुशांत सिंह राजपूत की गर्लफ्रेंड रिया चक्रवर्ती को मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया है।

Rhea Chakraborty Arrested : NCB ने रिया चक्रवर्ती को किया अरेस्ट, आज शाम होगा मेडिकल टेस्ट
Photo Credit: PTI

मुंबई : नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) ने आखिरकार सुशांत सिंह राजपूत की गर्लफ्रेंड रिया चक्रवर्ती को मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया है। रिया पर यह कार्रवाई एनसीबी के पूछताछ के तीसरे दिन हुई है। इस मामले में रिया के भाई शौविक चक्रवर्ती एवं सुशांत सिंह के हाउस मैनेजर सैमुअल मिरांडा की गिरफ्तारी पहले ही हो चुकी है। बताया जा रहा है कि एनसीबी रिया को बुधवार को मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश कर सकती है। 

पूछताछ में इन दोनों ने एनसीबी को बताया है कि वे रिया के कहने पर ही ड्रग खरीदते थे। इससे पहले दो दिन की अपनी पूछताछ में एनसीबी ने रिया को उनके वाट्सअप चैट एवं लोकेशन दिखाया जिसमें ड्रग के बारे में कई लोगों के साथ बातचीत की गई है। सोमवार को पूछताछ के बाद रिया एनसीबी के दफ्तर से सीधे बांद्रा पुलिस स्टेशन पहुंचीं और सुशांत की बहन प्रियंका सिंह के खिलाफ केस दर्ज कराया।     

मेडिकल टेस्ट कराएगा एनसीबी
एनसीबी आज शाम रिया चक्रवर्ती का मेडिकल टेस्ट कराएगा। सोमवार की पूछताछ के बाद एनसीबी के उप महानिदेशक एमए जैन ने कहा कि पूछताछ के बाद रिया चक्रवर्ती को वापस घर भेज दिया गया है। उन्हें मंगलवार को पूछताछ के लिए बुलाया गया है। रिया से पूछताछ जारी रहेगी। 

तीन दिनों से चल रही थी पूछताछ
इस मामले में रिया से रविवार को भी पूछताछ हुई। एनसीबी के अधिकारी समीर वानखेडे ने बताया, 'हमने रविवार को रिया का बयान दर्ज किया लेकिन यहां आने में उनकी तरफ से हुई देरी के चलते पूछताछ पूरी नहीं हो पाई। इसलिए उनके आगे भी पूछताछ की जाएगी।' अधिकारी ने बताया कि जांच एजेंसी ने सुशांत सिंह के घर की देखभाल करने वाले दीपेश सावंत से भी पूछताछ की है। सावंत ड्रग सिंडिकेट का एक्टिव सदस्य है। 

दीपेश सावंत भी गिरफ्तार
एनसीबी अधिकारी ने कहा, 'दीपेश सावंत के बयान और डिजिटल साक्ष्यों को देखने के बाद यह जाहिर होता है कि दीपेश हाई सोसायटी एवं ड्रग सप्लायर से जुड़े ड्रग सिंडिकेट का सक्रिय सदस्य है।' एनसीबी ने सावंत को शनिवार को गिरफ्तार किया। 

End of Article