Jharkhand: ईडी ने सीएम हेमंत सोरेन के विधायक प्रतिनिधि पंकज मिश्रा को किया अरेस्ट, मनी लॉन्ड्रिंग मामले में हुई गिरफ्तारी

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jul 19, 2022, 10:29 PM IST

Jharkhand: इससे पहले ईडी ने झारखंड के निलंबित खनन सचिव पूजा सिंघल को झारखंड में मनरेगा फंड के कथित गबन के मामले में गिरफ्तार किया था।

Jharkhand: ईडी ने सीएम हेमंत सोरेन के विधायक प्रतिनिधि पंकज मिश्रा को किया अरेस्ट, मनी लॉन्ड्रिंग मामले में हुई गिरफ्तारी
Photo Credit: ANI

Jharkhand: प्रवर्तन निदेशालय ने मंगलवार को झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के एक करीबी को कथित अवैध खनन से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गिरफ्तार किया है। पंकज मिश्रा सीएम हेमंत सोरेन के विधायक प्रतिनिधि हैं। गिरफ्तारी के बाद पंकज मिश्रा को स्पेशल पीएमएलए कोर्ट ले जाया गया। इससे पहले ईडी ने शुक्रवार को इसी मामले के सिलसिले में कई स्थानों पर छापेमारी की थी। कथित टेंडर घोटाले के सिलसिले में साहिबगंज, बरहेट और राजमहल समेत करीब 18 जगहों पर छापेमारी की गई। ये छापेमारी प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (पीएमएलए) की धाराओं के तहत की गई थी।

ईडी ने सीएम के विधायक प्रतिनिधि पंकज मिश्रा को किया अरेस्ट

छापेमारी के बाद ईडी ने पाया कि उसने पंकज मिश्रा के बैंक खातों में रखी 11.88 करोड़ रुपए की नकदी जब्त की है. एजेंसी ने एक बयान में कहा कि पंकज मिश्रा, दाहू यादव और उनके सहयोगियों के 37 बैंक खातों में 11.88 करोड़ रुपए की नकदी अवैध खनन मामले में धन शोधन निवारण अधिनियम के तहत जब्त की गई है।

मनी लॉन्ड्रिंग मामले में हुई गिरफ्तारी

बयान में आगे कहा गया है कि अलग-अलग व्यक्तियों के बयान, डिजिटल सबूत और दस्तावेजों समेत जांच के दौरान एकत्र किए गए सबूतों से पता चला है कि जब्त की गई नकदी/बैंक बैलेंस साहिबगंज क्षेत्र समेत वन क्षेत्र में बड़े पैमाने पर किए जा रहे अवैध खनन से प्राप्त हुई है।

इससे पहले ईडी ने झारखंड के निलंबित खनन सचिव पूजा सिंघल को झारखंड में मनरेगा फंड के कथित गबन के मामले में गिरफ्तार किया था। सिंघल को ईडी द्वारा 18 से अधिक स्थानों, रांची, चंडीगढ़, नोएडा, मुंबई, कोलकाता, मुजफ्फरपुर, सहरसा और एनसीआर के कई हिस्सों में छापेमारी के बाद गिरफ्तार किया गया था।
 

End of Article