PM Modi in Varanasi : वाराणसी में PM मोदी, योग संस्थान समारोह, अन्य कार्यक्रमों में करेंगे शिरकत

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Dec 14, 2021, 07:26 AM IST

PM Modi Varanasi Visit : पीएम ने सोमवार को 33 महीने में बनकर तैयार काशी विश्वनाथ धाम का उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि औरंगजेब जैसे आततायियों ने इस धरोहर को ध्वस्त करने के प्रयास किए, लेकिन आतंक के वे पर्याय इतिहास के काले पन्नों तक सिमट कर रह गये।

PM Modi in Varanasi : वाराणसी में PM मोदी, योग संस्थान समारोह, अन्य कार्यक्रमों में करेंगे शिरकत

वाराणसी : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपनी संसदीय सीट वाराणसी के दौरे पर हैं। मंगलवार को उनके दौरे का दूसरा दिन है। अपनी यात्रा के पहले दिन सोमवार को प्रधानमंत्री ने काशी विश्वनाथ धाम का लोकार्पण किया और शाम के समय क्रूज पर सवार होकर गंगा आरती देखी। मंगलवार को पीएम भाजपा शासित 12 राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ बैठक करेंगे। इसके अलावा वह सदगुरु सदाफल देव विहंगम योग संस्थान की 98वीं जयंती के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। योग संस्थान में पीएम शाम साढ़े तीन बजे के करीब पहुंचेंगे। प्रधानमंत्री का आज भी व्यस्त कार्यक्रम है। 

गर्वनेंस पर अपनी सोच साझा करेंगे सीएम

भाजपा शासित सभी राज्यों के सीएम वाराणसी पहुंचे हैं। इस सम्मेलन में असम, अरुणाचल प्रदेश, गोवा, गुजरात, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, कर्नाटक, मध्य प्रदेश, मणिपुर, त्रिपुरा, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री और बिहार एवं नगालैंड के उप मुख्यमंत्री शामिल हो रहे हैं। पीएमओ की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है कि इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री गर्वनेंस के मंत्र और पीएम मोदी की टीम इंडिया का जो विजन है उसे और आगे बढ़ाने के लिए अपनी सोच को साझा करेंगे। भाजपा के मुख्यमंत्री एवं उप मुख्यमंत्री भी मंगलवार सुबह काशी विश्वनाथ मंदिर का दौरा करेंगे। 

सुबह 8.40 बजे-प्रस्थान,सर्किट हाउस-कार द्वारा

  • 8.50 बजे- आगमन,बीएलडब्लू गेस्ट हाउस
  • 9 बजे से 2.45 बजे तक- आरक्षित/बैठक- बीएलडब्लू गेस्ट हाउस
  • 2.50 बजे- प्रस्थान,बीएलडब्लू गेस्ट,वाराणसी से हेलीपैड, ग्राम उमरहा
  • 3.20 बजे -आगमन ग्राम उमरहा हेलीपैड
  • 3.30 से 4.30 बजे तक- जनसभा कार्यक्रम
  • 4.35 बजे- स्वरवेद महामंदिर धाम
  • 4.45 बजे- प्रस्थान,हेलीपैड ग्राम-उमरहा
  • 5.05 बजे- आगमन,वाराणसी एयरपोर्ट
  • 5.05 बजे से 5.15 तक- प्रधानमंत्री जी की विदाई

33 महीने में बनकर तैयार हुआ काशी विश्वनाथ धाम

पीएम ने सोमवार को 33 महीने में बनकर तैयार काशी विश्वनाथ धाम का उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि औरंगजेब जैसे आततायियों ने इस धरोहर को ध्वस्त करने के प्रयास किए, लेकिन आतंक के वे पर्याय इतिहास के काले पन्नों तक सिमट कर रह गये, जबकि पवित्र नगरी काशी अपने गौरव को फिर से नयी भव्यता दे रही है। पीएम ने कहा कि भारत सदियों की गुलामी से उत्पन्न हीनभावना से बाहर निकल रहा है। उन्होंने साथ ही कहा कि नया गलियारा देश को एक निर्णायक दिशा देगा तथा इसे एक उज्ज्वल भविष्य की ओर ले जाएगा।

पीएम ने गंगा आरती देखी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार की शाम क्रूज पर उत्तर प्रदेश और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) शासित अन्य राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ भव्य गंगा ‘आरती’देखी। प्रधानमंत्री गंगा नदी के किनारे होने वाली आरती को देखने के लिए संत रविदास घाट से स्वामी विवेकानंद क्रूज (जहाज) पर सवार हुए। इस मौके पर घाटों पर हजारों दीपक जगमगा रहे थे। पीएम ने अपने ट्वीट में कहा, ‘काशी की गंगा आरती हमेशा अंतर्मन को नयी ऊर्जा से भर देती है। आज काशी का बड़ा सपना पूरा होने के बाद दशाश्वमेध घाट पर गंगा आरती में शामिल हुआ और मां गंगा को उनकी कृपा के लिए नमन किया। नमामि गंगे तव पाद पंकजम्।’

End of Article