Tajinder Pal Bagga arrest: कुमार विश्वास ने भगवंत मान पर कसा तंज, ताज तुम्हें मिला है ना कि किसी बौने दुर्योधन को

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated May 6, 2022, 12:35 PM IST

बीजेपी नेता तजिंदर पाल सिंह बग्गा की पंजाब पुलिस द्वारा गिरफ्तारी पर कुमार विश्वास ने अपने ही अंदाज में पंजाब के सीएम भगवंत मान पर तंज कसा है।

Tajinder Pal Bagga arrest: कुमार विश्वास ने भगवंत मान पर कसा तंज, ताज तुम्हें मिला है ना कि किसी बौने दुर्योधन को

दिल्ली बीजेपी के फायर ब्रांड नेता तजिंदर पाल सिंह बग्गा पंजाब पुलिस की कस्टडी में हैं। शुक्रवार की सुबह सुबह पंजाब पुलिस के करीब 10 से 15 सिपाही उनके घर पहुंचे और उन्हें गिरफ्तार किया। बग्गा के पिता ने बदसलूकी का आरोप भी लगाया है। इन सबके बीच पंजाब पुलिस को हरियाणा पुलिस ने कुरुक्षेत्र में रोक लिया है और इसके साथ ही दिल्ली पुलिस ने पंजाब पुलिस की टीम पर अपहरण का केस दर्ज किया है। इन सबके बीच विख्यात कवि और आप के संस्थापक सदस्यों में से एक कुमार विश्वास ने भगवंत मान सरकार पर तंज कसा है। 

कुमार विश्वास ने क्या कहा
प्रिय छोटे भाई. ख़ुद्दार पंजाब ने 300साल में, दिल्ली के किसी असुरक्षित तानाशाह को अपनी ताक़त से कभी नहीं खेलने दिया।पंजाब ने तुम्हारी पगड़ी को ताज सौंपा है किसी बौने दुर्योधन को नहीं। पंजाब के लोगों के टैक्स के पैसों व उनकी पुलिस का अपमान मत करो पगड़ी सम्भाल जट्टा।

आप पर बीजेपी हमलावर
बीजेपी नेता कपिल मिश्रा ने ट्वीट के जरिए आप पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि आप की पुलिस, जेल, तानाशाही हमें ना चुप करा सकती, ना डरा सकती। सुबह से आप कार्यकर्ताओं की ऐसी धमकियों से पता चलता है कि पंजाब पुलिस का इस्तेमाल अब केजरीवाल के विरोधियों को चुप कराने में किया जाएगा।

कुमार विश्वास के घर भी आई थी पंजाब पुलिस
बता दें कि हाल ही में कुमार विश्वास ने ट्ववीट कर जानकारी दी थी कि पंजाब पुलिस सुबह सुबह उनके घर पधारी थी। पंजाब पुलिस के आगमन पर तंज कसते हुए उन्होंने पूछा था कि पंजाब के सीएम दिल्ली के इशारे पर कब तक इस तरह का काम करेंगे। बता दें कि चुनाव से ठीक पहले विश्वास ने केजरीवाल के आंतकी शख्स के कनेक्शन के बारे में जनता को जानकारी दी थी। 

End of Article