कैबिनेट, मंत्रिपरिषद के सदस्यों के साथ आज PM मोदी की बैठक, टास्क-परफॉर्मेंस पर हो सकती है बात

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jul 8, 2021, 08:18 AM IST

PM Modi Cabinet reshuffle : साल 2019 में सत्ता में आने के बाद मोदी सरकार के मंत्रिमंडल का यह दूसरा विस्तार है।  पीएम ने इस बार युवा चेहरों को बड़ी जिम्मेदारी दी है।

कैबिनेट, मंत्रिपरिषद के सदस्यों के साथ आज PM मोदी की बैठक, टास्क-परफॉर्मेंस पर हो सकती है बात
Photo Credit: PTI

नई दिल्ली : अपने मंत्रिमंडल में बुधवार को भारी फेरबदल एवं विस्तार करने के एक दिन बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज अपनी कैबिनेट एवं मंत्रिपरिषद के सदस्यों के साथ बैठकें कर सकते हैं। जानकारी के अनुसार नए एवं पुराने मंत्रियों के साथ प्रधानमंत्री की बैठकें एक के बाद एक रखी गई हैं। पीएम शाम पांच बजे अपनी कैबिनेट के मंत्रियों और शाम सात बजे मंत्रिपरिषद के सदस्यों के साथ बैठक करने वाले हैं। समझा जाता है कि प्रधानमंत्री इन बैठकों के जरिए अपनी सरकार के कामकाज की दिशा एवं लक्ष्यों के बारे में उन्हें अवगत कराएंगे। 

मंत्रपरिषद के सदस्यों के साथ पिछले महीने की थी चर्चा 
देश में कोरोना के हालात पर चर्चा के लिए प्रधानमंत्री ने पिछले महीने मंत्रिपरिषद के सदस्यों के साथ बैठक की थी। इस बैठक में पीएम ने मंत्रियों से कहा कि वे देश में ऐसा माहौल बनाएं जिससे लोग कोविड उचित व्यवहार का पालन करें और टीकाकरण अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें। समझा जाता है कि आज की बैठक में वे नेता भी शामिल हो सकते हैं जिन्होंने कैबिनेट में फेरबदल से पहले इस्तीफा दिया। पीएम की कैबिनेट में नए चेहरे शामिल हुए हैं जबकि कई मंत्रियों के विभागों में बदलाव हुए हैं। 

सत्ता में आने के बाद मंत्रिमंडल में यह दूसरा विस्तार
साल 2019 में सत्ता में आने के बाद मोदी सरकार के मंत्रिमंडल का यह दूसरा विस्तार है।  पीएम ने इस बार युवा चेहरों को बड़ी जिम्मेदारी दी है। मनसुख मांडविया को स्वास्थ्य मंत्रालय, किरन रिजिजू को कानून मंत्रालय, धर्मेंद्र प्रधान को शिक्षा मंत्रालय, ज्योतिरादित्य सिंधिया को केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्रालय, अनुराग ठाकुर को खेल मंत्रालय देकर पीएम ने यह स्पष्ट कर दिया है कि उन्हें युवा नेताओं से ज्यादा उम्मीदें हैं। अब इन युवा चेहरों पर अच्छा प्रदर्शन करने की जिम्मेदारी होगी। 

15 कैबिनेट, 28 राज्य मंत्रियों ने शपथ ली
राष्ट्रपति भवन के दरबार हाल में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने कैबिनेट मंत्रियों एवं नए मंत्रियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। कैबिनेट मंत्री के रूप में 15 मंत्रियों एवं 28 राज्य मंत्रियों को शपथ दिलाई गई। कैबिनेट विस्तार में चुनावी राज्यों पर ज्यादा फोकस दिखा है। उत्तर प्रदेश से सर्वाधिक 7 मंत्रियों ने राज्य मंत्री के रूप में शपथ ली है। यूपी में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं। इसके अलावा कर्नाटक से चार राज्य मंत्रियों ने शपथ ली। 

मंत्रिमंडल में महिला मंत्रियों की संख्या बढ़ी
कैबिनेट फेरबदल में कई मंत्रियों की जिम्मेदारियां कम हुई हैं। स्मृति ईरानी का कपड़ा मंत्रालय पीयूष गोयल को दिया गया है। ईराना के पास  महिला एवं बाल विकास मंत्रालय रहेगा। मोदी सरकार ने इस बार अपने सात मंत्रियों का प्रमोशन कर उन्हें कैबिनेट मंत्री बनाया है। इस बार पीएम मोदी के मंत्रिमंडल में महिला मंत्रियों की संख्या बढ़ी है। अब पीएम मोदी की कैबिनेट एवं मंत्रिपरिषद में महिला मंत्रियों की संख्या 11 हो गई है, पहले यह संख्या पांच थी।  

End of Article