मुंबई से आ रहीं 36 ट्रेनें और हमें पता ही नहीं, PM और गृह मंत्री मामले में दखल दें : ममता बनर्जी

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated May 27, 2020, 05:11 PM IST

Mamata Banerjee on special trains: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बुधवार को कहा कि राज्य चक्रवाती तूफान अम्फान से तबाह है और रेलवे रोजाना श्रमिक ट्रेनें भेज रहा है।

मुंबई से आ रहीं 36 ट्रेनें और हमें पता ही नहीं, PM और गृह मंत्री मामले में दखल दें : ममता बनर्जी

कोलकाता : प्रवासी मजदूरों के लिए रेलवे की तरफ से चलाई जा रहीं श्रमिक ट्रेनों को लेकर राज्यों ओर केंद्र सरकार के बीच समन्वय न होने की बात सामने आई है। अब पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने इस बात की शिकायत की है। ममता ने बुधवार को कहा कि मुंबई से 36 ट्रेनें कोलकाता आ रही हैं लेकिन उनकी सरकार को इस बात की जानकारी नहीं है। मुख्यमंत्री ने इस मामले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह से दखल देने की मांग की है। ममता ने कहा कि पश्चिम बंगाल चक्रवाती तूफान अम्फान से तबाह है और रेलवे रोजाना श्रमिक ट्रेनें भेज रहा है।

'बिना सूचना दिए ट्रेनें भेज रहा रेलवे'
मुख्यमंत्री ने कहा कि मुंबई से 36 ट्रेनें आ रही हैं और हमें पता ही नहीं है। मैंने महाराष्ट्र सरकार से बात की है। उन्हें भी जानकारी देरी से हुई। कहां और कब ट्रेनें भेजनी हैं रेलवे इसका खुद फैसला कर रहा है। ममता ने आगे कहा, 'मैं प्रधानमंत्री और गृह मंत्री से अनुरोध करती हूं कि वे श्रमिक ट्रेनें मामले को देखें। यह जरूरी है कि राज्य में कोविड-19 के केस न बढ़ें।' मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) राजनीतिक रूप से मुझे परेशान कर ले वह बात ठीक है लेकिन वह राज्य को नुकसान न पहुंचाए।

ममता ने कहा-इससे कोविड-19 के केस बढ़ेंगे
उन्होंने कहा, 'चक्रवाती तूफान अम्फान ने राज्य को भारी क्षति पहुंचाई है। राज्य को उसके प्रभाव से उबरने में अभी समय लगेगा। राज्य की मशीनरी अभी चक्रवात के प्रभावों से निपटने में जुटी है ऐसे समय में रेलवे रोजाना श्रमिक ट्रेनें भेज रहा है। इससे कोविड-19 के मामलों में वृद्धि होगी।' बता दें कि गत बुधवार को राज्य में चक्रवाती तूफान से पश्चिम बंगाल में भारी क्षति पहुंची। इसकी चपेट में आने से करीब 80 लोगों की मौत हुई। भारी बारिश और तूफान के चलते पेड़, कच्चे मकान, बिजली के खंभे और मोबाइल टावर गिर गए। 

पीएम ने किया तूफान प्रभावित इलाकों का दौरा
तूफान के अगले दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल पहुंचे और तूफान प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वे किया। इसके बाद उन्होंने राज्य के लिए 1000 करोड़ रुपए के आर्थिक पैकेज की घोषणा की जबकि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि उन्होंने अपने जीवन में इतना भीषण तूफान कभी नहीं देखा। उन्होंने बताया कि चक्रवाती तूफान से राज्य को एक लाख करोड़ रुपए का नुकसान हुआ है।

End of Article