देश

तमिलनाडु: 13 साल बाद बढ़ा ऑटो किराया, अब पहले 1.8 किमी के लिए चुकाने होंगे 50 रुपये

सरकार द्वारा तय की गई नई दरों के अनुसार, शुरुआती 1.8 किलोमीटर के लिए न्यूनतम किराया 50 रुपये तय किया गया है जो पहले 25 रुपये था।

Image

तमिलनाडु में ऑटो किराया बढ़ा (File photo)

Photo : ANI

Tamil Nadu News: तमिलनाडु सरकार ने राज्य में ऑटो-रिक्शा के किराए में आधिकारिक तौर पर संशोधन कर दिया है। लंबे समय से चली आ रही मांग और बैठकों के बाद सरकार ने नई किराया दरों की घोषणा कर दी है। खास बात यह है कि राज्य में पूरे 13 साल बाद ऑटो किराए में आधिकारिक बढ़ोतरी की गई है (इससे पहले साल 2013 में दरें तय की गई थीं)।

कितना है नया किराया?

सरकार द्वारा तय की गई नई दरों के अनुसार, शुरुआती 1.8 किलोमीटर के लिए न्यूनतम किराया 50 रुपये तय किया गया है जो पहले 25 रुपये था। पहले 1.8 किमी के बाद हर अतिरिक्त किलोमीटर के लिए 25 रुपये का भुगतान करना होगा (जो पहले 12 रुपये प्रति किमी था)।

संशोधित नियमों के तहत विभिन्न परिस्थितियों के लिए निम्नलिखित शुल्क तय किए गए हैं।

  • रात 10:00 बजे से सुबह 5:00 बजे के बीच यात्रा करने पर सामान्य किराए का 1.5 गुना (डेढ़ गुना) चार्ज लिया जाएगा।
  • यात्रा के दौरान प्रतीक्षा करने पर 1 रुपये प्रति मिनट की दर से शुल्क लगेगा।
  • पहाड़ी या घाट वाले क्षेत्रों के लिए न्यूनतम किराया बेस फेयर का 1.2 गुना (यानी 60 रुपये बेस फेयर और अतिरिक्त किमी के लिए 30 रुपये) तय किया गया है।

लंबे समय से थी मांग

ऑटो यूनियनों और चालकों लगातार बढ़ रही ईंधन की कीमतें (पेट्रोल/सीएनजी), वाहन रखरखाव और बढ़ती महंगाई का हवाला देते हुए किराया बढ़ाने की मांग कर रहे थे। इस साल उपभोक्ता संगठनों, ऑटो यूनियनों और परिवहन विभाग के अधिकारियों के बीच कई दौर की त्रिपक्षीय बैठकें और सार्वजनिक परामर्श आयोजित किए गए, जिसके बाद सरकार ने सभी पक्षों की दलीलों पर विचार करते हुए अंततः यह संतुलित ढांचा तैयार किया है।

हालांकि कानूनी रूप से पुराना किराया लागू था, लेकिन व्यावहारिक रूप से यात्री पहले से ही बढ़ी हुई दरों या मोलभाव के जरिए भुगतान कर रहे थे। इस नए संशोधन से यात्रियों और चालकों के बीच किराए को लेकर होने वाले विवादों में कमी आने की उम्मीद है।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article