सुषमा स्वराज की पहली पुण्यतिथि पर पीएम मोदी ने पूर्व विदेश मंत्री को कुछ इस तरह किया याद 

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Aug 6, 2020, 01:50 PM IST

Sushma swaraj's Punya Tith: प्रधानमंत्री मंत्री नरेंद्र मोदी ने सुषमा स्वराज की पहली पुण्य तिथि पर उन्हें याद किया है। पीएम ने कहा कि सुषमा वैश्विक मंच पर भारत की एक बुलंद आवाज थीं।

सुषमा स्वराज की पहली पुण्यतिथि पर पीएम मोदी ने पूर्व विदेश मंत्री को कुछ इस तरह किया याद 
Photo Credit: ANI

नई दिल्ली : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की वरिष्ठ नेता एवं देश की पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज के पहली पुण्यतिथि के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें याद किया है। पीएम ने गुरुवार को कहा कि 'सुषमा जी के असमय एवं दुर्भाग्यपूर्ण निधन ने लोगों को दुखी किया। सुषमा जी ने स्वार्थ रहित होकर देश की सेवा की। वह वैश्विक मंच पर भारत की एक बुलंद आवाज थीं।' बता दें कि सुषमा स्वराज ने पिछले साल छह अगस्त को दिल्ली के एम्स में अपनी अंतिम सांस ली। बीमार होने पर उन्हें एम्स में भर्ती किया गया था। कुछ समय पहले उनका ऑपरेशन भी इसी अस्पताल में हुआ था। प्रधानमंत्री ने पिछले साल आयोजित सुषमा की श्रद्धांजलि सभा में रखी गई अपनी बात का वीडियो भी शेयर किया है। 

'सुषमा हमारे परिवार की सदस्य थीं'
भाजपा नेता को याद करते हुए राज्यसभा के सभापति वेंकैया नायडू ने कहा, 'सुषमा जी हमारे परिवार की एक सदस्य थीं। जब मैं पहली बार दिल्ली आया तो मदद एवं सलाह के लिए उनके पास जाया करता था। वह मानवीय गुणों से परिपूर्ण महिला थीं। वह मदद के लिए हमेशा तत्पर रहती थीं।' नायडू ने कहा कि जब वह विदेश मंत्री थीं तो सोशल मीडिया पर उनकी बुद्धिमत्ता, उनके मानवीय स्वभाव, उनकी तत्परता, किसी समस्या का तुरंत समाधान, ये सारी चीजें दिखती थीं। वह हाल के वर्षों में भारत की सर्वाधिक लोकप्रिय विदेश मंत्री थीं।

सुषमा के असमय निधन से भाजपा ने अपने एक वरिष्ठ एवं कद्दावर नेता को खो दिया। सुषमा का व्यक्तित्व ऐसा था कि विपक्ष के नेता भी उनका काफी सम्मान करते थे। विदेश मंत्री रहते हुए स्वराज ने अपनी कार्यशैली से दुनिया में भारत की एक अलग पहचान बनाई।

विदेश मंत्री एस जयशंकर ने किया याद
विदेश मंत्री एस जयशंकर ने भी सुषमा को याद किया है। विदेश मंत्री ने सुषमा की कुछ तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए लिखा है, 'आज, पहले से कहीं ज्यादा उनकी याद याती है। वह हमेश एक प्रेरणास्रोत रहीं।'

सुषमा के पति स्वराज कौशल ने बेहद भावुक पक्तियां लिखी हैं। स्वराज ने अपने एक ट्वीट में लिखा है, 'दिल की नाजुक रागें टूटती हैं, याद इतना भी कोई ना आए। आज सोचा तो आंसू भर आए...'। स्वराज की बेटी बांसुरी स्वराज ने उन्हें याद करते हुए लिखा है, 'मां तुम हमेशा मेरे साथ मेरी शक्ति के रूप में हो। हे कृष्ण मेरी मां का ख्याल रखना।'

कई नेताओं ने सुषमा को दी श्रद्धांजलि
केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद, लोकसभा के स्पीकर ओम बिड़ला, महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़णवीस, शिव सेना नेता प्रियंका चतुर्वेदी, हरसिमरत कौर सहति कई नेताओं ने सुषमा स्वराज को श्रद्धांजलि दी है।

End of Article