Jammu-Kashmir: श्रीनगर में मुठभेड़ में मारा गया लश्कर-ए-तैयबा का आतंकवादी, 2 पुलिसकर्मियों की हत्या में था शामिल

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jun 12, 2022, 07:40 PM IST

Adil Parray: कश्मीर के श्रीनगर जिले में जारी मुठभेड़ में लश्कर-ए-तैयबा का आतंकवादी आदिल पर्रे मारा गया है। इस साल अब तक कुल 100 आतंकवादी मारे जा चुके हैं

Jammu-Kashmir: श्रीनगर में मुठभेड़ में मारा गया लश्कर-ए-तैयबा का आतंकवादी, 2 पुलिसकर्मियों की हत्या में था शामिल

जम्मू-कश्मीर पुलिस के जवानों की हत्या में शामिल लश्कर-ए-तैयबा का एक आतंकवादी रविवार को श्रीनगर में पुलिस की एक छोटी टीम के साथ मुठभेड़ में ढेर हो गया। मारे गए आतंकवादी की पहचान गांदरबल के आदिल पर्रे के रूप में हुई है। आईजीपी कश्मीर विजय कुमार ने कहा कि वह संगम में जम्मू-कश्मीर पुलिस के 2 कर्मियों हसन डार और अंचार सौरा में सैफुल्ला कादरी की हत्या और नौ साल की बच्ची को घायल करने में शामिल था।

इससे पहले पुलवामा जिले में सुरक्षाबलों के साथ रातभर चली मुठभेड़ में लश्कर-ए-तैयबा के तीन आतंकवादी मारे गए। इसी के साथ इस साल अब तक घाटी में मारे गए आतंकवादियों की संख्या बढ़कर 100 हो गई है। तीनों की पहचान पुलवामा के गडूरा निवासी जुनैद अहमद शीरगोजरी, पुलवामा के द्रबगाम निवासी नजीर भट और पुलवामा के अराबल निकास निवासी इरफान अहमद मलिक के रूप में हुई है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, ये तीनों आतंकवादी पुलिस एवं सुरक्षाबलों पर हमले, आम लोगों के उत्पीड़न समेत कई आतंकी गुनाहों में शामिल समूहों का हिस्सा थे। 

शीरगोजरी अपने साथी एवं पुलवामा के मोंघामा निवासी आबिद हुसैन के साथ 13 मई को पुलिसकर्मी रियाज अहमद की हत्या करने में शामिल था। आबिद हुसैन 30 मई को मारा गया था।
 

End of Article