Karbi Council polls : कार्बी आंगलोंग में BJP की ऐतिहासिक जीत, PM मोदी ने लोगों का आभार जताया

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jun 13, 2022, 07:51 AM IST

Karbi Council polls Result : केएएसी के चुनाव में भाजपा ने सभी 26 सीटें जीती हैं। इस प्रचंड जीच पर राज्य के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने रविवार को कहा कि यह जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'सबका साथ सबका विश्वास' के विजन में जनता की आस्था को दर्शाती है।

Karbi Council polls : कार्बी आंगलोंग में BJP की ऐतिहासिक जीत, PM मोदी ने लोगों का आभार जताया
Photo Credit: ANI

Karbi Council polls Result : असम की कार्बी आंगलोंग स्वायत्त परिषद चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। इस जीत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने असम की जनता को धन्यवाद करते हुए पार्टी के कार्यकर्ताओं को बधाई दी है। प्रधानमंत्री ने अपने एक ट्वीट में कहा कि कार्बी आंगलोंग के नतीजे ऐतिहासिक हैं। उन्होंने कहा, 'भाजपा में लगातार भरोसा जताने के लिए वह लोगों को धन्यवाद देते हैं।' पीएम ने कहा कि भाजपा असम की प्रगति के लिए काम करती रहेगी। इस चुनाव में भाजपा कार्यकर्ताओं ने जो परिश्रम किया है वह शानदार है। 

सभी 26 सीटों पर विजयी हुई भाजपा
बता दें कि केएएसी के चुनाव में भाजपा ने सभी 26 सीटें जीती हैं। इस प्रचंड जीच पर राज्य के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने रविवार को कहा कि यह जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'सबका साथ सबका विश्वास' के विजन में जनता की आस्था को दर्शाती है। इस ऐतिहासिक जीत पर मुख्यमंत्री ने कई ट्वीट किए। 

सीएम ने कहा-सरकार पर पहले से ज्यादा जिम्मेदारियां आईं
उन्होंने कहा, 'केएएसी चुनाव में लगातार दूसरी बार भाजपा को ऐतिहासिक जीत दिलाने के लिए मैं कार्बी आंगलोंग की जनता के सामने अपना सिर झुकाता हूं। शहरी निकाय एवं जीएमसी चुनाव में जीत हासिल करने के बाद यह विजय पीएम मोदी के 'सबका साथ सबका विश्वास' विजन में लोगों के भरोसे को दर्शाता है।' मुख्यमंत्री ने कहा कि इस ऐतिहासिक विजय के बाद भाजपा सरकार पर पहले से ज्यादा जिम्मेदारियां आ गई हैं।  

बुधवार को हुआ मतदान, 78 फीसदी वोट 
बुधवार को कार्बी आंगलोंग स्वायत्त परिषद के लिए मतदान हुआ था और 78 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था। पिछले साल सितंबर में कार्बी आंगलोंग जिले में सक्रिय पांच उग्रवादी संगठनों से हुए शांति समझौते के बाद कार्बी आंगलोंग स्वायत्त परिषद के लिए पहली बार चुनाव कराए गए हैं। इन पर्वतीय जिलों में उग्रवादियों के साथ यह तीसरा समझौता है। इससे पूर्व वर्ष 1995 और 2011 में समझौते हुए थे।

पिछले साल हुआ कार्बी आंगलोंग समझौता
पिछले साल हुए ‘कार्बी आंगलोंग समझौते’ के तहत करीब एक हजार उग्रवादियों ने आत्मसमर्पण किया और सरकार ने कार्बी इलाके के लिए एक हजार करोड़ रुपये के ‘विशेष विकास पैकेज’की घोषणा की थी। कार्बी आंगलोंग स्वायत्त परिषद के चुनाव के साथ ही बुधवार को बोडोलैंड क्षेत्रीय परिषद के लिए बक्सा जिले की कोलाबाड़ी सीट पर उपचुनाव कराया गया था और मतगणना रविवार को हुई। इस सीट पर यूपीपीएल पार्टी के मंटू बारो को जीत मिली है।

End of Article