नई दिल्ली: महाराष्ट्र (Maharashtra) के अमरावती (Amaravati) में निर्दलीय सांसद नवनीत राणा (Navneet Rana) और उनके विधायक पति रवि राणा (Ravi Rana) के खिलाफ बिना अनुमति के रैली निकलने की वजह से FIR दर्ज की गई है। जानकारी के अनुसार राणा दम्पत्ति ने शनिवार को अमरावती में हनुमान चालीसा का पाठ किया था पर रैली निकलने के लिए उनको अनुमति नहीं मिली थी।
इससे पहले राणा दंपती को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के मुंबई स्थित निजी आवास 'मातोश्री' के सामने हनुमान चालीसा का पाठ करने की घोषणा करने के बाद 23 अप्रैल को गिरफ्तार किया गया था। उन्हें मुंबई की एक विशेष अदालत ने चार मई को इस मामले में जमानत दे दी।
अमरावती से लोकसभा सदस्य नवनीत राणा और बडनेरा से विधायक उनके पति रवि राणा का 36 दिन बाद यहां लौटने पर शनिवार रात उनके समर्थकों ने भव्य स्वागत किया।
'स्वागत जुलूस से कई जगहों पर यातायात अवरुद्ध हुआ'
स्थानीय पुलिस अधिकारियों ने बताया कि स्वागत जुलूस से कई जगहों पर यातायात अवरुद्ध हुआ, वहीं दंपती ने रात 10 बजे के बाद आरती की, जिसमें लाउडस्पीकर का इस्तेमाल किया गया।अमरावती की पुलिस आयुक्त आरती सिंह ने कहा कि राणा दंपती पर राजापेठ थाना पुलिस ने भादंसं, महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम और पर्यावरण संरक्षण अधिनियम के संबंधित प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया है।
'75 प्रतिशत उद्योग महा विकास आघाडी की सरकार के शासनकाल में बंद हो गए'
इस बीच, एक समाचार चैनल से बातचीत करते हुए रवि राणा ने कहा कि उन्होंने और उनकी पत्नी ने शनिवार को नागपुर व अमरावती में समर्थकों द्वारा आयोजित कार्यक्रमों में किसी नियम का उल्लंघन नहीं किया है।उन्होंने मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे पर हमला करते हुए कहा कि देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार के दौरान विदर्भ में स्थापित 75 प्रतिशत उद्योग महा विकास आघाडी की सरकार के शासनकाल में बंद हो गए हैं।

