The Kashmir Files को लेकर छिड़ी सियासी जंग, BJP ने आधी रात को लगाया AAP मुख्यालय के बाहर पोस्टर

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Mar 31, 2022, 09:10 AM IST

फिल्म द कश्मीर फाइल्स को लेकर इन दिनों भाजपा और कांग्रेस में जबरदस्त बयानबाजी चल रही है। सीएम केजरीवाल के बयान को लेकर भाजपा लगातार आप पर हमले कर रही है।

The Kashmir Files को लेकर छिड़ी सियासी जंग, BJP ने आधी रात को लगाया AAP मुख्यालय के बाहर पोस्टर

नई दिल्ली: फिल्म 'द कश्मीर फाइल्स' को लेकर सीएम अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) का 'झूठी पिक्चर' वाले बयान आम आदमी पार्टी के लिए लगातार मुसीबतें खड़ी कर रहा है। भाजपा इस मुद्दे को लेकर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल सहित पूरी पार्टी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रही है। इस बीच दिल्ली में बुधवार आधी रात और गुरुवार तड़के आम आदमी पार्टी के दफ्तर के बाहर कश्मीर फाइल्स का पोस्टर लगा दिया गया।

बग्गा ने लगाए पोस्टर

भाजयुमो के राष्ट्रीय सचिव तजिंदर पाल बग्गा ने इसे लेकर एक ट्वीट किया जिसमें लिखा है, 'सुनो केजरीवाल, तुम झूठी फिल्म जिसे बताते हो, वो दर्दनाक इतिहास है हमारा।' इससे पहले गुरुवार को भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के अध्यक्ष तेजस्वी सूर्य के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने यहां केजरीवाल के आवास पर प्रदर्शन किया और कथित तौर पर कश्मीरी पंडितों का “मजाक उड़ाने” के लिये उनसे माफी की मांग की।

सिसोदिया ने लगाया था आरोप

दरअसल बुधवार को भाजयुमो के कार्यकर्ताओं ने राजधानी दिल्ली में विरोध-प्रदर्शन के दौरान मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के आवास पर लगे सीसीटीवी कैमरों और सुरक्षा अवरोधकों पर हमला किया और उन्हें क्षतिग्रस्त कर दिया।  दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने बुधवार को आरोप लगाया कि पंजाब विधानसभा चुनाव में हार के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की ‘‘हत्या’’ करना चाहती है।

आपको बता दें कि ‘द कश्मीर फाइल्स’ फिल्म को लेकर बीजेपी और आप के बीच जुबानी-जंग छिड़ी हुई है, केजरीवाल ने हाल ही में इस मुद्दे पर दिल्ली विधानसभा में पार्टी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा था। भाजपा नेता और कार्यकर्ता केजरीवाल पर हमला करते रहे हैं और उन पर कश्मीरी पंडितों के दर्द का “मजाक” उड़ाने और कश्मीर में उनके “नरसंहार” पर आधारित फिल्म को झूठ बताने का आरोप लगाते रहे हैं।

End of Article