Jammu Kashmir: बांदीपोरा में बड़ा आतंकी हमला टला; सेना और पुलिस ने किया 10 किलो IED डिफ्यूज

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jan 15, 2022, 10:11 PM IST

जम्मू- कश्मीर में आज एक बड़ी आतंकी वारदात को सुरक्षाबलों ने टाल दिया। बांदीपोरा में पुलिस औऱ सेना ने 10 किलो आईईडी बरामद कर उसे निष्क्रिय कर दिया।

Jammu Kashmir: बांदीपोरा में बड़ा आतंकी हमला टला; सेना और पुलिस ने किया 10 किलो IED डिफ्यूज

श्रीनगर:  जम्मू कश्मीर के बांदीपोरा इलाके में शनिवार को बड़ी मात्रा में आईईडी मिलने से हड़कंप मच गया। पुलिस औऱ सेना के एक संयुक्त तलाशी अभियान के दौरान करीब 10 किलो आईईडी बरामद हुआ जिसके बाद उसे डिफ्यूज कर दिया गया और और एक बड़ी आतंकी वारदात को टाल दिया गया। स्थानीय पुलिस ने इस संबंध में एक बयान जारी करते हुए कहा, 'पुलिस और आर्मी की एक संयुक्त टीम ने आज उत्तरी कश्मीर के बांदीपोरा में एक आईईडी का पता लगाया है। बम निरोधक दस्ते ने मौके पर पहुंचकर उसे डिफ्यूज कर दिया।'

बड़ा हादसा होने से टला

बांदीपोरा पुलिस ने कहा, 'जम्मू-कश्मीर के बांदीपोरा जिले में शनिवार को एक इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) का पता चला और उसे निष्क्रिय कर दिया गया।  बांदीपोरा के बाग इलाके में आज पुलिस और 14 राष्ट्रीय राइफल्स ने 10 किलोग्राम आईईडी का पता लगाया। सेना के बम निरोधक दस्ते को बुलाया गया और आईईडी को निष्क्रिय कर दिया गया।' इस तरह एक बड़ा हादसा होते होते टल गया। इस दौरान किसी तरह के जानमाल का नुकसान नहीं हुआ।

आतंकियों के सहयोगी गिरफ्तार

आज ही बांदीपोरा और सोपोर इलाकों से इस हफ्ते लश्कर-ए-तैयबा आतंकवादियों के छह सहयोगियों को गिरफ्तार किया गया और उनके पास से हथियार और गोला-बारूद बरामद हुआ है।  पुलिस के एक प्रवक्ता ने कहा कि इनमें से तीन को मंगलवार को उत्तरी कश्मीर के बारामूला जिले के सोपोर के बोमई इलाके में एक जांच चौकी पर गिरफ्तार किया गया। तीनों आरोपियों की पहचान हरवन सोपोर निवासी अराफात मजीद डार, आरामपोरा सोपोर निवासी तौसीफ अहमद डार व मोमिन नजीर खान के रूप में हुई है।

End of Article